×

Rajya Sabha Election: भाजपा ने तैयार किया 35 नामों का पैनल, कवि कुमार विश्वास और सुधांशु त्रिवेदी का नाम भी शामिल

Rajya Sabha Election: भाजपा की ओर से तैयार किए गए पैनल में प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही पार्टी के तेजतर्रार नेता सुधांशु त्रिवेदी को दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए उनका नाम भी पैनल में शामिल किया गया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 6 Feb 2024 8:05 AM GMT (Updated on: 6 Feb 2024 8:08 AM GMT)
Kumar Vishwas,  Sudhanshu Trivedi
X

Kumar Vishwas, Sudhanshu Trivedi  (photo: social media )

Rajya Sabha Election: उत्तर प्रदेश में खाली हो रही राज्यसभा सीटों के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटें खाली हो रही हैं जिनमें से 7 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है। इन सात सीटों के लिए उत्तर प्रदेश भाजपा की ओर से 35 नामों का पैनल तैयार किया गया है। जानकार सूत्रों का कहना है कि प्रदेश भाजपा की ओर से तैयार किए गए पैनल में प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही पार्टी के तेजतर्रार नेता सुधांशु त्रिवेदी को दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए उनका नाम भी पैनल में शामिल किया गया है।

योगी के आवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक

राज्यसभा के लिए प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार करने के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने वाले नामों पर गहराई से मंथन किया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने व्यापक मंथन के बाद प्रदेश की सात सीटों के लिए 35 नामों का पैनल तैयार किया है। पैनल में सुधांशु त्रिवेदी का नाम भी शामिल है। सुधांशु त्रिवेदी को पिछली बार उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजा गया था मगर अब उनका कार्यकाल समाप्त होने वाला है।

पैनल में कुमार विश्वास का भी नाम

सुधांशु त्रिवेदी के अलावा प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास का नाम भी पैनल में शामिल बताया जा रहा है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से इस बात की पुष्टि नहीं की गई है। विधानपरिषद चुनाव के दौरान भी कुमार विश्वास के नाम की चर्चा हुई थी मगर उस समय कुमार विश्वास ने विधान परिषद जाने से मना कर दिया था। अब राज्यसभा चुनाव को लेकर उनका नाम एक बार फिर चर्चाओं में है।

वैसे सियासी गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि कुमार विश्वास को पार्टी की ओर से गाजियाबाद लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है। अब ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व कुमार विश्वास को राज्यसभा चुनाव में टिकट देता है या उन्हें लोकसभा चुनाव लड़ाया जाता है।

केंद्रीय नेतृत्व लगाएगा अंतिम मुहर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर हुई इस बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा के सभी महत्वपूर्ण नेता मौजूद थे। इन नेताओं में प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह शामिल हैं। प्रदेश भाजपा की ओर से तैयार किए गए पैनल के नामों को अब पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा। केंद्रीय नेतृत्व ही इन नामों पर आखिरी फैसला लेगा।

यूपी में खाली हो रही हैं 10 सीटें

उत्तर प्रदेश में इस बार राज्यसभा की 10 सीटें खाली हो रही हैं। इनमें से सात सीटें भाजपा के खाते की हैं जबकि तीन सीटें समाजवादी पार्टी के खाते की मानी जा रहे हैं। 7 सीटों पर भाजपा और दो सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत तय मानी जा रही है। तीसरी सीट भी सपा को मिल सकती है। वैसे 7 सीटों के बाद भाजपा की ओर से आठवीं सीट पर भी उम्मीदवार उतारा जा सकता है और ऐसी स्थिति में दिलचस्प लड़ाई दिख सकती है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story