Gandhi Peace Prize: 'कांग्रेस में अब 'माओवादी मानसिकता' के लोग, राहुल को दे रहे सलाह', गीता प्रेस विवाद पर BJP का पलटवार

Gita Press Gandhi peace prize Controversy: गीता प्रेस, गोरखपुर को दिए जाने वाले गांधी शांति पुरस्कार 2021 की आलोचना पर बीजेपी ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'कांग्रेस में अब माओवादी मानसिकता वाले लोग हैं। वे राहुल गांधी के भी सलाहकार हैं।'

Aman Kumar Singh
Published on: 19 Jun 2023 10:06 AM GMT (Updated on: 19 Jun 2023 10:19 AM GMT)
Gandhi Peace Prize: कांग्रेस में अब माओवादी मानसिकता के लोग, राहुल को दे रहे सलाह, गीता प्रेस विवाद पर BJP का पलटवार
X
रविशंकर प्रसाद और राहुल गांधी (Social Media)

Gita Press Gandhi Peace Prize Controversy: गीता प्रेस, गोरखपुर (Geeta Press, Gorakhpur) को 2021 के लिए गांधी शांति पुरस्कार मिलने से कांग्रेस पार्टी को एतराज है। कांग्रेस ने खुलकर नाराजगी जाहिर की। कांग्रेस ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के इस कदम की तुलना 'उपद्रव' से की है। लेकिन, अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस के बयान पर पलटवार किया है।

कांग्रेस द्वारा गीता प्रेस को दिए जाने वाले गांधी शांति पुरस्कार 2021 (Gandhi Peace Prize) की आलोचना किए जाने पर बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद (BJP MP Ravi Shankar Prasad) ने कहा, 'मैं भारी मन से कहना चाहता हूं कि देश पर लंबे समय तक शासन करने वाली पार्टी में अब 'माओवादी मानसिकता' वाले लोग हैं। ऐसे लोग राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के भी सलाहकार हैं। इसका पूरे देश को विरोध करना चाहिए।'

'कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में रोड़े अटकाए'

बीजेपी की तरफ से पलटवार करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'कांग्रेस से क्या उम्मीद की जा सकती है। जिसने राम मंदिर (Ram Mandir, Ayodhya) निर्माण की राह में रोड़े अटकाए? जो तीन तलाक का विरोध करती है। उस पार्टी की गीता प्रेस को गांधी शांति पुरस्कार पर उनकी टिप्पणी से ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है? हम इसकी निंदा करते हैं। उन्होंने आगे कहा, मैं भारी मन से कहना चाहता हूं कि देश पर शासन करने वाली पार्टी में अब 'माओवादी मानसिकता' वाले लोग हैं। वे राहुल गांधी के भी सलाहकार हैं। इसका पूरे देश को विरोध करना चाहिए।'

हिमंता बिस्वा- कर्नाटक जीत से घमंड में कांग्रेस

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (CM Himanta Biswa Sarma) ने भी कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। असम के मुख्यमंत्री ने कहा, 'कर्नाटक में जीत के साथ कांग्रेस ने अब खुले तौर पर भारत के सभ्यतागत मूल्यों तथा समृद्ध विरासत के खिलाफ युद्ध शुरू कर दिया है। चाहे वो 'धर्मांतरण' (Conversion) विरोधी कानून रद्द करने का मामला हो या गीता प्रेस के खिलाफ आलोचना के रूप में हो।' हिमंता बिस्वा ने ये भी कहा कि, कर्नाटक में मिली चुनावी जीत के घमंड में चूर कांग्रेस अब 'भारतीय संस्कृति' पर खुलकर हमले कर रही है।'

क्या कहा था कांग्रेस ने?

दरअसल, गीता प्रेस को गांधी शांति पुरस्कार 2021 दिए जाने की घोषणा के बाद कांग्रेस महासचिव नेता जयराम रमेश ने कहा कि, 'गीता प्रेस को गांधी शांति पुरस्कार 2021 देना 'सावरकर और गोडसे को पुरस्कृत करने' जैसा है। ये फैसला एक उपहास (मजाक) की तरह है। यहां आपको जानकारी दे दें तो केंद्र सरकार ने गांधीवादी तरीकों के जरिये सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गीता प्रेस, गोरखपुर को सम्मानित किया है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story