×

BJP Attack On Congress: पूर्वोत्तर में कांग्रेस की हार पर भाजपा हमलावर, अमित शाह और सिंधिया ने राहुल गांधी पर कसा तंज

BJP Attack On Congress: पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर करारा तंज कसा है। भाजपा को एक बार फिर राहुल गांधी को घेरने का मौका मिला है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 3 March 2023 12:49 PM GMT (Updated on: 3 March 2023 12:50 PM GMT)
BJP attacker, Amit Shah and Scindia taunt Rahul Gandhi over Congresss defeat in Northeast
X

पूर्वोत्तर में कांग्रेस की हार पर भाजपा हमलावर, अमित शाह और सिंधिया ने राहुल गांधी पर कसा तंज: Photo Social Media

BJP Attack On Congress: पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन ने भाजपा को एक बार फिर राहुल गांधी को घेरने का बड़ा मौका दे दिया है। नागालैंड में कांग्रेस का खाता नहीं खुल सका है जबकि त्रिपुरा में पार्टी तीन और मेघालय में पांच सीटें जीतने में कामयाब हुई है। कांग्रेस के खराब प्रदर्शन को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने करारा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस का ग्राफ दिन-प्रतिदिन गिरता जा रहा है और हालत यह हो गई है की दूरबीन लेकर भी कांग्रेस नहीं दिख रही है।

केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कांग्रेस के खराब प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस बुरी हार के लिए और कोई नहीं बल्कि सिर्फ राहुल गांधी जिम्मेदार हैं। 2023 के अंत में मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने यहां तक कह डाला कि हो सकता है कि तब तक कांग्रेस पार्टी ही न बचे।

दूरबीन लेकर भी नहीं दिख रही कांग्रेस

गृह मंत्री अमित शाह ने आज कर्नाटक के बीदर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के चुनावी नतीजे सबके सामने हैं और पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में लोगों ने कांग्रेस को ठुकरा दिया है। कांग्रेस की हालत यह हो गई है कि आज दूरबीन लेकर भी कांग्रेस के लोग नहीं दिख रहे हैं। कांग्रेस के पास अब विजय का कोई सूत्र नहीं बचा है और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी दिन-प्रतिदिन कमजोर होती जा रही है। गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग नारे लगा रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी और आप की ओर से कहा जा रहा है कि मर जा मोदी, मर जा मोदी।

उन्होंने कहा कि ईश्वर ऐसे लोगों की आवाज सुनने वाला नहीं है क्योंकि मोदी जी के साथ देश के 130 करोड़ लोगों की प्रार्थनाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने जदएस और कांग्रेस को परिवारवादी पार्टियां बताते हुए कहा कि इन पार्टियों के जरिए कर्नाटक का कभी विकास नहीं होने वाला है।

वरिष्ठ नेताओं के अपमान का आरोप

उन्होंने कांग्रेस पर अपने वरिष्ठ नेताओं को अपमानित करने का बड़ा आरोप लगाते हुए निजलिंगप्पा और वीरेंद्र पाटिल से जुड़े प्रकरण का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी ने निजलिंगप्पा को अपमानित किया था जबकि राजीव गांधी ने एयरपोर्ट पर वीरेंद्र पाटिल का अपमान किया था। उन्होंने कहा कि अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का अपमान करने वाली कांग्रेस कर्नाटक का सम्मान कैसे करेगी। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया को घेरते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ एटीएम बनकर भ्रष्टाचार का पैसा दिल्ली में एक परिवार के लिए पहुंचाने का काम किया। ऐसे लोगों से कर्नाटक के विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती।

सिंधिया ने हार के लिए राहुल को जिम्मेदार बताया

दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को मिल रही लगातार हार के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस को पूरे देश की जनता ने ठुकरा दिया है। राहुल गांधी के नए लुक पर व्यंग करते हुए उन्होंने कहा कि मैं उनके नए लुक की कोई चर्चा नहीं करना चाहता। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के चुनाव परिणामों से साफ हो गया है कि देश की फिजां में उनकी सियासी हैसियत क्या रह गई है। सिंधिया ने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में निकली भारत जोड़ो यात्रा को किसी ने भी गंभीरता से नहीं लिया है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अपनी स्थिति का पता चल जाएगा। इसके रुझान अभी से ही मिलने शुरू हो गए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए यहां तक कह डाला कि वह सकता है कि तब तक कांग्रेस पार्टी ही न बचे। किसी जमाने में राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस को अब राहुल गांधी के नेतृत्व से कोई उम्मीद नहीं करनी चाहिए।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story