×

Lok Sabha Election 2024: BJP की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज, PM समेत 120 नामों पर लग सकती है मुहर

Lok Sabha Election 2024: भाजपा सूत्रों का कहना है कि आज अधिकांश उन सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं जिन सीटों पर 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था।

Anshuman Tiwari
Published on: 29 Feb 2024 5:50 AM GMT (Updated on: 29 Feb 2024 6:10 AM GMT)
Lok Sabha Election 2024
X

 BJP की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज (Social Media)

Lok Sabha Election 2024: भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की आज दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस बैठक में अगले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के 100 से 120 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई जा सकती है। भाजपा से जुड़े हुए सूत्रों का कहना है कि आज पार्टी की पहली सूची जारी होने की संभावना है और इसमें उत्तर प्रदेश की वाराणसी संसदीय सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट से गृह मंत्री अमित शाह के नाम का ऐलान किया जा सकता है।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा करेंगे। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समय तो अन्य महत्वपूर्ण नेता हिस्सा लेंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि आज अधिकांश उन सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं जिन सीटों पर 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। इसके साथ ही पार्टी कुछ चर्चित चेहरों को लेकर भी अपने पत्ते खोल सकती है।

हर सीट के लिए प्रत्याशियों का पैनल तैयार

अगले लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर पार्टी की प्रदेश इकाइयों और कोर कमेटी की ओर से पहले ही मेहनत की जा चुकी है। कोर कमेटी की ओर से हर सीट के लिए प्रत्याशियों का पैनल तैयार किया गया है और इसे पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजा जा चुका है। माना जा रहा है कि आज की बैठक के दौरान केंद्रीय चुनाव समिति पैनल में शामिल नामों पर चर्चा करेगी और उसके बाद किसी एक नाम को मंजूरी दी जाएगी।

महिला प्रत्याशियों पर होगा पार्टी का फोकस

पार्टी की ओर से इस बार महिला प्रत्याशियों पर खास फोकस किए जाने की संभावना है। संसद में नारी वंदन विधेयक पारित होने के बाद पार्टी की ओर से 33 फ़ीसदी सीटों पर महिला प्रत्याशियों को उतारा जा सकता है। बुधवार को पार्टी मुख्यालय में कोर कमेटी की बैठक के दौरान भी पार्टी प्रत्याशियों को लेकर मंथन किया गया था।

बैठक में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और स्मृति ईरानी समेत अन्य महिला उम्मीदवारों की सीटों को लेकर भी चर्चा की गई। 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने 53 महिलाओं को टिकट दिया था मगर इस बार पार्टी की ओर से 70 महिलाओं को चुनावी अखाड़े में उतारा जा सकता है।

पहली सूची में हो सकता है मोदी और शाह का नाम

पार्टी की कोर कमेटी की बैठक के दौरान महत्वपूर्ण नेताओं के नाम पर भी मंथन किया गया। भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी की पहली सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज उम्मीदवारों के नाम शामिल हो सकते हैं।

पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भी पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह का नाम पहली सूची में ही घोषित किया था। इन दिग्गज उम्मीदवारों के साथ 100 से 120 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का आज ऐलान किया जा सकता है।

केंद्रीय मंत्रियों को उतारने की तैयारी

कोर कमेटी की बैठक में यूपी, गुजरात, त्रिपुरा, राजस्थान, एमपी और उत्तराखंड के नामों पर काफी देर तक मंथन चला। पार्टी इस बार धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद यादव, मनसुख मंडाविया, राजीव चंद्रशेखर, पुरूषोत्तम रूपाला जैसे मंत्रियों को लोकसभा की सियासी जंग में उतारने की तैयारी में जुटी हुई है।

पार्टी के ये नेता अभी तक राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। भूपेंद्र यादव को हरियाणा की महेंद्रगढ़ सीट से, धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा से, मनसुख मंडाविया और पुरूषोत्तम रूपाला को गुजरात से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।

राजधानी दिल्ली में कटेंगे कुछ सांसदों के टिकट

दिल्ली भाजपा की ओर से राजधानी की सात सीटों के लिए प्रत्याशियों का पैनल तैयार किया जा चुका है। इस पैनल में 25 से अधिक नेताओं के नाम शामिल है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि इस पैनल में मौजूदा सांसद मीनाक्षी लेखी, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और भाजपा की दिवंगत नेता सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज का नाम शामिल है। पार्टी इस बार राजधानी दिल्ली के तीन-चार सांसदों के नाम काट सकती है जबकि तीन सीटों पर पुराने चेहरों पर ही दांव लगाया जा सकता है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story