×

Mission 2024: आधी आबादी को रिझाने के लिए भाजपा का बड़ा अभियान, 'कमल मित्र' के जरिए महिलाओं में पैठ बनाने की तैयारी

Mission 2024: देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा ने कमर कसनी शुरू कर दी है। विभिन्न राज्यों में भाजपा नेताओं ने सक्रियता बढ़ा दी है और अलग-अलग राज्यों के लिए अलग-अलग रणनीति पर अमल किया जा रहा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 12 March 2023 4:48 AM GMT
Lok Sabha elections 2024
X

BJP Lok Sabha elections 2024 (Photo: Social Media)

Mission 2024: देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा ने कमर कसनी शुरू कर दी है। विभिन्न राज्यों में भाजपा नेताओं ने सक्रियता बढ़ा दी है और अलग-अलग राज्यों के लिए अलग-अलग रणनीति पर अमल किया जा रहा है। महिला मतदाताओं को रिझाने के लिए पार्टी की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। आधी आबादी के बीच गहरी पैठ बनाने के लिए पार्टी की ओर से देशव्यापी स्तर पर कमल मित्र अभियान शुरू किए जाने की तैयारी है।

भाजपा महिला मोर्चा की देखरेख में शुरू किए जाने वाले इस अभियान से पहले महिला कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की तैयारी है। कमल मित्र महिला कार्यकर्ताओं को देश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों की महिलाओं के बीच मोदी सरकार की नीतियों और भाजपा के प्रचार की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि इससे पार्टी को लोकसभा चुनावों के दौरान बड़ा सियासी फायदा हो सकता है।

महिलाओं के समर्थन से ताकतवर बनी भाजपा

कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और लोकसभा चुनावों में भाजपा की जीत में महिला मतदाताओं के समर्थन की बड़ी भूमिका मानी जाती रही है। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में हाल में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली कामयाबी में भी महिला मतदाताओं का समर्थन काफी अहम माना गया था। पार्टी की जीत के बाद दिल्ली में कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस तथ्य को प्रमुखता से रेखांकित किया था।

यही कारण है कि पार्टी आगामी चुनावों में भी महिला मतदाताओं को रिझाने के लिए पूरी ताकत लगाने की तैयारी में जुटी है। महिला मतदाताओं का समर्थन हासिल करने के लिए पार्टी प्रशिक्षित महिलाओं को आधी आबादी के बीच भेजेगी। इस अभियान के जरिए मोदी सरकार की योजनाओं के प्रति महिलाओं में जागरूकता पैदा करने और उनका समर्थन हासिल करने की कोशिश की जाएगी। भाजपा की ओर से हर वर्ग की महिलाओं तक पहुंचे बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पहले महिलाओं को दी जाएगी ट्रेनिंग

भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए पार्टी की ओर से विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से इस सिलसिले में शनिवार को एक कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। इस कार्यशाला में विविध क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। इन विशेषज्ञों को ही भाजपा की कमल मित्र महिलाओं को ट्रेनिंग देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यशाला के दौरान महिला मोर्चा की मीडिया प्रभारी नीतू डबास की ओर से प्रेजेंटेशन भी किया गया जिसमें कमल मित्र अभियान के मकसद और इस पूरे अभियान की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी गई। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह भाजपा का बड़ा अभियान है और इसके तहत पहले पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा और उन्हें विभिन्न महिला वर्गों को प्रभावित करने के गुर सिखाए जाएंगे। पार्टी की ओर से हर लोकसभा क्षेत्र में एक लाख कमल मित्र तैयार करने का लक्ष्य तय किया गया है।

अप्रैल में होगी अभियान की शुरुआत

पार्टी की ओर से इस साल अप्रैल महीने के दौरान कमल मित्र अभियान शुरू करने की तैयारी है। पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनती श्रीनिवासन का कहना है कि इस अभियान के तहत जमीनी स्तर पर काम किया जाएगा। पार्टी की ओर से विभिन्न लाभार्थी वर्गों को केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही योजनाओं का लाभ उठाने में भी मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का यह महत्वाकांक्षी अभियान है और हमें उम्मीद है कि इसके जरिए हम देश की आधी आबादी तक पहुंच बनाने में कामयाब होंगे।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story