×

BJP National Convention: NDA को 400 पार कराने के लिए भाजपा को 370 का मील का पत्थर पार करना ही होगा, अधिवेशन में बोले पीएम मोदी

BJP National Convention: गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद एक बार फिर नरेंद्र मोदी ही देश के पीएम बनेंगे।

Jugul Kishor
Published on: 18 Feb 2024 6:28 AM GMT (Updated on: 18 Feb 2024 9:48 AM GMT)
X

BJP National Convention: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय जनता पार्टी का 17 फरवरी से राष्ट्रीय अधिवेशन चल रहा है। आज रविवार को अधिवेशन का दूसरा दिन है। अधिवेशन के दूसरे और अंतिम दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र संबोधित कर रहे है। अधिवेशन में पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदर किया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस से देश को, देश के हर नागरिकों को, हमारे युवाओं के भविष्य को बचाना भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। कांग्रेस अस्थिरता, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण की जननी है। आज भी ये लोग अस्थिरता पैदा करने के लिए नई-नई साजिशें कर रहे हैं। कांग्रेस के पास विकास का एजेंडा नहीं है। वे देश को भाषा, क्षेत्र के आधार पर बांटने में लगे हैं।

सबके लिए है मोदी की गारंटी

विपक्षी दल भले ही योजनाओं को पूरा करना ना जानते हो लेकिन झूठे वादे करने में इनका कोई जवाब नहीं रहा है। हमारा वादा है विकसित भारत का। इन लोगों ने स्वीकार कर लिया है कि ये लोग भारत को विकसित नहीं बना सकते, सिर्फ भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसने इसका सपना देखा है। हमने तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाने का संकल्प लिया है और यह मोदी की गारंटी है। युवा ऊर्जा से भरा हुआ भारत आज अपने लिए लक्ष्य कर रहा है और जो लक्ष्य तय करता है वह उसे प्राप्त भी करता है। हम 2029 में भारत में यूथ ओलम्पिक की तैयारी कर रहे हैं, 2036 में भारत ओलम्पिक खेलों की मेज़बानी करे इसके लिए काम कर रहे हैं।

हमने अपनी राजनीतिक व्यवस्था को नए और आधुनिक विचारों के लिए खुला रखा है। आजादी के बाद वर्षों तक जिन्होंने हमारे देश पर शासन किया उन्होंने एक व्यवस्था बना दी थी, उसमें कुछ बड़े परिवार के लोग ही सत्ता में रहे। अहम पदों पर परिवार के करीबियों को ही रखा गया। हमने इस व्यवस्था को बदला, हमने नए लोगों को भी मौका दिया। हमारी कैबिनेट में बड़ी संख्या में नॉर्थ ईस्ट के मंत्री हैं।

दशकों बाद लिए गए साहसिक फैसले

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा बीते 10 वर्ष साहसी फैसलों और दुर्गामी निर्णयों के नाम है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कर हमने 5 सदियों का इंतजार समाप्त किया है। 7 दशक बाद देश को अनुच्छेद 370 से मुक्ति मिली है। 4 दशक बाद वन रैंक, वन पेंशन की मांग पूरी हुई। वहीं, आज भाजपा युवाशक्ति, नारीशक्ति, गरीब और किसान की शक्ति को विकसित भारत के निर्माण की शक्ति बना रही है, जिनको किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें पूछा है, इतना ही नहीं हमने उसको पूजा है। आने वाले समय में हमारी माताओं-बहनों-बेटियों के लिए अवसर ही अवसर आने वाले हैं। नारीशक्ति की सुरक्षा और सशक्तिकरण का संपूर्ण इकोसिस्टम बनेगा। अब देश में 3 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनाई जाएगी। आज गरीबों के घर पानी पहुंच रहा है, देश में मेडिकल कॉलेज बन रहे है। युवा भी उर्जा से भरे हुए हैं।

भाजपा को पार करना होगा 370 का आंकड़ा

भारत ने आज हर क्षेत्र में जो ऊंचाई हासिल की है, उसने हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है। बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने का जो हौंसला पाया है, वो अभूतपूर्व है। ये संकल्प है विकसित भारत का। अब देश न छोटे सपनें देख सकता है और न ही छोटे संकल्प ले सकता। देश के सपनें और संकल्प भी विराट होंगे। ये हमारा सपना भी है और संकल्प भी है कि हमें भारत को विकसित बनाना है। विपक्ष के नेता भी NDA सरकार 400 पार के नारे लगा रहे हैं। NDA को 400 पार कराने के लिए भाजपा को 370 का मील का पत्थर पार करना ही होगा।

कार्यकर्ताओं का किया अभिनंदन

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, सभी कार्यकर्ताओं का मैं अभिनंदन करता हूं। भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन देश की सेवा के लिए कुछ न कुछ करता ही रहता है लेकिन अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नया उमंग, नया उत्साह, नया विश्वास, नए जोश के साथ काम करने का है। इसके साथ ही पीएम ने आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज को आदरपूर्वक, श्रद्धापूर्वक श्रद्धांजलि दी। कहा मेरे लिए यह व्यक्तिगत क्षति जैसा है। वर्षों तक मुझे व्यक्तिगत रूप से उनसे मिलने का अवसर मिला है।

देश की जनता तीसरी बार मोदी को पीएम बनाए - अमित शाह

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि ये सरकार किसानों की सरकार है। हम गरीबों के लिए काम करते हैं। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में हम देश को विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि मैं सिर्फ ये कहना चाहता हूं कि देश की 140 करोड़ की जनता एक बार फिर मोदी जी पर भरोसा दिखाए और उन्हें लगातार तीसरी बार सत्ता में ले कर आए। इससे ना सिर्फ देश का विकास होगा बल्कि आपकी जीवन शैली भी बेहतर होगी।

गृहमंत्री ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद एक बार फिर नरेंद्र मोदी ही देश के पीएम बनेंगे। ऐसा इसलिए भी क्योंकि नरेंद्र भाई मोदी के मार्गदर्शन में देश ने जो विकास किया है उसका लोहा आज पूरा विश्व मानता है। देश के भीतर भी हमारी सरकार ने गरीब और किसानों के लिए अभूतपूर्व काम किया है।

दलित और आदिवासियों को पीएम मोदी ने दी हिस्सेदारी

अमित शाह ने कहा, दलित, आदिवासी और पिछड़े समाज को एक वोटबैंक की तरह कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने बहुत इस्तेमाल किया, लेकिन उन्हें पहली बार सम्मान और हिस्सेदारी देने का काम भाजपा की मोदी सरकार ने किया। पहली बार देश का गौरव पूरी दुनिया ने महसूस किया। दुनिया में भारत के लोग कहीं पर जाते हैं, तो वहां के लोग कहते हैं कि मोदी के भारत से आए हो न। दुनिया में ये पहचान बनाने का काम पीएम नरेन्द्र मोदी ने किया है। न केवल महान भारत बनाने का साहस बल्कि उस स्वप्न को सिद्धि में बदलने के लिए सामूहिक पुरुषार्थ करने का मन भी नरेन्द्र मोदी ने बनाया और पूरे देश के सामने 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा।

इंदिरा गांधी ने गद्दी बचाने के लिए देश को जेलखाना बनाया : शाह

अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने देश से भ्रष्टाचार और परिवारवाद को खत्म किया है। आज देश उनके मार्गदर्शन में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यही नहीं गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर भी हमला बोला, उन्होने कहा इंदिरा गांधी ने अपनी गद्दी बचाने के लिए देश को जेलखाना बना दिया था।

बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय सम्मेलन में शनिवार को एक राजनीतिक प्रस्ताव, 'विकसित भारत-मोदी की गारंटी' पारित किया गया था। इसमें पार्टी के कई नेताओं ने दक्षिण भारत, किसानों और सिखों के लिए सरकार के विकास और सांस्कृतिक उपायों और विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला था। शनिवार को हुई बैठक के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रस्ताव पेश करते हुए अपनी टिप्पणी में कहा था कि किसी भी सरकार ने किसानों के लिए उतना काम नहीं किया जितना नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली इस सरकार ने किया है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story