×

BJP New President: अब दक्षिण भारत की ओर भाजपा की नजर, अध्यक्ष की दौड़ में आगे चले साउथ के ये तीन दिग्गज

BJP New President: भाजपा अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए किसी नये नाम की घोषणा कर सभी को चौंका भी सकती है। हालांकि यह निर्णय पार्टी नेतृत्व का होगा।

Shishumanjali kharwar
Published on: 25 Feb 2025 1:56 PM IST
bjp president
X

bjp president 

BJP New President: भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनाव अंतिम चरण में चल रहे हैं। संगठनात्मक चुनावों के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। मौजूदा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म होने वाला है। ऐसे में सियासी गलियारों में यह चर्चा काफी तेजी से चलने लगी है कि आखिर भाजपा का अगला अध्यक्ष कौन होगा। भाजपा अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए किसी नये नाम की घोषणा कर सभी को चौंका भी सकती है। हालांकि यह निर्णय पार्टी नेतृत्व का होगा।

साल 2024 के लोकसभा चुनाव की सफलता के बाद भाजपा की नजर अब दक्षिण भारत की ओर है। उत्तर और पश्चिम भारत में भाजपा की स्थिति मजबूत हो चुकी है। वहीं दक्षिण भारतीय राज्यों में भाजपा का वोट शेयर अभी भी कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों से काफी पीछे है। इसलिए भाजपा दक्षिण में भी संगठन को मजबूत करने की पुरजोर कोशिश में लग गयी है।

ऐसे में यह माना जा रहा है कि भाजपा किसी ऐसे नेता को अध्यक्ष बना सकती है जो दक्षिण भारत की चुनौती को बेहतर तरीके से संभाल सके। साथ ही पार्टी नेतृत्व अगर किसी दक्षिण भारतीय नेता को कमान सौंपती हैं तो दक्षिण भारत के स्थानीय मतदाताओं के बीच एक सकारात्मक संदेश जाएगा। जिससे पार्टी के विस्तार की संभावना बढ़ जाएगी। हालांकि बीजेपी के नए अध्यक्ष के सामने केवल दक्षिण भारत ही नहीं बल्कि पूरे देश में संगठन को मजबूत करने की चुनौती होगी। पार्टी के नये अध्यक्ष के लिए दक्षिण भारत के इन तीन दिग्गज नेताओं के नाम भी रेस में आगे चल रहे हैं।

जी किशन रेड्डी

भारतीय जनता पार्टी के अगले अध्यक्ष की रेस में दक्षिण भारत के दिग्गज नेता जी किशन रेड्डी का नाम सबसे आगे चल रहा है। जी किशन रेड्डी वर्तमान में केंद्रीय कोयला मंत्री हैं। वह तेलंगाना के प्रभावशाली नेताओं में से एक हैं। जी किशन रेड्डी पूर्व में तेलंगाना में भाजपा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वह ओबीसी समुदाय से हैं और संगठन में उनकी गहरी पकड़ है। तेलंगाना के चुनावों में जी किशन रेड्डी ने अपनी रणनीति से भाजपा की मजबूत उपस्थिति दर्ज करायी थी। ऐसे में वह भाजपा अध्यक्ष के लिए वह एक मजबूत दावेदार बन सकते हैं।

प्रह्लाद जोशी

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष की कुर्सी के लिए प्रहलाद जोशी भी मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं। कर्नाटक से आने वाले प्रहलाद जोशी ब्राह्मण परिवार से हैं। लंबा राजनीतिक अनुभव और सरकार के साथ उनका तालमेल उन्हें एक मजबूत दावेदार बनातती है। वर्तमान में वह केंद्रीय उपभोक्ता मामले मंत्री हैं। कर्नाटक की सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा वापसी के लिए मजबूत रणनीति तैयार कर रही है। जिसमें प्रहलाद जोशी अहम भूमिका निभा सकते हैं।

बंडी संजय कुमार

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार भी भाजपा अध्यक्ष की दौड़ में शामिल हैं। वह हिंदुत्व की राजनीति के लिए जाने जाते हैं। बंडी संजय कुमार तेलंगाना के करमनगर से सांसद हैं। उनकी जमीनी संगठन में मजबूत पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रियता उन्हें अध्यक्ष पद के लिए मजबूत दावेदार बनाती है। बंडी संजय कुमार ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रहते हुए कई आक्रामक आंदोलन किये थे।



Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story