×

BJP: BJP की कई और राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की तैयारी,पद छोड़ने वालों को मिल सकती है मोदी सरकार में एंट्री

BJP: चार राज्यों में मंगलवार को नए प्रदेश अध्यक्षों की तैनाती की गई है। इन राज्यों में पंजाब, तेलंगाना, झारखंड और आंध्रप्रदेश शामिल हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 5 July 2023 6:45 AM GMT
BJP: BJP की कई और राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की तैयारी,पद छोड़ने वालों को मिल सकती है मोदी सरकार में एंट्री
X
BJP to Change State Presidents(Photo: Social Media)

BJP: देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा संगठन में व्यापक फेरबदल की कोशिश में जुट गई है। चार राज्यों में मंगलवार को नए प्रदेश अध्यक्षों की तैनाती की गई है। इन राज्यों में पंजाब, तेलंगाना, झारखंड और आंध्रप्रदेश शामिल हैं। जानकारों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्षों में बदलाव का यह सिलसिला अभी खत्म नहीं हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक पार्टी का शीर्ष नेतृत्व छह और प्रदेशों में अध्यक्ष बदलने के मुद्दे पर मंथन करने में जुटा हुआ है। जल्द ही इस बाबत बड़ा फैसला लिया जा सकता है। दूसरी ओर मानसून सत्र के शुरुआत से पहले मोदी कैबिनेट में फेरबदल की आहट भी सुनाई दे रही है। कुछ प्रदेशों में फेरबदल के बाद पुराने अध्यक्षों को मोदी कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। जिन प्रदेशों में फेरबदल की संभावना जताई जा रही है उनमें मध्य प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, जम्मू कश्मीर और केरल के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

मध्यप्रदेश में इन नेताओं के नाम चर्चा में

मध्यप्रदेश में भाजपा का विशेष फोकस है क्योंकि राज्य में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। मौजूदा समय में वीडी शर्मा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में राज्य में संगठन की कमान संभाल रहे हैं मगर उन्हें दिल्ली लाए जाने की तैयारी है। वीडी शर्मा राज्य की खजुराहो लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे और उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की चर्चाएं हैं। वीडी शर्मा के उत्तराधिकारी को लेकर कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इन नेताओं में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, सांसद सुमेर सिंह सोलंकी और प्रहलाद पटेल के नाम शामिल हैं।
यदि भाजपा की ओर से सवर्ण नेता को राज्य की कमान संभालने का फैसला किया गया तो नरेंद्र सिंह तोमर के नाम पर मुहर लगाई जा सकती है। नरेंद्र सिंह तोमर का ताल्लुक चंबल संभाग से है और इस इलाके में भाजपा अपनी स्थिति मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। तोमर की तैनाती से भाजपा को सियासी फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है। वैसे जानकारों का कहना है कि पार्टी की ओर से अभी तक कोई नाम फाइनल नहीं किया गया है।

सीआर पाटिल को मिल सकती है नई जिम्मेदारी

गुजरात में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल राज्य में भाजपा संगठन को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है। राज्य में पिछले दिनों हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। पाटिल को संगठन का काम का अच्छा अनुभव है और अब पार्टी पूरे देश में उनके अनुभवों का लाभ उठाना चाहती है। पाटिल ने 2019 के लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की थी। 2014 में भी वे राज्य की नवसारी लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे।
पाटिल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करीबी भी माना जाता है। वैसे पाटिल को दिल्ली में मंत्री बनाने के बजाय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाने की चर्चाएं हैं। माना जा रहा है कि पाटिल को दिल्ली लाकर उनकी जगह जल्द ही किसी नए प्रदेश अध्यक्ष की तैनाती की जा सकती है।

कई और राज्यों में भी होगा फेरबदल

कर्नाटक में हाल में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने भाजपा को बुरी तरह हराया था। अब भाजपा का शीर्ष नेतृत्व लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कर्नाटक में भी फेरबदल की कोशिश में जुटा हुआ है। कर्नाटक के अलावा हरियाणा, जम्मू कश्मीर और केरल मैं भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लोकसभा चुनाव से पहले नए अध्यक्ष को संगठन मजबूत बनाने के लिए कुछ वक्त देना चाहता है। इसी कारण प्रदेश अध्यक्षों में बदलाव का कदम जल्द ही उठाए जाने की उम्मीद है।

मोदी कैबिनेट में नए चेहरों को लाने की कवायद

दिल्ली के सियासी हलकों में भाजपा संगठन में बदलाव के साथ ही मोदी सरकार में फेरबदल की चर्चाएं भी जोरों पर सुनी जा रही हैं। जानकारों का कहना है कि कुछ केंद्रीय मंत्रियों को संगठन में भेजने और उनकी जगह नए चेहरों को लाने की कवायद की जा रही है।
संगठन में फेरबदल में हो रही देरी के कारण मोदी सरकार में फेरबदल का काम भी अटका हुआ है। संगठन में फेरबदल के बाद जल्द ही मोदी कैबिनेट में भी फेरबदल किए जाने की संभावना है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story