×

BJP Mission 2024: गुजरात के बाद भाजपा का अगला सियासी मिशन शुरू, पीएम मोदी की मौजूदगी में तय होगा चुनावी एजेंडा

BJP Mission 2024: इस बैठक में पार्टी की प्रदेश इकाइयों के अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारियों, पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों और संगठन महामंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। चुनावी तैयारियों के नजरिए से इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

Anshuman Tiwari
Published on: 5 Dec 2022 7:06 AM GMT
BJP
X

BJP (Image: Social Media)

BJP Mission 2024: गुजरात में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का आज मतदान हो रहा है और इस बीच भाजपा ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों और मिशन 2024 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की आज से दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस बैठक के दौरान अगली सियासी लड़ाई के लिए चुनावी एजेंडा तय किए जाने की उम्मीद है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक इस बैठक के दौरान अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर गहराई से मंथन किया जाएगा। इस बैठक में पार्टी की प्रदेश इकाइयों के अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारियों, पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों और संगठन महामंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। चुनावी तैयारियों के नजरिए से इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।

आगे होने वाले चुनावों पर भाजपा की नजर

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना और त्रिपुरा आदि राज्यों में विधानसभा चुनाव होना है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारे हैं जबकि मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस का संगठन काफी मजबूत है। कर्नाटक और तेलंगाना में भी भाजपा को लड़ाई लड़नी है।

इन चुनावों के बाद 2024 की बड़ी सियासी जंग होनी है और इसी कारण भाजपा ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों के ऐलान से पहले ही अगले सियासी मिशन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अहमदाबाद में मतदान के बाद पीएम मोदी भी दिल्ली पहुंचेंगे और इस बैठक का उद्घाटन करेंगे। भाजपा पदाधिकारियों की इस बड़ी बैठक पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी।

संगठनात्मक गतिविधियों पर भी होगी चर्चा

दिल्ली में होने वाली अहम बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा करेंगे। बैठक में पार्टी की चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों पर भी चर्चा की जाएगी। हाल के दिनों में पार्टी ने उन सीटों पर फोकस कर रखा है जिन पर 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था।

इन सीटों पर 2024 में जीत हासिल करने के लिए केंद्रीय मंत्रियों को पहले ही जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है। इन सीटों पर अभी तक किए गए काम को लेकर भी बैठक में चर्चा किए जाने की संभावना है। इसके मद्देनजर केंद्रीय मंत्रियों को भी इस महत्वपूर्ण बैठक में आमंत्रित किया गया है।

भाजपा के लिए अहम होंगे चुनावी नतीजे

गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों के साथ ही भाजपा की नजर एमसीडी के चुनावी नतीजों पर भी लगी हुई है। हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला हुआ है जबकि गुजरात में पार्टी को एक बार फिर सत्ता मिल जाने की उम्मीद है। दोनों राज्यों के साथ ही एमसीडी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पार्टी की ओर से धुआंधार प्रचार अभियान चलाया गया है। चुनावी नतीजों की घोषणा के बाद पार्टी की ओर से एक और बैठक किए जाने की संभावना है। इस बैठक में चुनावी नतीजों की समीक्षा की जा सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का गृह राज्य होने के कारण गुजरात के चुनावी नतीजों को सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बार गुजरात में आम आदमी पार्टी के भी पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने के कारण मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। हालांकि गृहमंत्री शाह ने गुजरात में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा किया है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि गुजरात में आम आदमी पार्टी का खाता नहीं खुलेगा।

Rakesh Mishra

Rakesh Mishra

Next Story