×

Rajasthan Elections 2023: राजस्थान में भी BJP लागू करेगी MP वाला फार्मूला, तीन केंद्रीय मंत्रियों को चुनावी अखाड़े में उतारने की तैयारी

Rajasthan Elections 2023: पार्टी की चुनावी रणनीति तय करने और उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करने के लिए रविवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लंबा मंथन किया गया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 2 Oct 2023 6:37 AM GMT
BJP Rajasthan Elections 2023
X

BJP Rajasthan Elections 2023 (PHOTO: social media )

Rajasthan Elections 2023: देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा पूरी ताकत लगाने की कोशिश में जुटी हुई है। 2024 की सियासी जंग से पहले इन विधानसभा चुनावों के नतीजे को काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी की चुनावी रणनीति तय करने और उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करने के लिए रविवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लंबा मंथन किया गया। जानकार सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान मुख्य रूप से राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों को लेकर मंथन किया गया। पार्टी राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में भी मध्य प्रदेश वाला फार्मूला लागू कर सकती है।

सूत्रों के मुताबिक राजस्थान में तीन केंद्रीय मंत्रियों गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी को चुनाव लड़ने की तैयारी करने का निर्देश दिया गया है। इससे पूर्व भाजपा मध्यप्रदेश में भी तीन केंद्रीय मंत्रियों और सात सांसदों को चुनावी जंग में उतर चुकी है। इसके साथ ही पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को भी चुनावी अखाड़े में उतारा गया है। राजस्थान की सियासी जंग में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को घेरने के लिए सरदारपुरा में उनके खिलाफ गजेंद्र सिंह शेखावत को उतारने की तैयारी है।

छत्तीसगढ़ के प्रत्याशियों के नाम पर मुहर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में रविवार को हुई बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची पर मुहर लगाई गई। पार्टी की ओर से राज्य के 21 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान पहले ही किया जा चुका है। जानकारों का कहना है कि अब पार्टी नेतृत्व की ओर से बाकी 69 सीटों पर भी प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए गए हैं और इस बाबत जल्द ही ऐलान किया जा सकता है।


छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत लगा रखी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल में राज्य का चुनावी दौरा किया था। मध्य प्रदेश की तरह छत्तीसगढ़ में भी कुछ बड़े चेहरों को चुनावी अखाड़े में उतारा जा सकता है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व विधानसभा चुनाव में किसी भी प्रकार का कोई रिस्क नहीं लेना चाहता।

राजस्थान में बड़े चेहरों को उतारने की तैयारी

भाजपा की ओर से राजस्थान के विधानसभा चुनाव में भी कुछ बड़े चेहरों को चुनावी जंग में उतारने की तैयारी है। पार्टी राजस्थान में भी मध्य प्रदेश वाली रणनीति अपनाने की तैयारी में जुटी हुई है। मध्य प्रदेश में पार्टी ने तीन केंद्रीय मंत्रियों और सात सांसदों को चुनाव मैदान में उतारा है। अब राजस्थान में भी तीन केंद्रीय मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। पार्टी नेतृत्व ने गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी को चुनावी अखाड़े में उतारने का फैसला किया है।


बैठक के दौरान इस बात पर भी गहराई से मंथन किया गया कि राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ किसे चुनाव लड़ाया जाए। जानकारों के मुताबिक जोधपुर के सांसद और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को सरदारपुरा में मुख्यमंत्री गहलोत के खिलाफ चुनावी अखाड़े में उतारा जा सकता है। माना जा रहा है कि राजस्थान के लिए घोषित होने वाली भाजपा की सूची हर किसी को चौंका सकती है।

राजस्थान में बगैर सीएम फेस चुनाव लड़ेगी भाजपा

राजस्थान में इस बार पार्टी नेतृत्व की ओर से किसी को भी सीएम चेहरा बनाने का फैसला नहीं किया गया है। पिछले करीब 30 वर्षों के दौरान ऐसा पहली बार होगा जब भाजपा बिना किसी सीएम फेस के चुनाव मैदान में उतरेगी। इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का खेमा भीतर ही भीतर नाराज भी बताया जा रहा है। रविवार को राजधानी दिल्ली में हुई बैठक के दौरान वसुंधरा राजे भी मौजूद थीं।


बैठक में पीएम मोदी और नड्डा के अलावा गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी, गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, राजेंद्र राठौड़ और सतीश पूनिया भी मौजूद थे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story