×

Wrestlers Protest: बृजभूषण शरण सिंह पर जांच के लिए गठित IOA की कमेटी में कौन-कौन हैं शामिल ?

Wrestlers Protest: केंदीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और आंदोलनरत पहलवानों के बीच 7 घंटे तक चली लंबी बैठक के बाद धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

Krishna Chaudhary
Published on: 21 Jan 2023 8:20 AM GMT
Brij bhushan Sharan Singh
X

Brij bhushan Sharan Singh (photo: social media )

Wrestlers Protest: भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ तीन दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी पहलवानों का धरना बीती रात खत्म हुआ। केंदीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और आंदोलनरत पहलवानों के बीच 7 घंटे तक चली लंबी बैठक के बाद धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि जांच होने तक डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष सिंह कार्य से दूर रहेंगे। इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) ने बृजभूषण के ऊपर लगे आरोपों की जांच के लिए एक सात सदस्यीय कमेटी गठित की है।

शुक्रवार को आईओए की आपातकालीन कार्यकारी परिषद की बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया। इस बैठक में अभिनव बिंद्रा और योगेश्वर दत्त के साथ – साथ IOA अध्यक्ष पीटी ऊषा और संयुक्त सचिव कल्याण चौबे ने भाग लिया था। सात सदस्यीय जांच कमेटी में बॉक्सर मैरी कॉम, तीरंदाज डोला बनर्जी, बैडमिंटन प्लेयर अलकनंदा अशोक, फ्रीस्टाइल रेसलर योगेश्वर दत्त, भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष सहदेव यादव के साथ दो वकील श्लोक चंद्र और तलिश रे शामिल हैं। तो आइए एक नजर कमेटी में जगह बनाने वाले सभी सात लोगों पर डालते हैं।

1. मैरी कॉम

पद्म विभूषण से सम्मानित महिला बॉक्सर मैरी कॉम को देश की महान महिला मुक्केबाजों में गिना जाता है। साल 2016 में मोदी सरकार ने उन्हें राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया था। उनके जीवन पर बॉलीवुड में फिल्म भी बन चुकी है, जिसमें अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने उनका किरदार निभाया था। मैरीकॉम के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं –

वह छह बार विश्व एमेच्योर मुक्केबाजी चैम्पियनशिप जीतने वाली एकमात्र महिला हैं। वो पहली सात विश्व चैम्पियनशिप में से प्रत्येक में मेडल जीतने वाली एकमात्र महिला मुक्केबाज हैं। मैरीकॉम पुरूष और महिला दोनों में आठ विश्व चैम्पियनशिप मेडल जीतने वाली एकमात्र मुक्केबाज हैं।

2. डोला बनर्जी

पूर्व भारतीय तीरंदाज डोला बनर्जी देश की सर्वश्रेष्ठ महिला तीरंदाजों में गिनी जाती हैं। वो देश की पहली महिला तीरंदाज हैं, जिन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। डोला ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करनी वाली पहली महिला तीरंदाज हैं। वह इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) की कार्यकारी सदस्य भी हैं।

3. योगेश्वर दत्त

इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) के सदस्य योगेश्वर दत्त भारत के जाने-माने रेसलर हैं। वह ओलंपिक में देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल हासिल कर चुके हैं। दत्त सियासत में भी हाथ आजमा चुके हैं। 2022 में हरियाणा के सोनीपत जिले की बड़ौदा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें जीत नहीं मिली। बीजेपी से जुड़े होने के कारण धरने पर बैठऩे वाली महिला पहलवान विनेश फोगाट ने उन पर निशाना भी साधा था।

4. अलकनंदा अशोक

भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की संयुक्त सचिव अलकनंदा अशोक चार बार की एशियाई राफ्टिंग चैंपियन हैं। इसके अलावा वह राष्ट्रीय स्तर पर कयाकिंग में कांस्य पदक विजेता भी रही हैं। उनके पति और आईपीएस अधिकारी अशोक कुमार उत्तराखंड के डीजीपी हैं। अशोक दो बार मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनसे जुड़ा एक विवाद भी है। दरअसल, 2017 में जब वह महिला प्रौद्योगिकी संस्था, देहरादून में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थीं, जब वहां के शिक्षक और कर्मचारियों ने उनपर मानसिक शोषण करने का आरोप लगाया था। उन्हें पद से हटाने को लेकर वहां पर हड़ताल भी चला था।

5. सहदेव यादव

पहलवानों के आरोप की जांच के लिए गठित कमेटी में शामिल सहदेव यादव भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष हैं। उन्हें 2021 में इस पद के लिए सर्वसम्मति से चुना गया था। उनका कार्यकाल चार वर्ष का है। जांच कमेटी का मेंबर बनाए जाने पर सहदेव यादव ने कहा कि हम बैठेंगे और सब की बातें सुनेंगे और आरोपों को देखने के बाद निष्पक्ष जांच करेंगे और निष्पक्ष न्याय देने की कोशिश करेंगे।

इन पांचों के अलावा जांच कमेटी में 2 वकील श्लोक चंद्र और तलिश रे को भी शामिल किया गया है। जांच रिपोर्ट सौंपने की समय सीमा फिलहाल तय नहीं की गई है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story