TRENDING TAGS :
Nagpur Hinsa: नागपुर हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान के घर पर गरजा बुलडोजर, भड़काऊ भाषण केस में जेल में है बंद
Nagpur Hinsa: साल 2024 के लोकसभा चुनाव में फहीम शमीम खान माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) के टिकट पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव लड़ चुका है।
fahim khan
Nagpur Hinsa: महाराष्ट्र में बीते दिनों औरंगजेब की कब्र को लेकर हुए विवाद के बाद हिंसा भड़क गयी थी। हिंसा मामले के मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान पर बड़ी कार्रवाई की गयी है। फहीम शमीम खान के घर पर बुलडोजर चलाकर अवैध हिस्से को तोड़ दिया गया है। उल्लेखनीय है कि फहीम शमीम खान पर आरोप है कि उसे नागपुर में हिंसा के लिए लोगों को उकसाया था और भीड़ इकट्ठा की थी। पुलिस का दावा है कि 38 साल के फहीम शमीम खान ने हीं दंगे भड़काए थे। कोर्ट ने हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम शमीम को 21 मार्च तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया था। वह माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) का नागपुर शहर अध्यक्ष है।
नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव लड़ा था चुनाव
साल 2024 के लोकसभा चुनाव में फहीम शमीम खान माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) के टिकट पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ चुनाव लड़ चुका है। हालांकि चुनाव में उसे करारी शिकस्त मिली थी। वह नागपुर के संजय बाग कॉलोनी यषोधना नगर का रहने वाला है। चुनाव में शिकस्त मिलने के बाद फहीम ने हार नहीं मानी। वह राजनीति में सक्रिय है और शहर में अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटा हुआ है।
नागपुर में भड़की हिंसा की जांच में पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि फहीम शमीम खान ने हिंसा की साजिश रची थी। उसे कुछ कट्टरपंथी लोगों को एकत्रित कर उन्हें हिंसा के लिए उकसाया था और सुनियोजित तरीके से हिंसा को भड़काने का काम किया था। उल्लेखनीय है कि हाल ही अभिनेता विक्की कौशल की फिल्म ’छावा’ के रिलीज होने के बाद से ही औरंगजेब का मुद्दा गरमा गया था। मामला तब और गंभीर हो गया था कि जब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने औरंगजेब की कब्र हटाने की बात कह दी थी। वहीं समाजवादी पार्टी के नेता अबु आजमी के औरंगजेब को अच्छा शासक बताने पर भी सियासत में भूचाल मच गया था।
इसके बाद महाराष्ट्र के नागपुर के महाल में बीते सोमवार रात को औरंगजेब की कब्र को लेकर हुए विवाद के बाद दो गुटों के बीच हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया था। कुछ अज्ञात लोगों ने इलाके के दुकानों में तोड़फोड़ की और वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी भी की गयी थी। हिंसक घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे। इलाके में भड़की हिंसा के बाद पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से कई जगहों पर कर्फ्यू लगा दिया था। पुलिस ने इस मामले में 60 से ज्यादा दंगाइयों को गिरफ्तार किया था।