×

Nitin Gupta को मिला 9 महीने का सेवा विस्तार, अगले साल जून तक रहेंगे सीबीडीटी चेयरमैन, जानें केंद्र के लिए क्यों हैं खास?

CBDT Chairman Appointment: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सीबीडीटी चेयरमैन पद पर नितिन गुप्ता की एक बार फिर नियुक्ति को मंजूरी दी है। शनिवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई।

aman
Report aman
Published on: 30 Sep 2023 1:52 PM GMT (Updated on: 30 Sep 2023 2:11 PM GMT)
CBDT President Nitin Gupta
X

CBDT President Nitin Gupta (Social Media)

CDBT Chairman Appointment: केंद्रीय मंत्रिमंडल (Union Cabinet) ने सीबीडीटी चेयरमैन पद पर नितिन गुप्ता (CBDT President Nitin Gupta) की एक बार फिर नियुक्ति को मंजूरी दी है। शनिवार (30 सितंबर) को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई। बता दें, अब नितिन गुप्ता 30 जून, 2024 तक सीबीडीटी चेयरमैन पद पर बने रहेंगे।

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने सीबीडीटी अध्यक्ष नितिन गुप्ता (Nitin Gupta News) को उनकी निर्धारित सेवानिवृत्ति के दिन यानी 30 सितंबर को 'अनुबंध के आधार पर' सेवा में 9 महीने का विस्तार दिया है। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के कार्मिक तथा प्रशिक्षण विभाग ने एक आदेश में कहा है, 'कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने अनुबंध के आधार पर केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के अध्यक्ष के रूप में नितिन गुप्ता की फिर से नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। 01 अक्टूबर, 2023 से 30 जून, 2024 तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, भर्ती नियमों में छूट, केंद्र सरकार के पुनर्नियुक्त अधिकारियों के लिए लागू सामान्य नियमों और शर्तों पर।

1986 बैच के हैं IRS अधिकारी

आपको बता दें, आयकर विभाग के 1986 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी नितिन गुप्ता को पिछले साल जून में सीबीडीटी प्रमुख नियुक्त किया गया था। वह 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होने वाले थे।

रिक्रूटमेंट रूल्स में दी गई ढील

आईआरएस अधिकारी नितिन गुप्ता को CBDT अध्यक्ष के पद पर फिर से नियुक्त करने के लिए रिक्रूटमेंट रूल्स में ढील दी गई है। जारी विज्ञप्ति के अनुसार, नितिन गुप्ता को सामान्य नियमों तथा लागू शर्तों के आधार पर फिर से केंद्रीय कर्मचारी के तौर पर नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को मंजूरी मिलने का मतलब है कि अगले साल जून तक नितिन गुप्ता ही केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (Central Board of Direct Taxes) यानी सीबीडीटी के चेयरमैन बने रहेंगे।

क्या है CBDT?

आपको बता दें, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) इनकम टैक्स डिपार्टमेंट (Income Tax Department) में निर्णय लेने वाली शीर्ष इकाई है। सीबीडीटी की अगुवाई चेयरमैन करते हैं। इस बोर्ड में 6 सदस्य हो सकते हैं, जो स्पेशल सेक्रेटरी रैंक के होते हैं। CBDT के मौजूदा चेयरमैन नितिन गुप्ता का कार्यकाल आज ही समाप्त होने वाला था। हालांकि, अब उन्हें 9 महीने का सेवा विस्तार मिल चुका है।

क्यों महत्वपूर्ण हैं नितिन गुप्ता?

नितिन गुप्ता 1986 बैच के इंडियन रेवेन्यू सर्विस (Indian Revenue Service) ऑफिसर हैं। इन्हें पिछले साल जून महीने में CBDT का अध्यक्ष बनाया गया था। उनके कार्यकाल में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने सबसे अधिक ITR (इनकम टैक्स रिटर्न) का रिकॉर्ड बनाया है। ज्ञात हो, इस बार 7 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने ITR फाइल किया है। साथ ही, रिटर्न की प्रोसेसिंग में लगने वाले समय को कम करने का श्रेय भी नितिन गुप्ता को ही जाता है।




aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story