×

Central Vista Inauguration : PM मोदी ने 'कर्तव्य पथ' का किया उद्घाटन, बोले- गुलामी का प्रतीक आज मिट गया

Central Vista Inauguration Live Updates: दिल्ली के ऐतिहासिक राजपथ और 'सेंट्रल विस्टा लॉन' का पुनर्विकास किया गया है।

aman
Written By aman
Published on: 8 Sep 2022 2:45 PM GMT (Updated on: 8 Sep 2022 3:30 PM GMT)
X

Central Vista Inauguration : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने गुरुवार (08 सितंबर 2022) शाम 7 बजे 'कर्तव्य पथ' पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा (Netaji Subhash Chandra Bose Statue) का अनावरण किया। आपको बता दें कि, बुधवार को ही नई दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन यानी NDMC ने 'राजपथ' का नाम बदलकर 'कर्तव्य पथ' करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। राजपथ अब 'कर्तव्य पथ' राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक का रास्ता है। इस रास्ते की लंबाई 3.20 किलोमीटर है।

जैसा कि आपको पता है कि, राजपथ पर ही हर वर्ष गणतंत्र दिवस (Republic day) पर परेड निकलती है। पीएम नरेंद्र मोदी के इस कार्यक्रम के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की थी। कई रूट को डायवर्ट किया गया था। इतना ही नहीं पुलिस ने कई रास्तों पर शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक यात्रा करने से बचने की सलाह भी दी थी।

Live Updates

अगर पथ ही राजपथ हो, तो यात्रा लोक मुखी कैसे होगी?

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा, 'अगर पथ ही राजपथ हो, तो यात्रा लोक मुखी कैसे होगी? उन्होंने कहा, 'राजपथ' ब्रिटिश राज के लिए था। जिनके लिए भारत के लोग गुलाम थे। राजपथ की भावना भी गुलामी का ही प्रतीक थी। उसकी संरचना भी गुलामी का प्रतीक थी। आज इसकी संरचना भी बदल चुकी है और इसकी आत्मा भी बदली है।'

श्रम की पराकाष्ठा 'कर्तव्य पथ' दिखाया

पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, 'आज के इस अवसर पर मैं अपने उन श्रमिक साथियों का भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं, जिन्होंने कर्तव्य पथ को केवल बनाया ही नहीं, बल्कि अपने श्रम की शक्ति और पराकाष्ठा से देश को कर्तव्य पथ दिखाया भी है।

PM मोदी- 'नेताजी महामानव थे'

पीएम मोदी ने कहा, 'सुभाषचंद्र बोस ऐसे महामानव थे, जो पद तथा संसाधनों की चुनौती से परे थे। उनकी स्वीकार्यता ऐसी थी कि, पूरा विश्व उन्हें नेता मानता था। नेताजी में साहस था। उनमें स्वाभिमान था। उनके पास विचार थे। आगे बढ़ने का विज़न था। उनमें नेतृत्व की असीम क्षमता थी, नीतियां थीं।'

'कर्तव्य पथ सर्वकालिक आदर्शों का जीवंत मार्ग'

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, 'कर्तव्य पथ केवल ईंट-पत्थरों का रास्ता नहीं है। बल्कि ये भारत के लोकतांत्रिक अतीत तथा सर्वकालिक आदर्शों का जीवंत मार्ग है। उन्होंने कहा, देश अंग्रेजों के जमाने से चल रहे सैकड़ों कानूनों को बदल चुका है। भारतीय बजट, जो इतने दशकों से ब्रिटिश संसद के समय का अनुसरण कर रहा था, उसका समय और तारीख भी बदल दी गई। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के जरिए अब विदेशी भाषा की मजबूरी से भी देश के युवाओं को आजाद किया जा रहा है।'

PM बोले- 'आज सशक्त भारत की प्राण प्रतिष्ठा हुई'

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज इंडिया गेट के समीप हमारे राष्ट्रनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस (Netaji Subhash Chandra Bose) की विशाल मूर्ति भी स्थापित हुई। उन्होंने कहा, गुलामी के समय यहां ब्रिटिश राजसत्ता (British monarchy) के प्रतिनिधि की प्रतिमा लगी हुई थी। आज देश ने उसी स्थान पर 'नेताजी' की मूर्ति की स्थापना कर आधुनिक, सशक्त भारत की प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी है।'

देश अगर नेताजी के दिखाए रास्तों पर चला होता, तो...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष बोस के बारे में कहा, 'आजादी के बाद नेताजी के योगदान को देश ने भुला दिया। देश अगर नेताजी के बताए रास्तों पर चला होता, तो तस्वीर कुछ और होती। ये दुर्भाग्य की बात है कि नेताजी के योगदान को भुला दिया गया।'

PM मोदी- 'आज गुजरे कल को छोड़, आने वाली तस्वीर में नए रंग भर रहे

पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि, 'इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बन रहे सभी लोगों का मैं अभिनंदन करता हूं। आज गुजरे 'कल' को छोड़ आने वाली तस्वीर में नए रंग भर रहे हैं।'

'कर्तव्य पथ' का हुआ उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में पुनर्विकसित 'कर्तव्य पथ' का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, राजपथ आज से इतिहास बन गया है।

'अमृत काल का सपना साकार करने का खुल रहा भव्य पथ'

इस मौके पर केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri) ने कहा, कि 'हमें अपनी विरासत पर गर्व होना चाहिए। हमें एकता तथा एकजुटता के साथ रहना है। देश के हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा, 'कर्तव्य पथ' देखकर आज ऐसा लग रहा है कि, 130 करोड़ भारतीयों के अमृत काल (Amrit Kaal) का सपना साकार करने का भव्य पथ हमारे सामने खुल रहा है।'

PM ने 'सेंट्रल विस्टा एवेन्यू' पर प्रदर्शनी देखी

नेताजी सुभाष बोस की प्रतिमा के अनावरण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नए 'सेंट्रल विस्टा एवेन्यू' पर प्रदर्शनी देखी। इस दौरान पीएम मोदी ने श्रमजीवियों से कहा, कि वो 26 जनवरी गणतंत्र दिवस परेड (Republic Day Parade) के लिए सेंट्रल विस्टा के पुनर्विकास परियोजना पर काम करने वाले सभी लोगों को आमंत्रित करेंगे।

PM ने 'नेताजी' की प्रतिमा का अनावरण किया

'सेंट्रल विस्टा' कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला कर्तव्य पथ पहुंचा। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गजेंद्र चौहान और पीएम आर्थिक परिषद सदस्य के संजीव सान्याल समेत कई लोग पहुंचे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने इंडिया गेट के पास छत्र के नीचे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया।

पीएम मोदी आज शाम सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा (Netaji Subhash Chandra Bose Statue) का भी अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा 28 फुट ऊंची है। प्रतिमा ग्रेनाइट पत्थरों से बनी है। आपको बता दें, यह प्रतिमा 65 मीट्रिक टन वजन की है। इसे उसी जगह स्थापित किया गया है जहां बीते 23 जनवरी को 'पराक्रम दिवस' के मौके पर नेताजी बोस की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण हुआ था। ज्ञात हो कि, ये दोनों ही निर्माण 'सेंट्रल विस्टा रि-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट' का हिस्सा है। इससे पहले जुलाई महीने में पीएम मोदी ने नए संसद भवन की छत पर बने अशोक स्तंभ (Pillars of Ashoka) का भी अनावरण कर चुके हैं।

मिलेगी विशेष सेवा

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बताया है कि, सेंट्रल विस्टा के उद्घाटन के बाद 09 सितंबर से इंडिया गेट/सेंट्रल विस्टा जाने वालों के लिए दिल्ली मेट्रो बस सेवा देगी। यह बस सेवा शाम 05 बजे से रात 09 बजे तक शुरुआती एक हफ्ते के लिए उपलब्ध रहेगी।

क्या है खास?

'सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत 6 नए पार्किंग स्थल, 400 से अधिक बेंच, सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए एम्फीथिएटर , महिलाओं के लिए 64 शौचालय, पुरुषों के लिए 32 शौचालय तथा दिव्यांगों के लिए 10 शौचालय का निर्माण किया गया है। साथ ही, बाधा मुक्त क्रॉसिंग के लिए अंडरपास, 16 स्थायी वॉकवे ब्रिज और 16.5 किलोमीटर पैदल चलने वाले रास्ते बनाए गए हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story