Champai Soren:पीएम मोदी और अमित शाह पर भरोसा बढ़ा,चंपई सोरेन ने बताई भाजपा में शामिल होने की वजह

Champai Soren: इससे पहले चंपई सोरेन ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और इस मुलाकात के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की पुष्टि की थी।

Anshuman Tiwari
Published on: 27 Aug 2024 10:07 AM GMT
Champai Soren ( Pic- Social- Media)
X

Champai Soren ( Pic- Social- Media)

Champai Soren: झारखंड मुक्ति मोर्चा से बगावत करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन जल्द ही भाजपा में शामिल होने वाले हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान खुद उन्होंने इस बात की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि पहले मैंने संन्यास लेने के बारे में सोचा था। बाद में मैंने नया संगठन खड़ा करने के लिए विचार किया मगर अब उसके लिए काफी कम समय रह गया है।

मैंने अपने आगे के सियासी जीवन के बारे में काफी गंभीरता से मंथन किया और फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर हमारा विश्वास काफी बढ़ गया। इसलिए मैंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि मेरे साथ मेरा बेटा भी भाजपा में शामिल होगा। इससे पहले चंपई सोरेन ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और इस मुलाकात के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की पुष्टि की थी।


पीएम मोदी और शाह के नेतृत्व की तारीफ

अब झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने खुद अपने आगे की सियासी राह के पत्ते खोल दिए हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद चंपई सोरेन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नाराज चल रहे थे। उन्होंने हेमंत सोरेन पर हमला भी बोला था मगर उनके आगे की सियासी राह को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं।वे कुछ दिनों पूर्व भी दिल्ली की यात्रा पर पहुंचे थे। उनके पहले से ही भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं थी मगर अपनी पिछली दिल्ली यात्रा के दौरान उन्होंने इस बाबत कोई स्पष्ट ऐलान नहीं किया था। अब उन्होंने स्पष्ट तौर पर भाजपा में शामिल होने की घोषणा कर दी है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन दोनों नेताओं के प्रति मेरा भरोसा बढ़ा है और इसी कारण मैंने भाजपा के सदस्यता ग्रहण करने का फैसला किया है।


30 अगस्त को थामेंगे बीजेपी का दामन

पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सोमवार की देर रात गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान सोरेन के करीबी नेताओं के अलावा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद थे। बाद में हिमंत बिस्वा सरमा ने पोस्ट कर बताया कि चंपई सोरेन 30 अगस्त को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।भाजपा की ओर से इसे बिग शो बनाने की तैयारी है। चंपई के भाजपा में शामिल होने के बाद गृह मंत्री अमित शाह सितंबर के पहले सप्ताह में चंपई सोरेन के गांव जिलिंगगोड़ा जाएंगे जहां बड़ा अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।


भाजपा के चुनाव अभियान को मिलेगी धार

झारखंड में जल्दी ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और चंपई सोरेन के पार्टी में शामिल होने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। झारखंड के कोल्हान इलाके को चंपई सोरेन का गढ़ माना जाता है और अब भाजपा इस इलाके में पूरी मजबूती के साथ झामुमो-कांग्रेस गठबंधन को चुनौती देगी।चंपई सोरेन को झारखंड में बड़ा आदिवासी चेहरा माना जाता रहा है और ऐसे में उनके शामिल होने से भाजपा को आदिवासी मतदाताओं को साधने में भी मदद मिलेगी। चंपई सोरेन को भाजपा की ओर से स्टार प्रचारक बनाने की तैयारी है और इसके जरिए भाजपा अपने चुनाव अभियान को धार देगी।चंपई शिबू सोरेन के परिवार के सबसे करीबी नेताओं में रहे हैं। वे झामुमो के संस्थापक सदस्य रहे हैं और उनका पार्टी से अलग होना झामुमो के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story