×

Chhath Puja 2023: उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ खत्म हुआ आस्था का महापर्व छठ, घाटों पर दिखी भारी भीड़

Chhath Puja 2023: उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ का समापन हो गया। भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने छठ का प्रसाद खाया और व्रत खोला।

Krishna Chaudhary
Published on: 20 Nov 2023 2:32 AM GMT (Updated on: 20 Nov 2023 3:17 AM GMT)
X

उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देतीं महिलाएं (आशुतोष त्रिपाठी)

Chhath Puja 2023. लोक आस्था का महापर्व छठ का आज चौथा और अंतिम दिन है। आज उगते हुए सूर्य को छठव्रतियों ने अर्घ्य दिया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त हुआ। सोमवार तड़के से ही घाटों पर खूब चहल-पहल दिखी। तालाब और घाट रंग-बिरंगी रोशनी में नहाए हुए थे। घाटों पर व्रती उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के लिए खड़े दिखे।

अर्घ्य के दौरान छठ व्रती पानी में खड़े हुए। इसके बाद फल और प्रसाद से भरा दउरा-सूप लेकर भगवान भास्कर की उपासना की। भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने छठ का प्रसाद खाया और व्रत खोला। सुबह अर्घ्य के दौरान घाटों पर जमकर आतिशबाजी भी हुई। हर बार की तरह इस बार भी बिहार, झारखंड और पूर्वी यूपी के अलावा अन्य राज्यों में भी धूमधाम के साथ लोक आस्था के इस पर्व को मनाया गया।


बिहार

राजधानी पटना समेत बिहार के सभी जिलों में धूमधाम के साथ छठ पर्व मनाया गया। घाटों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। पटना के दीघा घाट पर हजारों की संख्या में छठव्रतियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।


दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बड़ी संख्या में यूपी, बिहार और झारखंड से आए लोग रहते हैं। यहां यमुना के कई घाटों पर छठ पर्व के आयोजन की व्यवस्था की गई थी। इन घाटों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। लाखों की संख्या में छठव्रतियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।


यूपी

छठ महापर्व पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में धूमधाम से मनाया जाता है। सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर स्थित राप्ती नदी के राजघाट पर छठव्रतियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। इसी प्रकार राजधानी लखनऊ में गोमती नदी के घाट पर व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। कल यानी रविवार शाम को सीएम योगी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे थे।


ओडिशा में केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान पूजा में शामिल हुए

ओडिशा के संबलपुर में धूमधाम के साथ छठ पर्व मनाया गया। यहां उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान पहुंचे। इसी प्रकार मुंबई के जुहू बीच पर छठ व्रतियों ने उगते सूर्य को 'अर्घ्य' दिया।


अमेरिका में भी मना छठ

भारत ही नहीं विदेशों में भी आस्था का महापर्व छठ बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। अमेरिका के न्यूजर्सी और न्यूयॉर्क में बड़ी संख्या में लोग छठ पर्व मनाते नजर आए। न्यू जर्सी के एडिसन के पपेयानी पार्क में छठव्रतियों ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।



Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Content Writer

Krishna Chaudhary having four year experience of working in different positions during his Journalism. Having Expertise to create content in Politics, Crime, National and International Affiars.

Next Story