Kejriwal Meeting: ‘न सरकार गिरा सके, न विधायक तोड़ पाए, उनकी सारी...’ 'AAP' MLA बैठक पर बोले केजरीवाल

Arvind Kejriwal Meeting: केजरीवाल ने दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित आधिकारिक आवास पर आप विधायकों की बैठक बुलाई है। सूत्रों की मानें तो इस बैठक चुनाव प्रचार के अभियान को लेकर चर्चा हुई है।

Viren Singh
Published on: 12 May 2024 6:46 AM GMT (Updated on: 12 May 2024 7:21 AM GMT)
Arvind Kejriwal Meeting
X

Arvind Kejriwal Meeting (सोशल मीडिया) 

Arvind Kejriwal Meeting: आबकारी घोटाले के ‘मनी लांडिंग’ मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अंतरिम जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से बाहर आते हुए लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) के चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। शनिवार को केजरीवाल ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के समक्ष खुली प्रेस वार्ता और शाम को रोड शो करते हुए भाजपा और मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। रविवार को केजरीवाल ने एक बड़ी मीटिंग बुलाई। यह मीटिंग दिल्ली के आप विधायकों की थी। इसमें केजरीवाल ने विधायक संग लोकसभा चुनाव में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान सहित कई विषयों पर चर्चा की। इस बैठक के बाद केजरीवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। शाम को फिर केजरीवाल एक रोड शो करेंगे।

इन मुद्दों पर चर्चा

सूत्रों की मानें तो केजरीवाल द्वारा दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित आधिकारिक आवास पर दिल्ली के आप विधायकों की बुलाई गई बैठक में लोकसभा चुनाव प्रचार की रणनीतियों पर चर्चा हुई। इसमें इसमें आप सरकार द्वारा दिल्ली और पंजाब में विकास कार्यों के साथ पीएम मोदी और भाजपा को किन- किन मुद्दों पर घेरना है, इस पर चर्चा शामिल है। बैठक में केजरीवाल ने जेल में रहने के दौरान पार्टी के साथ ईमानदारी से खड़े हुए विधायकों आभार भी प्रकट किया।

विधायकों की बैठक के बाद बोले केजरीवाल

बैठक खत्म होने के बाद मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि न तो वे (भाजपा) हमारी सरकार गिरा सके, न ही वे हमारे विधायकों को तोड़ पाए, न ही वे हमारी पंजाब सरकार को नुकसान पहुंचा पाए। उनकी पूरी योजना विफल रही। इतना ही नहीं, इसके विपरीत पूरी राजनीतिक कहानी उनके खिलाफ चली गई।

आपको पार्टी को नियंत्रण में रखना है

उन्होंने कहा कि मुझे पता चला कि इन लोगों ने आपको लालच देकर और धमकाकर आपको तोड़ने की कोशिश की, लेकिन आप सब डटे रहे, इससे पार्टी और देश को भी गर्व है। मैं 21 दिन के लिए बाहर आया हूं और 2 तारीख को फिर वापस जाना है, इसलिए इसलिए उसके बाद आप सभी को पार्टी को नियंत्रण में रखना होगा क्योंकि मैं समझता हूं कि केवल आम आदमी पार्टी ही अब इस देश का भविष्य दे सकती है।

एक्स पर दी बैठक की जानकारी

इससे पहले सीएम केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर विधायकों के संग बैठक करने की जानकारी दी। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि सुबह 11 बजे पार्टी कार्यालय में विधायकों की बैठक है। दोपहर एक बजे- पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस, शाम 4 बजे रोड शो- नई दिल्ली लोकसभा, मोती नगर, शाम छह बजे रोड शो- पश्चिमी दिल्ली लोकसभा और उत्तम नगर में आप सभी को आना होगा।

भाजपा सरकार की तानाशाही को खत्म करना जरूरी

इस बैठक में शामिल होने से पहले मीडिया से बात करते हुए दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के अंदर AAP लगातार भाजपा की तानाशाही के ख़िलाफ अलग-अलग तरीके से जनता के बीच चुनाव प्रचार कर रही है। पहले भी हमने कई दूसरे माध्यम से लोगों को बताने की कोशिश की है। आज फिर से साइक्लोथॉन के माध्यम से जनता के बीच संदेश पहुंचा रहे हैं कि देश को बचाने के लिए भाजपा सरकार की तानाशाही को खत्म करना जरूरी है।

मोदी के रिटायरमेंट से भाजपा में भूचाल

उन्होंने आगे कहा कि आप नेता व दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा, 'कल से अरविंद केजरीवाल ने जब बयान दिया (कि प्रधानमंत्री अगले साल 75 वर्ष के होने जा रहे हैं) उसकी चर्चा भाजपा का हर पदाधिकारी-कार्यकर्ता कर रहा है। मोदी जी ने खुद 75 साल होने पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के रिटायरमेंट का नियम बनाया और अब वे 75 साल के होने जा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल के बयान से भाजपा में कल से भूचाल आ गया है।

25 मई को डाले जाएंगे दिल्ली में वोट

बता दें कि दिल्ली की सभी सात संसदीय सीटों पर लोकसभा चुनाव के छठे चरण पर वोट डाले जाएंगे, जो कि 25 मई को होगा। 2014 से दिल्ली भाजपा का अभेद्य दुर्ग बना हुआ है। साल 2014 और 2019 के लोकभा चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की सभी सीटों पर जीत हासिल की थी। 2024 में भाजपा के इस अभेद्य किला को भेदने के लिए केजरीवाल की पार्टी आप ने कांग्रेस का सहारा लिया है। इंडिया गठबंधन के तहत आप और कांग्रेस साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। गठबंधन के तहत आप 4 सीटों पर तो कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। अब देखना यह होगा कि इंडिया गठबंधन दिल्ली में भाजपा का अभेद्य किला को भेद पाता है या फिर यह 2024 में भी अजेय दुर्ग बना रहेगा। इसका फैसला 4 जून को होगा। यानी इस लोकसभा चुनाव के परिणाम आएंगे।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story