×

Mamata on RSS : संघ की तारीफ करके ममता घिरीं, लेफ्ट और ओवैसी ने बताया 'संघ की दुर्गा',अधीर रंजन भी भड़के

माकपा ने इस बयान को लेकर ममता पर बड़ा हमला बोला है। माकपा नेता मोहम्मद सलीम ने तो ममता को 'संघ की दुर्गा' तक बता डाला। तृणमूल कांग्रेस के नेता इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 2 Sep 2022 6:57 AM GMT
West Bengal CM Mamata Banerjee
X

West Bengal CM Mamata Banerjee (Image: Social Media)

Mamata Banerjee on RSS : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की ओर से हाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। ममता के इस बयान पर हैरानी जताई जा रही है क्योंकि ममता ने परोक्ष रूप से संघ की तारीफ की थी। उनका कहना था कि संघ में सभी लोग बुरे नहीं हैं और वे भाजपा का समर्थन नहीं करते। संघ को लेकर दिए गए इस बयान के बाद ममता की घेराबंदी की जा रही है।

एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi), कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) और माकपा ने इस बयान को लेकर ममता पर बड़ा हमला बोला है। माकपा नेता मोहम्मद सलीम (CPI(M) leader Mohammad Salim) ने तो ममता को 'संघ की दुर्गा' तक बता डाला। ओवैसी ने कहा कि ममता पहले भी संघ को देशभक्त बता चुकी हैं। इस घेरेबंदी के बाद अभी तक ममता की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई गई है।

क्या कहा था ममता ने?

तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान संघ के बारे में अहम बयान दिया था। उनका कहना था कि, 'मेरी नजर में संघ में सारे लोग बुरे नहीं हैं। कई मामलों को लेकर वे भाजपा का समर्थन नहीं करते हैं।' ममता के इस बयान को लेकर सियासी पंडित भी हैरान रह गए थे, क्योंकि भाजपा की ओर से लंबे समय से ममता पर मुस्लिम परस्त होने का आरोप लगाया जाता रहा है।

ओवैसी ने ममता को घेरा

अब ममता के इस बयान को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने ममता पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि वे पहले भी संघ की तारीफ कर चुकी हैं। 2003 में उन्होंने संघ को देशभक्त संगठन बताया था और इसके बदले में संघ ने उन्हें 'दुर्गा' की संज्ञा दे डाली थी। ओवैसी ने कहा, कि सभी को इस बात की जानकारी है कि संघ देश को हिंदू राष्ट्र बनाने की कोशिश में जुटा हुआ है। संघ और भाजपा को लेकर ममता की भूमिका पहले भी संदेह के घेरे में रही है। गुजरात में दंगों के बाद उन्होंने भाजपा सरकार का बचाव किया था। ओवैसी ने कहा कि टीएमसी के मुस्लिम चेहरों को ममता के इस बयान पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

माकपा नेता की तीखी प्रतिक्रिया

माकपा नेता मोहम्मद सलीम ने भी ममता के संघ पर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा कि सच्चाई तो यह है कि ममता संघ के लिए दुर्गा की भूमिका निभाने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि संघ की ओर से ममता को पहले भी दुर्गा बताया जा चुका है और वे सच्चाई में संघ के लिए दुर्गा की भूमिका निभा रही हैं।

अधीर रंजन ने बोला ममता पर हमला

पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने भी ममता के इस बयान को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने याद दिलाया कि ममता अतीत में ममता संघ के पुस्तक विमोचन समारोह में भी हिस्सा ले चुकी हैं। वाममोर्चा सरकार के खिलाफ संघर्ष के दिनों में उन्होंने संघ और भाजपा से मदद मांगी थी। चौधरी ने कहा कि भाजपा संघ के विचारों के आधार पर ही काम कर रही है मगर ममता संघ की तारीफ करने में जुटी हुई हैं। वे पहले भी संघ के समर्थन में बयान दे चुकी हैं।

संघ संबंधी बयान पर कई दलों की तीखी प्रतिक्रिया के बावजूद अभी तक ममता ने इन टिप्पणियों का कोई जवाब नहीं दिया है। तृणमूल कांग्रेस के अन्य नेता भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story