×

Jharkhand: नई राजधानी बनाने के लिए CM ने केंद्र से मांगे 4 हजार करोड़

Newstrack
Published on: 7 Feb 2016 11:01 AM GMT
Jharkhand: नई राजधानी बनाने के लिए CM ने केंद्र से मांगे 4 हजार करोड़
X

रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता में हुई राज्य के वित्त मंत्रियों की बैठक में झारखंड के विकास के लिए अपने पक्ष को मजबूती से रखा। उन्होंने केंद्र सरकार से 12,556 करोड़ रुपए के वित्तीय पैकेज की मांग की। इसमें नई राजधानी के निर्माण के लिए 4095.30 करोड़ रुपए की सहायता भी शामिल है। रघुवर दास ने झारखंड के लिए एम्स, आइआइटी, मुक्त विश्र्वविद्यालय और कम से कम एक स्मार्ट सिटी की भी मांग की है।

दामोदर नदी को भी जोड़ें नमामि गंगे परियोजना से

सीएम ने नमामि गंगे परियोजना में दामोदर नदी को भी शामिल करने की मांग की। बताया कि दामोदर सफाई के लिए 1,640 करोड़ की योजना नीति आयोग को सौंपी गई है। सीएम ने केंद्र प्रायोजित आठ डिलिंक्ड योजनाओ के लिए भी 583.22 करोड़ रुपए की राशि जल्द देने की मांग की।

छत्तीसगढ़ के तर्ज पर बनेगी नई राजधानी

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के रायपुर की तर्ज पर नई राजधानी के निर्माण के लिए केंद्र से 4095.30 करोड़ की सहायता की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि रायपुर को नई राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए पर्याप्त केंद्रीय सहायता मुहैया कराई गई है। मुख्यमंत्री ने अरुण जेटली को राज्य की कृषि की स्थिति से अवगत कराते हुए झारखंड में हरित क्रांति के लिए 5712.58 करोड़ रुपए की विशेष सहायता की मांग की।

स्टील एवं थर्मल इकाइयो की स्थापना में मांगी मदद

झारखंड में बैंक शाखाओं और एटीएम के विस्तार का मसला भी सीएम ने उठाया। उन्होंने अधिक से अधिक स्टील एवं थर्मल इकाइयों की स्थापना में केंद्र से सहयोग की मांग की।

एचइसी के लिए विशेष पैकेज मांगे

सीएम ने एचइसी और झरिया के पुनर्वास के लिए विशेष पैकेज की मांग की। बंद पड़ी खदानों के पुनर्वास के लिए भी विशेष पैकेज की मांग की।

Newstrack

Newstrack

Next Story