×

Himachal CM Health: देर रात अचानक बिगड़ी सीएम सुक्खू की तबीयत, अस्तपाल में होना पड़ा भर्ती

Himachal CM Health: फिलहाल मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन आईजीएमसी अस्पताल प्रबंधन ने इसकी पुष्टि की है।

Krishna Chaudhary
Published on: 26 Oct 2023 4:52 AM GMT
CM sukhwinder singh
X

CM sukhwinder singh  (photo: social media )

Himachal CM Health: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तबीयत देर रात अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद फौरन उन्हें राजधानी शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में एडमिट करवाया गया। फिलहाल मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन आईजीएमसी अस्पताल प्रबंधन ने इसकी पुष्टि की है। सूत्रों ने बताया कि फिलहाल मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है। उनके हेल्थ पर डॉक्टरों की एक टीम नजर रख रही है। अस्पताल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रात ढ़ाई बजे के करीब पेट में दर्द की शिकायत की। ज्यादा तकलीफ होने के बाद उन्हें तुरंत मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) लाया गया। डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि उनके पेट में सूजन है। इसके बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया। मुख्यमंत्री को अस्पातल के स्पेशल वार्ड में रखा गया है।

इससे पहले भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अस्पताल का चक्कर काट चुके हैं। पांच माह पूर्व उन्होंने पंजाब के मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में अपना इलाज करवाया था। पांव में दर्द की शिकायत के बाद वे यहां इलाज कराने पहुंचे थे। डॉक्टरों ने उनका एमआरआई करवाने के बाद उन्हें फिजियोथैरेपी की सलाह दी थी।

59 वर्षीय सुक्खू नादौन सीट से विधायक हैं। 2022 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली बड़ी जीत के बाद आलाकमान ने उनके सिर पर मुख्यमंत्री का ताज रखा था। गांधी परिवार खासकर राहुल और प्रियंका गांधी के काफी करीबी माने जाने वाले सुक्खू पहली बार सीएम बने हैं।

हिमाचल में बारिश ने मचाई थी भीषण तबाही

हिमाचल प्रदेश में इस बार बारिश ने भीषण तबाही मचाई थी। अप्रैल माह से जारी बारिश ने इस खूबसूरत प्रदेश में जनजीवन को बुरी तरह से अस्त व्यस्त कर दिया था। सैंकड़ों हिमाचली बेघर हो चुके हैं। राज्य को हजारों करोड़ रूपये का नुकसान हुआ है। हिमाचल प्रदेश में अभी भी राहत एवं बचाव कार्य जारी है। पिछले दिनों कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी खुद प्रदेश के दौरे पर आई थीं और प्रभावित इलाकों का दौरा कर वहां चल रहे कार्यों का जायजा लिया था।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story