×

RSS चीफ के मस्जिद दौरे पर कांग्रेस का तंज, कहा- भारत जोड़ो यात्रा में थामे तिरंगा, चलें राहुल के साथ

Mohan Bhagwat Masjid Visit : कांग्रेस ने भागवत के दौरे पर कहा, कि ये उनकी 'भारत जोड़ो यात्रा' का ही असर है। जिस वजह से आरएसएस प्रमुख मुस्लिम समुदाय के लोगों के पास जा रहे हैं।

aman
Written By aman
Published on: 23 Sep 2022 4:58 AM GMT
congress attacks on rss chief mohan bhagwat masjid visit said join bharat jodo yatra with tricolor
X

Mohan Bhagwat

Mohan Bhagwat Masjid Visit : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) ने हाल ही में मस्जिद दौरे कर सभी को हैरान कर दिया। गुरुवार को भागवत ने राष्ट्रीय राजधानी के कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित मस्जिद का दौरा किया था। जिसके बाद बाद वो आजादपुर के मदरसा तजावीदुल कुरान भी गए। इतना ही नहीं, आरएसएस चीफ की ऑल इंडिया मुस्लिम इमाम ऑर्गनाइजेशन (All India Imam Organization) के प्रमुख इमाम उमर अहमद इलियासी से मुलाकात भी हुई। अब इसी घटनाक्रम पर कांग्रेस पार्टी ने मोहन भागवत और बीजेपी पर निशाना साधा है।

कांग्रेस ने भागवत के दौरे पर कहा, कि ये उनकी 'भारत जोड़ो यात्रा' का ही असर है। जिस वजह से आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत इमाम और मुस्लिम समुदाय के लोगों के पास जा रहे हैं। इतना ही नहीं कांग्रेस पार्टी ने मोहन भागवत को भारत जोड़ो यात्रा में तिरंगे के नीचे आने का भी निमंत्रण दिया।

कांग्रेस का तंज- 'आगे आगे देखिए होता है क्या'

कांग्रेस के मीडिया तथा प्रमुख पवन खेड़ा (Pawan Kheda) ने इस संबंध में एक ट्वीट किया। खेड़ा लिखते हैं, 'अभी भारत जोड़ो यात्रा को मात्र 15 दिन हुए हैं और भाजपा के प्रवक्ता 'गोडसे मुर्दाबाद' बोलने लगे, मंत्री मीडिया से फैलने वाली नफ़रत पर चिंतित होने लगे और मोहन भागवत इमामों के पास पहुंच गए। आगे आगे देखिए होता है क्या।'

कांग्रेस ने तिरंगा पकड़ चलने की दी सलाह

वहीं, कांग्रेस पार्टी के एक अन्य प्रवक्ता गौरव वल्लभ (Gaurav Vallabh) ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'भारत जोड़ो यात्रा के सिर्फ दो सप्ताह हुए हैं और उसके नतीजे दिखने लगे हैं। बीजेपी का एक प्रवक्ता टीवी चैनल पर 'गोडसे मुर्दाबाद' कह रहा है। भागवत जी आज दूसरे धर्म के लोगों के घर जा रहे हैं। यह भारत जोड़ो यात्रा का ही प्रभाव है।'

राहुल जी के साथ तिरंगा थामें

गौरव वल्लभ ने आगे कहा, 'यह यात्रा (भारत जोड़ो यात्रा) जब संपन्न होगी तो देश में जो नफरत है, जो कटुता है, जो धर्मों के आधार पर विभाजन है, उस पर मरहम लगाने का काम करेगी। उन्होंने कहा, हम भागवत जी से आग्रह करेंगे कि आप पर भारत जोड़ो यात्रा के माहौल से इतना प्रभाव पड़ा है तो एक घंटे के लिए इस यात्रा में शामिल हो जाएं। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में चलिए और हाथ में तिरंगा लेकर चलिए। 52 साल तक आपने तिरंगा नहीं पकड़ा। अब पकड़िए और भारत को जोड़िए।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story