×

Congress: कांग्रेस को मिली बड़ी राहत, फ्रीज खाते हुए बहाल, बुधवार को होगी अगली सुनवाई

Congress: कांग्रेस को अंतरिम राहत मिल गई है। फ्रीज किए गए खातों को बहाल कर दिया गया है। पार्टी और आयकर विभाग के बीच 115 करोड़ रूपये के टैक्स को लेकर विवाद है।

Krishna Chaudhary
Published on: 16 Feb 2024 6:46 AM GMT (Updated on: 16 Feb 2024 7:22 AM GMT)
Ajay Maken
X

Ajay Maken  (photo: social media )

Congress: बैंक खातों को सीज किए जाने से परेशान कांग्रेस को बड़ी राहत मिली है। आईटी ट्रिब्यूनल कोर्ट ने फ्रीज किए गए खातों को बहाल कर दिया है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने इसकी पुष्टि की है। इस मामले में अगली सुनवाई बुधवार को होगी। दरअसल, कांग्रेस के सीनियर नेता और पेशे से वकील तन्खा ने आयकर विभाग की कार्रवाई के खिलाफ आज दिल्ली की आईटी ट्रिब्यूनल कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

उन्होंने कोर्ट को पार्टी के सारे खाते फ्रीज करने से उत्पन्न हुई परेशानियों की जानकारी दी, जिसके बाद अदालत ने बुधवार तक खातों पर लगी रोक को हटाने का निर्देश दिया। इससे पहले देश की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस के पास बड़ा आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया था। पार्टी के पास उसके कर्मचारियों को वेतन और यहां तक की बिजली बिल का भुगतान करने तक के पैसे के लाले पड़ गए थे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने पार्टी के खातों को सीज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग ने 210 करोड़ रूपये की रिकवरी मांगी है। अजय माकन ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमें गुरुवार को पता चला कि बैंकों ने पार्टी द्वारा जारी चेक रोक दिए हैं। वे उसे क्लियर नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के बैंक अकाउंट्स भी सीज कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं क्राउड फंडिंग वाला खाता भी सीज कर दिया गया है।

बिजली बिल भरने तक के पैसे नहीं

कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी के विभिन्न खातों को सीज किए जाने से गंभीर चुनौती उत्पन्न हो गई है। अभी हमारे पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए और बिजली बिल तक का भुगतान करने के पैसे नहीं हैं। अकाउंट फ्रीज होने के कारण न केवल भारत जोड़ो यात्रा बल्कि सभी राजनीतिक गतिविधियां प्रभावित होंगी। चुनाव से ठीक 2 हफ्ते पहले जब विपक्ष के खाते फ्रिज कर दिए जाते हैं, तो यह लोकतंत्र को फ्रिज करने के बराबर है।

केंद्र पर हमला बोलते हुए अजय मकान ने आगे कहा कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म हो चुका है। देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के सारे अकाउंट्स फ्रीज कर दिए गए हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अकाउंट पर तालाबंदी कर दी गई है। ये कांग्रेस पार्टी के अकाउंट्स फ्रीज नहीं हुए, हमारे देश का लोकतंत्र फ्रीज हो गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने बोला हमला

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर लिखा, सत्ता के नशे में चूर, मोदी सरकार ने लोक सभा चुनाव के ठीक पहले देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस - के Accounts Frozen कर दिए है। ये लोकतंत्र पर गहरा आघात है। भाजपा ने जो असंवैधानिक धन इकट्ठा किया है, उसका इस्तेमाल वे चुनाव में करेंगे, लेकिन हमने क्राउडफंडिंग के जरिए जो पैसा इकट्ठा किया है, उसे सील कर दिया जाएगा। इसीलिए हमने कहा है कि भविष्य में कोई चुनाव नहीं होंगे। हम न्यायपालिका से अपील करते हैं, कि इस देश में Multi-Party System को बचाएं और भारत के लोकतंत्र को सुरक्षित करें। हम सडकों पर उतरेंगे और इस अन्याय व तानाशाही के ख़िलाफ़ पुरज़ोर तरह से लड़ेंगे।

इनकम टैक्स से जुड़ा है मामला

कर्नाटक से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने वाले दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय मकान ने कहा कि 2018-19 के इनकम टैक्स फाइलिंग को आधार बनाकर करोड़ों रूपये की मांग की जा रही है। पार्टी को रिटर्न फाइल करने में थोड़ी देर हो गई थी। इसके लिए 45 दिन का और समय दिया गया था। इसका मतलब ये नहीं की अकाउंट को ही सीज कर दिया जाए। ये बड़े शर्म की बात है। आयकर विभाग ने कांग्रेस और यूथ कांग्रेस से 210 करोड़ रूपये की रिकवरी मांगी है।

बता दें कि ये मामला ऐसे वक्त में सामने आया है, जब एक दिन पहले सुप्रीमो कोर्ट ने मोदी सरकार द्वारा अपने पहले कार्यकाल में लाए गए इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम को रद्द कर दिया था। इस केंद्र के लिए बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है। विपक्षी पार्टियां कोर्ट के फैसले के बाद से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story