×

Donate For Desh: कांग्रेस के ‘डोनेट फॉर देश’ अभियान में गड़बड़ी उजागर, डोमेन नेम बीजेपी के नाम रजिस्टर

Donate For Desh: डोनेट फॉर देश डोमेन पहले से ही भाजपा के नाम रजिस्टर था। इस बड़ी गड़बड़ी के कारण कांग्रेस को चंदा देने के इच्छुक लोग DonateForDesh.org पर क्लिक करने के बाद भाजपा के डोनेशन पेज पर पहुंच जा रहे थे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 19 Dec 2023 5:44 AM GMT
congress campaign Donate For Desh
X

congress campaign Donate For Desh  (photo: social media )

Donate For Desh: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चंदा जुटाने के लिए बड़ा अभियान तो शुरू कर दिया मगर इस अभियान में एक बड़ी गड़बड़ी उजागर हुई है। इस गड़बड़ी के कारण अभियान शुरू होने के कुछ घंटे बाद ही बाधित हो गया। दरअसल पार्टी डोनेट फॉर देश डोमेन नेम को रजिस्टर करना भूल गई। डोनेट फॉर देश डोमेन पहले से ही भाजपा के नाम रजिस्टर था। इस बड़ी गड़बड़ी के कारण कांग्रेस को चंदा देने के इच्छुक लोग DonateForDesh.org पर क्लिक करने के बाद भाजपा के डोनेशन पेज पर पहुंच जा रहे थे।

कांग्रेस ने बोला भाजपा पर हमला

कांग्रेस के पास डोनेट फॉर देश अभियान के लिए जो डोमेन उपलब्ध है,वह donateinc.net है। इसे क्लिक करने पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का पेज खुलता है। इस पेज पर दानदाताओं से 138, 1380 और 13800 रुपये का दान देने का अनुरोध किया गया है।

यह गड़बड़ी उजागर होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर हमला भी बोला है। पार्टी ने भाजपा पर कांग्रेस की नकल करने और लोगों को भ्रमित करने के लिए फर्जी डोमेन बनाने का बड़ा आरोप लगाया है।


भाजपा में दिख रही है घबराहट

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पार्टी के सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि कांग्रेस की ओर से अभियान शुरू किए जाने के बाद भाजपा में भारी घबराहट दिख रही है। उन्होंने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा कि निरंकुश सत्ता, सारी संस्थाएँ, सारे संसाधन, सबसे ज़्यादा पैसा पास में होने के बावजूद BJP इतना डरती क्यों है?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने डोनेशन कैंपेन शुरू किया तो वे न सिर्फ़ घबरा गये बल्कि इनके तंत्र ने फ़र्ज़ी डोमेन बना कर भ्रमित करना भी शुरू कर दिया। कांग्रेस के 𝐃𝐨𝐧𝐚𝐭𝐞 𝐟𝐨𝐫 𝐃𝐞𝐬𝐡 में आप सिर्फ़ donateinc.in के द्वारा ही डोनेट कर सकते हैं। वैसे हमारी नक़ल करने के लिए धन्यवाद। आपका डर देख कर अच्छा लगा।

पहले दिन महाराष्ट्र से आया सबसे ज्यादा चंदा

कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने बताया कि कांग्रेस के चंदा जुटाने के अभियान को लोगों का जबरदस्त समर्थन हासिल हो रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन ही पार्टी को एक करोड़ 17 लाख रुपये का चंदा हासिल हुआ है। पहले दिन सबसे ज्यादा डोनेशन महाराष्ट्र से 23 लाख रुपये का आया है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान से 10 लाख, दिल्ली से 9 लाख, उत्तर प्रदेश से 8 लाख और कर्नाटक से भी 8 लाख का चंदा पार्टी को मिला है। माकन ने दानदाताओं के प्रति कांग्रेस की ओर से आभार जताते हुए कहा कि आपका योगदान वंचितों की आवाज मजबूत बनाने में कांग्रेस की मदद करेगा।

खड़गे ने की थी अभियान की शुरुआत

कांग्रेस के चंदा जुटाने के अभियान की शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को की थी। पार्टी के लिए चंदा जुटाने के अभियान की शुरुआत करते हुए खड़गे ने पार्टी के खाते में 1,38,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। कांग्रेस का स्थापना दिवस 28 दिसंबर को है और यह अभियान उस तारीख तक चलाया जाएगा।

इस मौके पर खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पहली बार देश के लिए दान करने का अनुरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर आप लगातार अमीर लोगों पर निर्भर रहेंगे तो आपको उनकी नीतियों और शर्तों को मानने के लिए मजबूर भी होना पड़ेगा। इसीलिए पार्टी देश के आम लोगों से मदद मांग रही है। उनका कहना था कि महात्मा गांधी ने भी स्वतंत्रता संग्राम के लिए दान लिया था और हम भी एक बड़ी लड़ाई के लिए लोगों से मदद मांग रहे हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story