×

Congress Foundation Day: संघ के गढ़ में आज चुनावी बिगुल फूंकेगी कांग्रेस, नागपुर की महारैली में जुटेंगे पार्टी के सभी दिग्गज नेता

Congress Foundation Day: पार्टी की ओर से इस रैली को ‘हैं तैयार हम’ नाम दिया गया है। इस रैली के साथ पार्टी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकेगी।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 28 Dec 2023 4:03 AM GMT (Updated on: 28 Dec 2023 4:09 AM GMT)
Congress Foundation Day
X

Congress Foundation Day  (photo: social media )

Congress Foundation Day: कांग्रेस ने आज अपने 139वें स्थापना दिवस के मौके पर नागपुर में महारैली का आयोजन किया है। नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय है और इस कारण नागपुर में इस रैली के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। पार्टी की ओर से इस रैली को ‘हैं तैयार हम’ नाम दिया गया है। इस रैली के साथ पार्टी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकेगी। नागपुर की इस रैली में लाखों लोगों को जुटाने के लिए पार्टी की ओर से कई दिनों से तैयारियां की जा रही हैं।

इस रैली को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कांग्रेस के अन्य सभी दिग्गज नेता संबोधित करेंगे। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस रैली में मौजूद रहेंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस रैली के जरिए पार्टी देश में बदलाव का संदेश देगी। रैली के बाद कांग्रेस नेताओं की बैठक में अगले लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन भी किया जाएगा।

नागपुर में महारैली के पीछे कांग्रेस की रणनीति

कांग्रेस का चुनावी बिगुल फूंकने के लिए नागपुर का चयन काफी सोच समझकर किया गया है। नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय है और इसलिए पार्टी ने यहीं से देश भर में बदलाव का संदेश देने का फैसला किया है। राहुल गांधी समेत कांग्रेस के अन्य नेता लगातार आरएसएस और भाजपा पर लगातार हमलावर रहे हैं। ऐसे में 2024 की सियासी जंग की शुरुआत नागपुर से किए जाने के कदम को सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कांग्रेस की ओर से इस महारैली की कई दिनों से तैयारियां की जा रही हैं। खास तौर पर महाराष्ट्र इकाई ने इस रैली में लाखों की भीड़ जुटाने के लिए काफी मेहनत की है। पार्टी नेताओं की ओर से दावा किया गया है कि नागपुर में आज आयोजित ‘हैं तैयार हम’ महारैली में लाखों लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

नागपुर से बदलाव का संदेश देगी कांग्रेस

महाराष्ट्र के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि कांग्रेस भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए के खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मकसद केंद्र की सत्ता से भाजपा को हटाने के लिए बदलाव का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि देश जब भी मुसीबत में घिरा है, तब देश को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी ही आगे आई है। कांग्रेस के आने के बाद देश में बड़ा बदलाव भी दिखा है।

पटोले ने कहा कि नागपुर में कांग्रेस की महारैली का आयोजन भी ऐतिहासिक साबित होने वाला है। कांग्रेस की स्थापना दिवस के मौके पर नागपुर में यह आयोजन और भी महत्वपूर्ण साबित होगा। इस महारैली में भाजपा की अहंकारी और अत्याचारी सरकार को गिरने का संकल्प लेने के साथ ही बदलाव का बड़ा संदेश दिया जाएगा। नागपुर के कांग्रेस विधायक नितिन राउत ने कहा कि इस रैली के जरिए कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंकेगी।

रैली में हिस्सा लेंगे पार्टी के सभी दिग्गज नेता

इस महारैली में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस के सभी शीर्ष नेता आज नागपुर पहुंचेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत तमाम समेत पार्टी के सभी दिग्गज नेता इस रैली को संबोधित करेंगे। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और विभिन्न प्रदेशों के नेता भी इस महारैली में हिस्सा लेने के लिए आज नागपुर पहुंचेंगे।

चुनावी रणनीति पर भी किया जाएगा मंथन

इस महरैली के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पार्टी के महासचिवों और प्रदेश प्रभारियों के साथ लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा भी करेंगे। उत्तर भारत के राज्यों में कांग्रेस की सियासी स्थिति मजबूत नहीं मानी जा रही है और यही कारण है कि पार्टी की ओर से इन राज्यों पर विशेष तौर पर फोकस किया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व पिछले कई दिनों से विभिन्न प्रदेशों के नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन करने में जुटा हुआ है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story