×

Bharat Jodo Nyay Yatra: असम सीएम ने राहुल गांधी को बताया ‘रावण’, कांग्रेस ने किया पलटवार

Bharat Jodo Nyay Yatra: 22 जनवरी को यात्रा मेघालय पहुंची थी, जहां कांग्रेस सांसद ने युवाओं को संबोधित करते हुए असम और केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

Krishna Chaudhary
Published on: 23 Jan 2024 6:31 AM GMT
Assam CM calls Rahul Gandhi Ravana
X

Assam CM calls Rahul Gandhi Ravana  (photo: social media )

Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी की अगुवाई में निकली कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का आज यानी मंगलवार 23 जनवरी को 10वां दिन है। उनकी यात्रा गुवाहाटी में प्रवेश कर च़ुकी है। इससे पहले नौवें दिन यानी 22 जनवरी को यात्रा मेघालय पहुंची थी, जहां कांग्रेस सांसद ने युवाओं को संबोधित करते हुए असम और केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उनके निशाने पर मुख्य रूप से पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा रहे।

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ जब से असम में आई है, तब से सीएम सरमा और राहुल के बीच तीखी जुबानी जंग चल रही है। सोमवार को जब राहुल गांधी से जुड़ा सवाल असम के मुख्यमंत्री से पूछा गया तो उन्होंने कांग्रेस सांसद को ‘रावण’ बता सवाल से पल्ला झाड़ लिया। उनके इस बयान पर आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने पलटवार किया है।

सरमा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग

दरअसल, राहुल गांधी ने 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन प्रसिद्ध असमिया संत श्री शंकरदेव मंदिर जाने का फैसला लिया था। सोमवार को जब वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे तो उन्हें सुरक्षाबलों ने रोक दिया। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का हवाला देते हुए मंदिर प्रबंधन ने उन्हें तीन बजे आने को कहा। इसको लेकर राहुल भड़क गए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ वहीं धरने पर बैठ गए।

मीडिया ने असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा से जब इस बाबत सवाल किया तो उन्होंने कहा, ‘आज रावण के बारे में बात कीजिए।‘ इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी का नाम अभी तक भ्रष्टाचार के एक भी केस में नहीं आया है, जबकि बीजेपी ने खुद हिमंत सरमा पर लुईस बर्जर और शारदा चिटफंट में घोटाला करने का आरोप लगाया था। ऐसे में रावण कौन है ?

बोरा ने आगे कहा कि रावण कौन है, जिसने सीता माता का अपहरण किया। तिनसुकिया जिले के एक चाय बगान में काम करने वाली एक महिला का बीजेपी के लोग ने रेप किया। परिवार ने जब थाने में केस दर्ज कराया तो पुलिस और बीजेपी के नेताओं ने पीड़िता की मां पर केस वापस लेने का दवाब डाला। जिसके बाद उसकी मां ने सुसाइड कर लिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज पूरे देश में असम की महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। जहां रावण होता है वहां महिलाएं असुरक्षित होती हैं।


असम में कब तक रहेगी यात्रा

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ जब से असम में प्रवेश की है, तब से लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। यात्रा के पहले दिन मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने नियम तोड़ने पर राहुल गांधी को गिरफ्तार करने की चेतावनी दी थी। अगले दिन जोकीहाट में यात्रा के आयोजन और अन्य पर केस दर्ज भी किया गया। इसके बाद यात्रा के सातवें दिन काफिले में शामिल वाहनों पर हमला कर उसमें तोड़फोड़ की गई। कांग्रेस नेताओं के पोस्टर फाड़े गए।


आठवें दिन सोनितपुर में राहुल गांधी के साथ धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस ने इन घटनाओं के खिलाफ सोमवार शाम को देशभर के जिला मुख्यालयों में बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन किया था। बता दें कि असम में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 25 जनवरी तक रहेगी। इसके बाद पश्चिम बंगाल में प्रवेश करेगी।


Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story