×

Himachal Politics: हिमाचल में कांग्रेस को बड़ा झटका, 6 बागी और 3 निर्दलीय विधायक BJP में शामिल

Himachal Politics: राज्यसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने वाले तीन निर्दलीय विधायकों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। अब राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या घटकर 34 हो गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 23 March 2024 8:41 AM GMT
Congress in Himachal Pradesh
X

कांग्रेस क निर्दलीय विधायक भाजपा में शामिल   (photo: social media )

Himachal Politics: लोकसभा चुनाव से पहले हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राज्यसभा चुनाव में बागी तेवर दिखाने वाले छह विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद इन विधायकों को अयोग्य ठहराया गया था।

इसके साथ ही ही राज्यसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने वाले तीन निर्दलीय विधायकों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। अब राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या घटकर 34 हो गई है। इन विधायकों के पाला बदलने से लोकसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस को बड़ा सियासी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

बगावत के बाद छिन गई थी सदस्यता

राज्यसभा चुनाव में बागी तेवर दिखाने वाले इन विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद भी विधानसभा में भाजपा सदस्यों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। इसका कारण यह है कि विधानसभा के स्पीकर ने बाद में इन छह बागी विधायकों को अयोग्य ठहराया था और उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी।

विधानसभा के स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया का कहना था कि इन विधायकों ने पार्टी की ओर से जारी व्हिप का उल्लंघन किया है। उनका कहना था कि मैंने दोनों पक्षों को सुनने के बाद अपना फैसला सुनाया है। दूसरी ओर निर्दलीय विधायक भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं।

कांग्रेस सरकार के पास अभी भी बहुमत

हिमाचल प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने भाजपा को पछाड़ते हुए 40 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा सिर्फ 25 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 35 है और अब कांग्रेस विधायकों की संख्या इस आंकड़े से एक कम हो गई है।

वैसे बागी विधायकों की सदस्यता छिनने के बाद अब विधानसभा की स्ट्रेंथ 62 रह गई है और ऐसे में बहुमत का आंकड़ा 32 पर पहुंच गया है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार को अभी भी बहुमत हासिल है मगर उनकी सरकार पर संकट के बदला जरूर मंडरा रहे हैं।

अब भाजपा के टिकट पर लड़ेंगे चुनाव

जिन बागी विधायकों ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, उनमें राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, चैतन्य शर्मा, रवि ठाकुर, इंद्र दत्त लखनपाल और देवेंद्र कुमार शामिल हैं। इन सभी विधायकों को अयोग्य ठहराए जाने के बाद जल्द ही उनके विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होंगे।

माना जा रहा है कि इन्हें भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। इन विधायकों के अलावा हमीरपुर सदर से निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा, नालागढ़ से केएल ठाकुर और देहरा से होशियार सिंह ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। अब इन विधायकों को भी बीजेपी टिकट देकर चुनाव मैदान में उतार सकती है। होशियार सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अब हम सभी भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरेंगे।

हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान बड़ा खेला हुआ था और कांग्रेस के 6 विधायकों की बगावत के कारण पार्टी के उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी को चुनावी हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद से ही राज्य में कांग्रेस की सरकार मुश्किलों में फंसी हुई है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story