TRENDING TAGS :
Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने बेगूसराय में 'रोजगार दो, पलायन रोको' शुरू की पदयात्रा, उमड़ा समर्थकों का हुजूम
Rahul Gandhi Bihar Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बिहार में 'रोजगार दो, पलायन रोको' यात्रा करेंगे।
Rahul Gandhi Bihar Yatra: बिहार में विधासभा चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी भी बिहार में शानदार प्रदर्शन देने का लिए तैयार हैं। राहुल गांधी आज यानी सोमवार को बिहार में अपनी यात्रा 'रोजगार दो, पलायन रोको' पदयात्रा कर रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का बेगुसराय में NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने स्वागत किया। बेगूसराय से राहुल गांधी की यात्रा शुरू हो गई है। इस दौरान वह युवाओं से संवाद भी कर रहे हैं।
कन्हैया कुमार की पदयात्रा में राहुल गांधी के शामिल होने से कांग्रेस समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। पदयात्रा की शुरुआत हो चुकी है, और इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक भाग ले रहे हैं। राहुल गांधी से मिलने के लिए कांग्रेस समर्थकों में होड़ मच गई। राहुल गांधी का बेगूसराय से पटना पहुंचने का भी कार्यक्रम है, जहां वह संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेंगे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत करेंगे।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि बिहार के युवाओं में जोश है, कुछ कर दिखाने का - और सरकार के ख़िलाफ़ आक्रोश है, उन्हें अवसर और समर्थन नहीं दिलाने का। "पलायन रोको, नौकरी दो" यात्रा में आज बेगूसराय की सड़कों पर हज़ारों युवाओं की भावना, उनका कष्ट और संकल्प साफ़ दिखा। बेरोज़गारी और पलायन के खिलाफ ये आवाज़ अब बदलाव की पुकार बन चुकी है। बिहार अब चुप नहीं बैठेगा, युवा और अन्याय नहीं सहेगा - अपने अधिकार, रोजगार और न्याय की लड़ाई डट कर लड़ेगा।
विपक्ष ने कहा- खड़ी करेंगे समस्या
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बिहार दौरे पर कहा, राहुल गांधी बिहार आएं। वे जहां भी जाते हैं, सबसे पहले अपने गठबंधन और अपनी पार्टी के लिए समस्याएं खड़ी करते हैं। यहां वे तेजस्वी के लिए समस्याएं खड़ी करने आ रहे हैं। लालू यादव की पार्टी जंगलराज स्थापित करने वाली पार्टी है। बिहार की जनता ने भ्रष्ट लोगों को नकार दिया है। वे विकास चाहते हैं।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बिहार दौरे पर कहा, वे पहले अपना पलायन तो बचा लें। कभी उत्तर प्रदेश से केरल, कभी केरल से बिहार। उनके आने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री मोदी की सरकार है। 2005 से पहले का बिहार और 2005 के बाद का बिहार देख लीजिए। जहां वे बेगूसराय जा रहे हैं, उनके पिता ने 1985 में कहा था कि वे वहां पेट्रोकेमिकल बनाएंगे, वे दो बार सांसद बने लेकिन कभी नहीं बनाया। मोदी सरकार ने 25 हजार करोड़ लगाकर वहां रिफाइनरी लगाई, आदि कार्य किए। उन्हें भगवा रंग से नफरत है, इसलिए उन्होंने सफेद रंग चुना है।
नई टीम का उत्साहवर्धन
बता दें कि बीते दिनों कांग्रेस ने करीब 40 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित किया था। राहुल गांधी अपनी नई टीम के साथ बिहार के कई जिलों की यात्रा कर रहे। इसके साथ ही नव नियुक्त जिलाध्यक्षों के साथ चुनाव की रणनीतियों पर भी बात करेंगे। इन जिलाध्यक्षों के माध्यम से ही कांग्रेस बिहार में अपनी सियासी जगह बना पाने में सफल होगी। इस नाते विधानसभा चुनाव में इन जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
राहुल गांधी की कहां से कहां तक यात्रा
एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने राहुल गांधी का स्वागत किया। बेगूसराय के सुभाष चौक से राहुल गांधी ने पद यात्रा में शुरू की। इस दौरान वे लगभग दो से चार किमी पैदल चलेंगे और युवाओं से संवाद भी कर रहे। बता दें कि बेगूसराय यात्रा के बाद, राहुल गांधी करीब एक बजे पटना लौटेंगे। वहां वे कुछ समय विश्राम के बाद श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेंगे, जहां वे बापू के नमक सत्याग्रह और जाति जनगणना की आवश्यकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे। इसके बाद, राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय स्थित सदाकत आश्रम जाएंगे, जहां वे पार्टी नेताओं के साथ 'हर घर झंडा' कार्यक्रम और आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा करेंगे। यात्रा के अंत में, उनका दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।