×

Bihar Politics: बिहार चुनाव पर कांग्रेस की निगाहें, राहुल गांधी का आज साल में तीसरा दौरा, कन्हैया कुमार के साथ करेंगे पदयात्रा

Bihar Politics : बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 7 April 2025 9:33 AM IST (Updated on: 7 April 2025 12:27 PM IST)
Bihar Politics: बिहार चुनाव पर कांग्रेस की निगाहें, राहुल गांधी का आज साल में तीसरा दौरा, कन्हैया कुमार के साथ करेंगे पदयात्रा
X

Rahul Gandhi (photo: social media )

Bihar Politics: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। बिहार चुनाव में इस बार कांग्रेस भी अपनी सियासी जमीन मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। पार्टी की इस मुहिम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी सक्रिय दिख रहे हैं। वे आज साल में तीसरी बार बिहार के दौरे पर पहुंच रहे हैं। बिहार के कांग्रेस नेताओं के साथ हाल में हुई बैठक के बाद राहुल गांधी की इस यात्रा को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है।

वे आज अपनी बिहार यात्रा के दौरान पटना में ‘संविधान की रक्षा’ विषय पर आयोजित सेमिनार में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे पार्टी के युवा नेता कन्हैया कुमार के गृह नगर बेगूसराय पहुंचेंगे और ‘नौकरी दो,पलायन रोको’ पदयात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी ने इस पदयात्रा में पार्टी के युवा साथियों से कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने की अपील की है।

इस साल राहुल गांधी का बिहार का तीसरा दौरा

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने हाल में बिहार के कांग्रेस नेताओं के साथ राजधानी दिल्ली में बड़ी बैठक की थी। इस दौरान राज्य में पार्टी को मजबूत बनाने पर गहराई से मंथन किया गया था। इस बैठक के बाद अब राहुल गांधी आज बिहार के दौरे पर पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी का यह साल का बिहार का तीसरा दौर होगा। इससे पहले वे 18 जनवरी और 5 फरवरी को बिहार की दो यात्राएं कर चुके हैं।

बिहार में कांग्रेस की ओर से अपनी सियासी जमीन मजबूत बनाने की कोशिश से राष्ट्रीय जनता दल में भी बेचैनी दिख रही है। कांग्रेस ने अभी तक सीएम फेस को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं जबकि सीटों को लेकर भी पार्टी की ओर से दबाव बनाने की तैयारी है। ऐसे में राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे और पार्टी की चुनावी रणनीति पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं।

कन्हैया कुमार की पदयात्रा में होंगे शामिल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार और पार्टी के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान ने बताया कि अपनी आज की यात्रा के दौरान राहुल गांधी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में ‘संविधान की रक्षा’ पर आयोजित सेमिनार में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह की याद में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

इसके बाद वे बेगूसराय रवाना होंगे और कांग्रेस की ओर से निकाली गई ‘नौकरी दो,पलायन रोको’ पदयात्रा में शामिल होंगे।

इस यात्रा की अगुवाई पार्टी के युवा नेता कन्हैया कुमार कर रहे हैं और बेगूसराय उनका गृह जिला है। वे बेगूसराय लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं। हालांकि चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। राहुल गांधी ने पार्टी के युवा साथियों से इस पदयात्रा में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सफेद टी-शर्ट पहन कर आने और अपनी आवाज बुलंद करके सरकार पर दबाव बनाने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि हमें बिहार को अवसरों वाला राज्य बनाने के लिए लड़ाई लड़नी होगी।

राहुल गांधी का दौरा क्यों है अहम

बिहार में 2020 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ा था मगर पार्टी सिर्फ 19 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी। इस बार कांग्रेस ने सीट बंटवारे के मुद्दे पर बातचीत शुरू होने से पहले ही दबाव बनाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस इस बार उन सीटों को लेकर राजद पर दबाव बनाना चाहती है जहां पार्टी को अपनी स्थिति मजबूत दिख रही है।

पार्टी ने हाल में राजेश कुमार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाकर दलित कार्ड पहले ही चल दिया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह को राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव का करीबी माना जाता रहा है और ऐसे में उनके अध्यक्ष रहने पर कांग्रेस राजद पर दबाव बनाने में खुद को सक्षम नहीं पा रही थी।

पार्टी के नए प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु भी बिहार में पार्टी को मजबूत बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद उन्होंने हाल में पहली बार दिल्ली एम्स में भर्ती लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की है। ऐसे में पार्टी की ओर से बनाई जा रही पुख्ता रणनीति के बीच राहुल गांधी का बिहार दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story