×

New Congress President: नए अध्यक्ष के लिए गहलोत करेंगे नामांकन, शशि थरूर भी ताल ठोकने के लिए तैयार

Congress President Election: वैसे राहुल गांधी ने अभी तक खुद के नामांकन को लेकर सस्पेंस खत्म नहीं किया है। इस बीच कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।

Anshuman Tiwari
Published on: 19 Sep 2022 3:35 PM GMT (Updated on: 19 Sep 2022 3:47 PM GMT)
Congress President Election Soniya Gandhi
X

Congress President Election Soniya Gandhi (image social media)

New Congress President: कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन की तिथि नजदीक आने के साथ सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस की सात प्रदेश इकाइयों की ओर से राहुल गांधी को एक बार फिर पार्टी की कमान सौंपने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। वैसे राहुल गांधी ने अभी तक खुद के नामांकन को लेकर सस्पेंस खत्म नहीं किया है। इस बीच कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। गहलोत की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद से ही उनके नाम की चर्चा जोरों पर है।

दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर भी पार्टी के नए अध्यक्ष बनने के लिए ताल ठोकने को तैयार हैं। थरूर ने आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान यह जानने की कोशिश की कि क्या वे भी चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। सोनिया की ओर से हरी झंडी दिखाए जाने के बाद अब माना जा रहा है कि थरूर भी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे।

सात प्रदेश इकाइयां राहुल के समर्थन में

वैसे कांग्रेस के अधिकांश नेता और अधिकांश प्रदेश इकाइयां राहुल गांधी को एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के पक्ष में है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 24 सितंबर से चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत होनी है मगर उससे पहले सात राज्यों की प्रदेश इकाइयों ने राहुल गांधी के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया है। जिन सात राज्यों की ओर से यह प्रस्ताव पारित किया गया है, उनमें कांग्रेस शासित दो प्रमुख राज्य राजस्थान और छत्तीसगढ़ भी शामिल हैं। इन दोनों राज्यों के अलावा तमिलनाडु, गुजरात और महाराष्ट्र इकाइयों ने भी राहुल गांधी को ही पार्टी की कमान सौंपने की वकालत की है।

राजस्थान की प्रदेश इकाई की बैठक के दौरान तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ही राहुल को एक बार फिर अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा जिसे सभी के समर्थन से पारित किया गया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी पार्टी की प्रदेश इकाई की ओर से प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद कहा कि मौजूदा सियासी हालात में राहुल को ही पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए।

राहुल के इनकार पर गहलोत करेंगे नामांकन

राहुल गांधी के पक्ष में बनते माहौल के बीच कांग्रेस के कुछ अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि राहुल अभी पार्टी की कमान संभालने को तैयार नहीं है। हालांकि उन्होंने खुलकर अभी तक इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन वे गांधी परिवार से इतर किसी अन्य नेता को पार्टी की कमान सौंपने के पक्ष में हैं। ऐसे में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम प्रमुखता से उभरा है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि गहलोत 26 से 28 सितंबर के बीच पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

गहलोत के साथ दिक्कत यह है कि वे राजस्थान के मुख्यमंत्री का पद नहीं छोड़ना चाहते। माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष बनने की स्थिति में वे अपने किसी करीबी को राज्य के मुख्यमंत्री पद की कमान सौंप सकते हैं। हालांकि राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के समर्थक पायलट को नया मुख्यमंत्री बनाने की मुहिम में जुटे हुए हैं।

थरूर ने की सोनिया से मुलाकात

गहलोत के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए एक और वरिष्ठ नेता शशि थरूर का नाम भी चर्चाओं में है। थरूर ने आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करके कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की स्थिति जानने की कोशिश की। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष का चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने थरूर को यह स्पष्ट कर दिया कि हर कोई कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र है।

थरूर का भी चुनाव मैदान में उतरना तय

सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी का यह भी कहना था कि गांधी परिवार की ओर से कोई आधिकारिक उम्मीदवार नहीं घोषित किया गया है। इस मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि शशि थरूर भी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। इसके पहले अपने एक लेख में भी शशि थरूर की अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर हुई थी।

थरूर का कहना था कि अध्यक्ष पद के लिए ज्यादा उम्मीदवार पार्टी के भविष्य के लिए अच्छा होगा। वैसे सोनिया से मुलाकात के बाद थरूर ने खुलकर कुछ भी बयान नहीं दिया है मगर कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक थरूर भी चुनाव मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story