TRENDING TAGS :
Congress Presdent Election: कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ें प्रियंका गांधी, सांसद खालिक ने उठाई मांग
कांग्रेस के लोकसभा सदस्य अब्दुल खालिक ने प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में उम्मीदवार बनाने की मांग उठाई है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Pic: Social Media)
Congress Presdent Election: देश की सबसे पुरानी पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया भी शुरु हो गई है जो 30 सितंबर तक चलेगी। कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कमलनाथ, शशि थरुर, दिग्विजय सिंह समेत कई बड़े नेताओं के नाम सामने आए है। इसी बीच कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी का नाम भी अध्यक्ष पद के लिए चर्चा में आ गया है। कांग्रेस के लोकसभा सदस्य अब्दुल खालिक ने बुधवार को प्रियंका गांधी वा़ड्रा को पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में उम्मीदवार बनाने की मांग उठाई और कहा कि वह सर्वश्रेष्ठ प्रत्याशी होंगी।
असम की बारपेटा लोकसभा सीट से सांसद अब्दुल खालिक ने आज एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होने कहा है कि राहुल गांधी फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए इनकार कर रहे हैं। मैं प्रियंका गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार मानता हूं। भारतीय परंपरा के अनुसार वाड्रा परिवार की सदस्या होने के चलते अब वह गांधी परिवार की सदस्य नहीं रही हैं।
अब्दुल खालिक ने बाद में मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता होने के नाते मेरी यह भावना है पियंका गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष बने। कांग्रेस पार्टी के अगले अध्यक्ष को कार्यकर्ता तय करेंगे। कोई दूसरा इसे तय नहीं सकता। अगर राहुल गांधी अध्यक्ष नहीं बनना चाह रहे हैं तो प्रियंका गाधी इस जिम्मेदारी को संभाले। पार्टी कार्यकर्ताओं की भी यही भावना है।आपको बता दें कांग्रेस के लोकसभा सदस्य अब्दुल खालिक की यह प्रतिक्रिया राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उस बयान के बाद में आई है जिसमें उन्होने कहा था कि पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का हम सम्मान करते हैं कि वह हमें कांग्रेस अध्यक्ष के रुप में देखना चाहते है।