×

Congress President Election : कांग्रेस को 24 साल बाद मिला नया अध्यक्ष, खड़गे को 7897 तो थरूर को मिले 1072 वोट

Congress President Election : कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में मल्लिकार्जुन खड़गे ने बाजी मार ली। खड़गे अब पार्टी के नए अध्यक्ष होंगे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को बड़े अंतर से हराया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 19 Oct 2022 8:15 AM GMT (Updated on: 19 Oct 2022 8:29 AM GMT)
Kharge VS Tharoor Congress will get new president today, after 24 years non-Gandhi will take charge of the party
X

खड़गे VS थरूर: कांग्रेस को आज मिलेगा नया अध्यक्ष, 24 साल बाद गैर गांधी संभालेगा पार्टी की कमान: Photo- Social Media

Congress President Election : कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए मतदान के नतीजे आ गए। मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष बन गए हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव में खड़गे को कुल 7,897 वोट मिले हैं। जबकि, शशि थरूर को 1,072 मत प्राप्त हुए। जबकि, 416 मत रद्द हुए। सोमवार 17 अक्टूबर को हुई वोटिंग में कुल 9385 नेताओं ने वोट डाले थे। आज यानी बुधवार (19 अक्टूबर 2022) को काउंटिंग हुई। अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर (Mallikarjun Kharge and Shashi Tharoor) के बीच मुकाबला था। मतों की गिनती कांग्रेस मुख्यालय में सुबह 10 बजे शुरू हुई थी।

हालांकि, इस मुकाबले में शुरुआत से ही खड़गे की स्थिति मजबूत दिख रही थी। उनकी जीत तय मानी जा रही थी। साल 1998 से ही कांग्रेस की कमान गांधी परिवार (Gandhi family) के हाथों में रही है। इस तरह आज 24 साल बाद कांग्रेस को गांधी परिवार से बाहर का कोई शख्स नए अध्यक्ष के रूप में मिला। कांग्रेस में 22 साल बाद अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया है। आगे की अपडेट के लिए बने रहें खबर पर…

Congress President Election Result Live Update:

मल्लिकार्जुन खड़गे को मिले 7897 वोट

कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में मल्लिकार्जुन खड़गे ने बाजी मार ली। खड़गे अब पार्टी के नए अध्यक्ष होंगे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को बड़े अंतर से हराया। जानकारी के अनुसार, खड़गे को जहां 7897 वोट मिले वहीं शशि थरूर को 1072 मत प्राप्त हुए।

थरूर खेमे की मांग, रद्द हो यूपी के सभी वोट

काउंटिंग के बीच शशि थरूर के चुनाव एजेंट सलमान सोज ने यूपी के सभी वोट रद्द करने की मांग की है।

खड़गे के पक्ष में पड़े 90 फीसदी, जीत तय

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए मतों की गिनती जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 60 फीसदी काउंटिंग अब तक हो चुकी है। बताया जा रहा है कि, अब तक 90 प्रतिशत वोट मल्लिकार्जुन खड़गे के पक्ष में ही पड़े हैं। संभव है कि थोड़ी देर में कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो जाएगा।

पवन बंसल ने कहा- थोड़ी देर में आएंगे नतीजे

कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल (Pawan Kumar Bansal) ने कहा, कि थोड़ी देर में कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे। उन्होंने आगे कहा, 'मैं खुश हूं कि पूरी चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से हुई। बंसल बोले, मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव हुआ।

शशि थरूर गुट के आरोप बेबुनियाद- कांग्रेस चुनाव समिति

कांग्रेस चुनाव समिति से जुड़े लोगों ने पार्टी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी शशि थरूर के फर्जीवाड़े वाले आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा, कि ऐसे आरोप बेबुनियाद हैं। वोटिंग के समय लखनऊ में मौजूद शशि थरूर के किसी एजेंट ने तब कोई सवाल नहीं उठाए थे। आज उनके दिल्ली एजेंट को दिक्कत हो रही है।

शशि थरूर- मैं धन्यवाद' करता हूं

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए जारी काउंटिंग के बीच प्रमुख उम्मीदवार शशि थरूर ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, मैं 'धन्यवाद' करता हूं उन सभी का जिन्होंने इसे एक ऐतिहासिक ईवेंट बनाया।

प्रमोद तिवारी- भारी मतों से जीतेंगे खड़गे

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी (Pramod Tiwari) ने दावा किया है कि मल्लिकार्जुन खड़गे भारी मतों से चुनाव जीतेंगे। वहीं, शशि थरूर गुट की तरफ से वोटिंग में फर्जीवाड़े के आरोप पर तिवारी ने कहा, कि हारने वाला तो इस तरह के आरोप लगाएगा ही।

'लोकतांत्रिक तरीके से हुआ चुनाव'

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) के पोलिंग एजेंट गौरव गोगोई ने कहा, कि यह एक ऐतिहासिक पल है। गोगोई ने कहा, हमें गर्व है कि लोकतांत्रिक तरीके से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुए हैं। हम सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के प्रति भी आभार महसूस करते हैं, जिन्होंने कठिन समय में पार्टी की कमान संभाली।

शशि थरूर खेमे की शिकायत पर हुआ एक्शन

कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी शशि थरूर गुट की तरफ से लगाए गए आरोप के बाद बड़ा एक्शन लिया गया है। मतगणना के दौरान उत्तर प्रदेश की मतपेटी को काउंटिंग प्रक्रिया से अलग रखा गया है।

कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगे खड़गे के पोस्टर

कांग्रेस मुख्यालय में जहां अध्यक्ष पद के लिए मतगणना जारी है वहीं, दफ्तर के बाहर मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई देने वाले पोस्टर लगने लगे हैं। खड़गे समर्थक उत्साहित नजर आ रहे हैं।

थरूर गुट ने लगाया फर्जीवाड़े का आरोप

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए मतगणना चल रही है। वहीं, उम्मीदवार शशि थरूर गुट ने वोटिंग में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। ये आरोप शशि थरूर के चुनाव एजेंट सलमान सोज ने लगाए हैं।

कांग्रेस मुख्यालय में जारी है मतों की गिनती

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव के बाद आज वोटिंग की गिनती हो रही है। मतगणना कांग्रेस मुख्यालय में चल रही है।

1998 से गांधी परिवार के पास कमान

इससे पहले पार्टी ने 1998 में सीताराम केसरी (Sitaram Kesari) को हटाकर सोनिया गांधी को अध्यक्ष बना दिया था। 2000 में हुए चुनाव में सोनिया गांधी ने अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार जितेंद्र प्रसाद को बुरी तरह हराया था।

सोनिया गांधी के बाद राहुल गांधी को भी पार्टी ने बिना किसी चुनाव के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंप दी थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और उसके बाद से अंतरिम अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी पार्टी की कमान संभाल रही थीं। कोरोना महामारी के कारण कई बार टलने के बाद अब जाकर अध्यक्ष पद का चुनाव कराया गया है।

पूरी निष्पक्षता से मतदान का दावा

अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए मतदान में 9500 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। मतदान के बाद देश भर से सीलबंद मतपेटियां एआईसीसी मुख्यालय लाई जा चुकी हैं। सुबह दस बजे मतों की गिनती का काम शुरू हो जाएगा। कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया है। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री का कारण है कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरीके से स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी रही है।

उन्होंने कहा कि यह नहीं पता लगाया जा सकता कि किस प्रतिनिधि ने किस उम्मीदवार को वोट डाला है। उन्होंने कहा कि मतगणना के बाद यह नहीं पता लगेगा कि किस उम्मीदवार को किस राज्य में कितने वोट मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी राज्य से मतदान में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं मिली है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश का कहना है कि जिस तरह कांग्रेस में चुनाव कराया गया है, वैसा चुनाव देश की किसी पार्टी में नहीं होता।

थरूर के मुकाबले खड़गे की स्थिति मजबूत

लंबे समय तक करने के बाद कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव कराया गया है। पार्टी का असंतुष्ट खेमा लंबे समय से पार्टी में बदलाव और संगठनात्मक चुनाव की मांग कर रहा था। पार्टी का एक बड़ा वर्ग आम सहमति से राहुल गांधी को फिर पार्टी का अध्यक्ष बनाए जाने के पक्ष में था मगर उनके इनकार करने के बाद अध्यक्ष पद का चुनाव कराया गया है।

इस चुनाव में थरूर के मुकाबले खड़गे की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। हालांकि गांधी परिवार की ओर से किसी भी उम्मीदवार के पक्ष में कोई अपील नहीं जारी की गई मगर गांधी परिवार का समर्थन और आशीर्वाद खड़गे के साथ बताया जा रहा है।

पार्टी के कद्दावर नेता खड़गे के साथ

कांग्रेस डेलीगेट्स का समर्थन हासिल करने के लिए खड़गे और थरूर दोनों ने विभिन्न राज्यों का दौरा किया है। इस दौरान थरूर के मुकाबले कांग्रेस के अधिकांश प्रतिनिधियों का झुकाव खड़गे की ओर दिखा। गांधी परिवार के आशीर्वाद और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समर्थन के कारण इस चुनाव में थरूर के मुकाबले खड़गे काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रहे हैं। कांग्रेस के अधिकांश कद्दावर नेताओं का समर्थन खड़गे के पक्ष में दिखा।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तो बाकायदा वीडियो जारी करते हुए खड़गे को समर्थन देने की अपील की थी जिसे लेकर काफी विवाद भी पैदा हो गया था। चुनाव नतीजे की घोषणा के पहले गहलोत दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने थरूर के मुकाबले खड़गे को ज्यादा अनुभवी बताते हुए कहा कि अनुभव का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के बाद पार्टी पहले की अपेक्षा ज्यादा मजबूत होगी।

गांधी परिवार से सलाह लेने में शर्म नहीं

इस बीच कांग्रेस के भावी अध्यक्ष माने जा रहे खड़गे ने कहा है कि यदि वे पार्टी के अध्यक्ष बने तो उन्हें गांधी परिवार से सलाह लेने में कोई शर्म नहीं महसूस होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए गांधी परिवार ने काफी संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पहले भी इस परिवार ने पार्टी को ताकत देने का काम किया है।

इस कड़ी में उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के नाम का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार ने पार्टी को ही नहीं बल्कि देश को मजबूत बनाने में भी बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार के पास रिमोट कंट्रोल होने की बात भाजपा की ओर से फैलाई जा रही है क्योंकि इस पार्टी के पास कोई दूसरा मुद्दा नहीं है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story