Rahul Gandhi की बेंगलुरु की अदालत में पेशी आज, कर्नाटक भाजपा ने लगाया था मानहानि का आरोप

Rahul Gandhi: कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर 2019-2023 के दौरान भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया था। जिसके बाद कर्नाटक भाजपा ने राहुल गांधी खिलाफ मानहानि मुकदमा दर्ज कराया।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 7 Jun 2024 2:55 AM GMT
Rahul Gandhi news
X

राहुल गांधी की बंगलूरू की अदालत में पेशी आज  (photo: social media )

Rahul Gandhi News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी कर्नाटक भाजपा के मानहानि मामले में शुक्रवार को बंगलुरू की विशेष अदालत के समक्ष पेश होंगे। राहुल गांधी पर समाचार पत्रों में मानहानिकारक विज्ञापन जारी करने का आरोप है। पिछले साल कर्नाटक विधानसभा चुनावों से पहले दिए गए विज्ञापन में राज्य की तत्कालीन भाजपा सरकार पर 2019-2023 के दौरान बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया गया था।

बता दें कि पिछले साल कर्नाटक में विधानसभा चुनाव हुए थे। इस दौरान कांग्रेस ने तत्कालीन भाजपा सरकार पर 2019-2023 के शासनकाल के दौरान बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया था। जिसके बाद कर्नाटक भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के खिलाफ मानहानि मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया कि कांग्रेस के इन नेताओं ने तत्कालीन मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई समेत भाजपा नेताओं के खिलाफ मुख्य समाचार पत्रों में झूठे विज्ञापन दिये। सभी लोक निर्माण कार्यों में 40 फीसदी कमीशन लेने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने भ्रष्टाचार रेट कार्ड भी प्रकाशित कराया। वहीं, राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भी अपमानजनक विज्ञापन पोस्ट किया। विशेष अदालत ने इस मामले में एक जून को सिद्धारमैया और शिवकुमार को जमानत दे दी थी।

मानहानि मामले में जा चुकी है सांसदी

बता दें कि इससे पहले, 23 मार्च 2023 को सूरत की सीजेएम कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी। कोर्ट ने यह सजा उन्हें मोदी सरनेम को लेकर की गई टिप्पणी के कारण सुनाई थी। इसके बाद अगले ही दिन 24 मार्च को लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता जाने का आदेश जारी कर दिया। नियम के अनुसार, अगर किसी सांसद या विधायक को दो साल या इससे अधिक की सजा होती है तो उसकी सदस्यता खत्म हो जाती है। राहुल के साथ भी ऐसा ही हुआ। हालांकि, बाद में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई। शीर्ष अदालत ने कांगेस नेता की सजा पर रोक लगा दी।


खाली करना पड़ा था बंगला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 22 अप्रैल 2023 को अपना आधिकारिक बंगला खाली कर दिया। कहा कि यह सच बोलने के लिए चुकाई गई कीमत है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन तक 10 जनपथ पर अपनी मां के आवास पर रहेंगे। इससे पहले, 27 मार्च को लोकसभा सचिवालय ने पूर्व कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी को 22 अप्रैल तक अपना आधिकारिक आवास खाली करने को कहा था।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story