दिग्विजय सिंह ने यूथ कांग्रेस को दी RSS से सीखने की नसीहत, कहा-संघ की तरह जमीनी स्तर पर करना होगा काम

Digvijay Singh News: दिग्विजय सिंह ने कहा कि संघ से जुड़े हुए लोग किसी भी संदेश को प्रभावी तरीके से सब लोगों तक पहुंचाने की कला में पारंगत है और यूथ कांग्रेस के लोगों को भी यह कला सीखनी चाहिए।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 17 July 2024 3:17 AM GMT
Congress senior leader Digvijay Singh
X

दिग्विजय सिंह  (photo: social media ) 

Digvijay Singh News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह हमेशा ऐसा बयान देने के लिए जाने जाते हैं,जो चर्चा का विषय बन जाता है। भाजपा और संघ पर हमेशा हमलावर रहने वाले दिग्विजय सिंह ने अब ऐसा बयान दिया है जो सियासी हल्कों में चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से नसीहत लेने की सलाह दी है।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि संघ से जुड़े हुए लोग किसी भी संदेश को प्रभावी तरीके से सब लोगों तक पहुंचाने की कला में पारंगत है और यूथ कांग्रेस के लोगों को भी यह कला सीखनी चाहिए। उन्होंने यह बात युवा कांग्रेस की ओर से आयोजित एक धरने को संबोधित करते हुए कही। इस धरने का आयोजन नर्सिंग कॉलेज घोटाले और नीट पेपर लीक के मामले पर विरोध जताने के लिए किया गया था।

दिमागी खेल खेलते हैं संघ के लोग

कांग्रेस नेता ने कहा कि हम संघ का हर मुद्दे पर विरोध करते रहे हैं और सही मायने में तो हम उनके कट्टर विरोधी हैं, मगर हमें उनसे जरूर सीखना चाहिए। संघ से जुड़े हुए लोग दिमागी खेल खेलने में पूरी तरह माहिर हैं। वे किसी भी मुद्दे पर कभी विरोध या प्रदर्शन नहीं करते, वे पिटाई का भी शिकार नहीं होते। वे कभी गिरफ्तार होकर जेल भी नहीं जाते बल्कि दूसरे लोगों को ही जेल भेज देते हैं।

उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर संघ का संगठनात्मक नेटवर्क पूरी मजबूती के साथ काम करता है। इसलिए हमें भी यह समझना होगा कि संकठनात्मक नेटवर्क को मजबूत बनाए बिना विरोध प्रदर्शन ज्यादा प्रभावी साबित होने वाला नहीं है।

बौद्धिक ताकत का करना होगा इस्तेमाल

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि संघ के लोग तीन तरीके से अभियान चला कर लोगों के साथ जुड़े रहते हैं। उनका काम पर्चे बांटना, चर्चा करना और आखिर में आंदोलन चलाना है। यदि कांग्रेस के लोगों को संघ और भाजपा से लड़ना है तो उन्हें उनके तरीके से ही हराना होगा। उन्हें हराने के लिए हमें शारीरिक नहीं बल्कि बौद्धिक ताकत का इस्तेमाल करना होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों को संघ की ओर से किए जाने वाले दुष्प्रचार और उनकी कार्यप्रणाली को बारीकी से समझना होगा। इस रणनीति पर चलकर ही उनका प्रभावी तरीके से मुकाबला किया जा सकता है।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के प्रदर्शन पर निराशा

धरने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के प्रदर्शन पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि हम लगातार हार के कारणों का विश्लेषण करने में जुटे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे मगर बीजेपी इन दावों को पूरा करने में विफल साबित हुई है। भाजपा की ओर से 400 सीटों का नारा दिया गया था मगर पार्टी 240 सीटों पर ही अटक गई है।

इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार टीडीपी नेता चंद्रबाबू नायडू और जदयू नेता नीतीश कुमार की बैसाखी पर टिकी हुई है। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को लेकर मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला और कहा कि इस परीक्षा को काफी पहले ही रद्द कर दिया जाना चाहिए था।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story