×

कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली घड़ियाली आंसू, भाजपा ने जमकर बोला हमला

केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ झारखंड कांग्रेस की ओर से ट्रैक्टर रैली निकाली गई। ट्रैक्टर की झांकी के तौर पर निकाली गई इस रैली में खेत, खलिहान, किसान और मंडियों को दर्शाया गया।

Newstrack
Published on: 9 Nov 2020 2:23 PM GMT
कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली घड़ियाली आंसू, भाजपा ने जमकर बोला हमला
X
कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली

रांची: केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ झारखंड कांग्रेस की ओर से ट्रैक्टर रैली निकाली गई। ट्रैक्टर की झांकी के तौर पर निकाली गई इस रैली में खेत, खलिहान, किसान और मंडियों को दर्शाया गया। रैली के माध्यम से बताया गया कि अगर कृषि से जुड़े नए क़ानून लागू हो गए तो देश का किसान बर्बाद हो जाएगा। पूंजीपति लाभांवित होंगे और कृषक बदहाल हो जाएंगे। खाने-पीने के सामान की क़ीमत आसमान छूने लगेगी।

ये भी पढ़ें: इन शक्तिशाली देशों ने नहीं मानी बाइडेन की जीत, बधाई देने से किया इंकार, ये है वजह

हालांकि, कांग्रेस की इस ट्रैक्टर रैली को प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने घड़ियाली आंसू क़रार दिया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि, देश के किसानों की बर्बादी की ज़िम्मेदार कांग्रेस है। किसानों के विस्थापन के लिए कांग्रेस कुसूरवार है।

बर्बादी के कगार पर किसान

कृषि क़ानूनों को लेकर कांग्रेस शुरू से मुखर रही है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि, काला क़ानून लागू होने से देश का किसान बर्बाद हो जाएगा। पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के इरादे से नए क़ानून लाए गए हैं। इससे देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो जाएगी। लिहाज़ा, कांग्रेस पार्टी इन क़ानूनों को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता लालकिशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि, कृषि से जुड़ा नया क़ानून देश की मंडियों को बर्बाद कर देगा। ज़रूरत के खाने-पीने के सामान की क़ीमत आसमान छूने लगेगी।

मौके पर मौजूद पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश गुप्ता ने कहा कि, पिछले सत्तार वर्षों से किसानों ने देश का पेट भरा है। आज किसानों के ऊपर प्रहार किया जा रहा है। लिहाज़ा, कांग्रेस कभी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। आज खेत, खलिहान और किसानों को पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रखने की साज़िश रची जा रही है। देश इसे अच्छी तरह समझ रहा है। ऐसे में कांग्रेस अपना विरोध-प्रदर्शन जारी रखेगी।

कांग्रेस की घड़ियाली आंसू- भाजपा

कृषि क़ानून के ख़िलाफ़ कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली पर प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने कटाक्ष किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि, कांग्रेस घड़ियाली आंसू बहा रही है। देश में किसानों की ग़रीबी की ज़िम्मेदार कांग्रेस है। उन्होने कहा कि, कांग्रेस किसानों के नाम पर केवल नौटंकी कर रही है। ट्रैक्टर रैली में किसान दूर-दूर तक नज़र नहीं आए। कांग्रेस के शासन काल में बड़ी संख्या में किसानों का विस्थापन हुआ। लिहाज़ा, पार्टी बताए कि, किसानों के लिए उसने क्या किया।

ये भी पढ़ें: Lakshmi: Akshay Kumar और Kiara Advani स्टारर Movie हुई रिलीज़, ऐसी है कहानी…

कांग्रेस की नीतियों के कारण ही किसान ग़रीबी में जीने को विवश हैं। दीपक प्रकाश ने कहा कि, केंद्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में गांव, ग़रीब और किसान को मज़बूत बनाया जा रहा है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नए कृषि क़ानूनों से किसानों को मंडियों की बाध्यता खत्म होगी।

ये भी पढ़ें: धनतेरस की पूजा: अकाल मृत्यु से मिलता है छुटकारा, यहां जाने पूरी डीटेल

एमएसपी की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस इसे लेकर भी भ्रम फैला रही है। झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए

दीपक प्रकाश ने कहा कि, राज्य में किसानों की क़र्ज़माफ़ी कबतक लागू होगी। कृषकों का धान बकाया कबतक मिलेगा। किसानों के लिए भाजपा सरकार द्वारा चलाए गए कृषि आशीर्वाद योजना को क्यों बंद किया गया। यूरिया की कालाबाज़ारी कब बंद होगी।

रांची से शाहनवाज़ की रिपोर्ट

Newstrack

Newstrack

Next Story