‘भारत की प्रगति को रोकने की साजिश, कांग्रेस भी भारत-विरोधी टूल का हिस्सा’, हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर BJP का जवाब

Hindenburg Report:उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद थी कि तीसरी बार सत्ता से बेदखल होने के बाद कांग्रेस वाले टूलकिट का इस्तेमाल नहीं करेंगे, लेकिन वह अपने आपको इसे बचा नहीं पाए और चुनाव में हार के बाद अब कांग्रेस टूलकिट के माध्यम से देश में आर्थिक अराजकता फैलाना चाहती है।

Viren Singh
Published on: 12 Aug 2024 8:06 AM GMT (Updated on: 12 Aug 2024 8:14 AM GMT)
bjp on Hindenburg report
X

 bjp on Hindenburg report (सोशल मीडिया) 

BJP On Hindenburg Report: अमेरिकी शार्ट सेलिंग फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च की हालिया रिपोर्ट में सेबी प्रमुख माधबी पुरी बुच और उनके पति धवल बुच पर लगाए गए आरोपों के बाद देश में सियासी पारा गर्म हो चला है। इस रिपोर्ट पर भाजपा और कांग्रेस- इंडिया गठबंधन आमने-सामने आ गई हैं और आरोप प्रत्यारोप की राजनीति भी तेज हो गई है। भाजपा हिंडनबर्ग की आई इस रिपोर्ट को सिरे खारिज करते हुए देश की अर्थव्यवस्था पर चोट पहुंचाने की साजिश करार दिया है, जबकि कांग्रेस इस रिपोर्ट के सहारे मोदी सरकार पर लगातार हमलावार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग कर रहा है।

कांग्रेस देश में आर्थिक अराजकता फैलाना चाहती

भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद थी कि तीसरी बार सत्ता से बेदखल होने के बाद कांग्रेस वाले टूलकिट का इस्तेमाल नहीं करेंगे, लेकिन वह अपने आपको इसे बचा नहीं पाए और चुनाव में हार के बाद अब कांग्रेस टूलकिट के माध्यम से देश में आर्थिक अराजकता फैलाना चाहती है। उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा ये रिपोर्ट शनिवार को आई, सोमवार को शेयर बाजार खुलते ही इस असर दिखाई दिया और बाजार में गिरावट आई। हालांकि बाद में शेयर बाजार बढ़त पर कारोबार करना लगा। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट शेयर बाजार को हिलाने की साजिश का हिस्सा है।

भारत विरोधी एजेंडा चलाता हिंडनबर्ग

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हिंडनबर्ग रिपोर्ट के आरोपों का जबाव सेबी प्रमुख ने दे दिया है। हिंडनबर्ग की पहली रिपोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया था। इसको लेकर सेबी ने हिंडनबर्ग को नोटिस भी भेजा था, लेकिन इस नोटिस का जवाब देने के बजाय हिंडनबर्ग ने फिर से आधारहीन आरोप लगाया है। मामले पर सेबी और सेबी प्रमुख ने भी स्पष्टीकरण दिया है, लेकिन फिर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हिंडनबर्ग वाले भारत विरोधी एजेंडा चलाते हैं।

है एक टूलकिट गैंग, बढ़ती अर्थव्यवस्था को पहुंचाई जा रही चोट

भाजपा नेता ने आरोप लगाए कि अमेरिकी बिजनेसमैन जॉर्ज सोरोस खुद हिंडनबर्ग में मुख्य निवेशक हैं। यह एक टूलकिट गैंग है। एक साजिश के तहत भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाई जा रही है। शेयर बाजार को अस्थिर किया जा रहा है। आपने देखा होगा कि कैसे साजिश के तहत ये रिपोर्ट शनिवार को आई, जब बाजार बंद रहता है। सोमवार को इस रिपोर्ट के बाद बाजार में क्या हुआ आप सबने देखा।

न चमन उजड़ेगा, न भारत कमजोर होगा

हिंडनबर्ग रिपोर्ट के जरिए भाजपा नेता ने कांग्रेस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि आखिर वो चाहती क्या है। कांग्रेस चाहती है कि भारत में कोई आर्थिक निवेश न हो। भारत की प्रगति को रोकने की साजिश रची जा रही है। कांग्रेस पार्टी भारत को कमजोर और भारत की आर्थिक स्थिति को बिगड़ना चाहती है। यह पार्टी पीएम मोदी से नफरत करते करते अब देश से नफरत करने लगी है। अगर भारत का स्टॉक मार्केट गड़बड़ होगा तो यहां के छोटे निवेशक परेशान होंगे। आज भारत में करोड़ों की संख्या में छोटे निवेशक हैं। रविशंकर ने कहा कि मैं बता देना चाहता हूं कि चमन उजड़ेगा नहीं और हम भारत को कमजोर नहीं होने देंगें।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story