×

Coromandel Express Train Accident: ओडिशा रेल हादसे में 350 यात्री जख्मी 50 की मौत, मृतकों के लिए 10 लाख मुआवजे का ऐलान

Odisha Train Accident: ओडिशा के बालासोर जिले में बहानागा रेलवे स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतर गई। टक्कर से पहले यात्री ट्रेन मालगाड़ी से टकराई थी। हादसे में कई यात्री जख्मी हुए हैं, जबकि मौतों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है।

Aman Kumar Singh
Published on: 2 Jun 2023 8:28 PM GMT (Updated on: 2 Jun 2023 11:09 PM GMT)
Coromandel Express Train Accident: ओडिशा रेल हादसे में 350 यात्री जख्मी 50 की मौत, मृतकों के लिए 10 लाख मुआवजे का ऐलान
X
कोरोमंडल एक्सप्रेस हादसे का शिकार (Social Media)

Coromandel Express Train Accident: हावड़ा से चेन्नई जा रही कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार (02 जून) की शाम बड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ओडिशा के बालासोर से करीब 40 किलोमीटर दूर यह ट्रेन एक मालगाड़ी से जा टकराई। मालगाड़ी से टक्कर के बाद बाद स्लीपर के 3 कोच छोड़कर सभी डिब्बे पटरी से उतर गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इन डिब्बों की संख्या 18 बताई जा रही है। हादसे में कई लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है। खबर के अनुसार, 350 लोग जख्मी हुए हैं, जिनमें 50 लोगों की मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों में भारी संख्या में यात्री फंसे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फंसे यात्रियों को बचाने के लिए स्थानीय लोग आगे आए। बता दें ये ट्रेन चेन्नई सेंट्रल से कोलकाता (Chennai Central to Kolkata) के शालीमार रेलवे स्टेशन के बीच चलती है। 02 जून की शाम कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन ओडिशा के बालासोर के पास से गुजर रही थी। तभी मालगाड़ी से जा टकराई। ये टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन के 18 कोच पटरी से उतर गए।

ओडिशा चीफ सेक्रेटरी- 700 जवान रेस्क्यू में जुटे

ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना (Odisha Chief Secretary Pradeep Jena) ने बताया कि, 'एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची है। इसके अलावा, 600-700 रेस्क्यू फोर्स के जवान काम में जुटे हैं। यह रेस्क्यू ऑपरेशन रात भर चलेगा। सभी अस्पताल सहयोग दे रहे हैं। हमारी तत्काल चिंता पीड़ितों को बचाने की है।

मृतकों के परिवारों को 10 लाख मुआवजे का ऐलान

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को हादसे वाली जगह जाएंगे। उन्होंने मुआवजे का ऐलान कर दिया है। अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपए, गंभीर रूप से जख्मी लोगों को 2 लाख रुपए और मामूली रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

रेल हादसे पर राष्ट्रपति ने भी जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रेल हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, 'ओडिशा के बालासोर में एक दुर्भाग्यपूर्ण रेल दुर्घटना में लोगों की मौत के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मेरा दिल शोक संतप्त परिवारों के लिए जाता है। मैं बचाव कार्यों की सफलता और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

PM मोदी ने जताया दुख

ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि, ओडिशा में ट्रेन हादसे की घटना से व्यथित हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है।

घायलों को बसों से भी भेजा जा रहा

ओडिशा के चीफ सेक्रेटरी (Chief Secretary of Odisha) ने बताया कि 132 घायल यात्रियों को सोरो और गोपालपुर सीएचसी में शिफ्ट किया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अच्छी देखभाल के लिए रेफर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, घायलों की संख्या ज्यादा होने के कारण एंबुलेंस के साथ बसों को भी बुलाया गया है।

सिग्नल खराब होने से हुआ हादसा !

इस बड़े ट्रेन हादसे में कितना कुछ नुकसान हुआ है इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एक्सीडेंट में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। ये हादसा कैसे हुआ, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि, एक ही लाइन पर मालगाड़ी और कोरोमंडल एक्सप्रेस दोनों ही आ गईं। जानकारी है कि सिग्नल खराब होने के कारण दोनों ट्रेन एक ही पटरी पर आ गई।

इंडियन रेलवे ने जारी किया इमरजेंसी नंबर

भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने फंसे यात्रियों के परिजनों के लिए इमरजेंसी नंबर जारी किया है। अगर, किसी भी यात्रा को अपने परिवार के सदस्य को लेकर कोई जानकारी चाहिए, तो वह आपातकालीन नंबर +91 6782 262 286 पर फोन कर सकता है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

ट्रेन का इंजन मालगाड़ी पर चढ़ा

रेल हादसे में कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन (Coromandel Express Train) को भारी नुकसान पहुंचा है। करीब-करीब पूरी ट्रेन पटरी से उतर गई। ट्रेन में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं। बताया जा रहा है ये हादसा शुक्रवार शाम करीब 7 बजे हुआ। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन का इंजन मालगाड़ी पर चढ़ गया।

आपको बता दें, 12841 शालीमार-मद्रास कोरोमंडल एक्सप्रेस (12841 Shalimar - Madras Coromandel Express) शालीमार से दोपहर 3:20 बजे रवाना होती है। ट्रेन कुल 1656 किलोमीटर की दूरी तय करती है। अगले दिन शाम 4:50 बजे एमजी रामचंद्रन सेंट्रल रेलवे स्टेशन, चेन्नई पहुंचती है। ट्रेन बालासोर के पास हादसे की शिकार हुई।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story