Corona Cases in India: देश में लगातार दूसरे दिन कोरोना के 3 हजार से अधिक नए मामले, दिल्ली टॉप पर...जानें ताजा अपडेट

Covid cases in India: देश में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 31 मार्च को कोरोना के 3095 मामले सामने आए। दिल्ली में एक हफ्ते में तीन गुना केस बढ़े हैं। महाराष्ट्र सहित 6 राज्यों के लिए केंद्र ने एडवाइजरी जारी की है। 

Corona Cases in India: देश में लगातार दूसरे दिन कोरोना के 3 हजार से अधिक नए मामले, दिल्ली टॉप पर...जानें ताजा अपडेट
प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)
Follow us on

Covid cases in India: देश में कोरोना संक्रमण के नए मामले बढ़ते जा रहे हैं। लगातार दूसरे दिन देशभर में 3 हजार से अधिक कोरोना मरीज मिले। वहीं, कोविड संक्रमण से 5 मरीजों की मौत भी हुई। एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 15, 208 तक पहुंच गई है। शुक्रवार (31 मार्च) को कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 3,095 दर्ज की गई। जबकि, एक दिन पहले 3016 मरीज मिले थे। पिछले 6 महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो ये एक दिन में सबसे ज्यादा केस हैं।

गौरतलब है कि, देश में कोरोना की पहली लहर साल 2020 में देखने को मिली थी। देश में तब से कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 5 लाख 30 हजार 862 तक पहुंच गया है। बुधवार को महाराष्ट्र में 3, दिल्ली में 2, हिमाचल में 1 और केरल में 8 लोगों की मौत हुई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार डेली पॉजिटिविटी रेट 2.73 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 1.71 फीसदी है।

दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे कोरोना मामले

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले एक बार फिर तेजी से सिर उठा रहे हैं। दिल्ली में बीते एक हफ्ते में 3 गुना केस बढ़े हैं। यहां एक सप्ताह पहले हर रोज करीब 100 मामले सामने आ रहे थे। 29 मार्च को 300 मरीज संक्रमित पाए गए थे, जबकि दो मरीजों की मौत भी हुई थी।

'घबराने की जरूरत नहीं, पुख्ता इंतजाम'

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) ने लगातार कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि, 'दिल्ली में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। यहां पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।' केजरीवाल ने बताया कि, दिल्ली में 15 मार्च को डेली एक्टिव मामले सिर्फ 42 थे, जो 30 मार्च को बढ़कर 295 हो गया। अचानक आई इस तेजी को लेकर हम सर्तक हैं। राजधानी दिल्ली में कुल एक्टिव मामले 932 हैं।'

केंद्र ने 6 राज्यों के लिए जारी की एडवाइजरी

केंद्र सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी में 6 राज्यों के बारे में जानकारी दी गई है। जिनमें महाराष्ट्र (Maharashtra), गुजरात (Gujarat), तेलंगाना (Telangana), तमिलनाडु (Tamil Nadu), केरल (Kerala) और कर्नाटक (Karnataka) शामिल हैं। हालांकि, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि, 'दिल्ली के अस्पताल कोरोना से लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।'