×

लाॅकडाउन में घर से बाहर न निकलें, अगर कोई मदद चाहिए तो इन नंबरों पर करें काॅल

प्रवासी मजदूरों की वेतन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अब श्रम मंत्रालय ने वर्कर्स हेल्पलाइन की शुरुआत की है। अगर वेतन को लेकर किसी भी तरह की समस्या होती है तो मजदूर श्रमिक हेल्पलाइन नंबर से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Shreya
Published on: 15 April 2020 5:58 AM GMT
लाॅकडाउन में घर से बाहर न निकलें, अगर कोई मदद चाहिए तो इन नंबरों पर करें काॅल
X
लाॅकडाउन में घर से बाहर न निकलें, अगर कोई मदद चाहिए तो इन नंबरों पर करें काॅल

नई दिल्ली: इस वक्त पूरा देश कोरोना वायरस की महामारी से जूझ रहा है। 14 अप्रैल को 21 दिन का लॉकडाउन खत्म होने के बाद सभी को उम्मीद थी कि थोड़ी बहुत ढील मिलने लगेगी। लेकिन PM नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश को संबोधित करते हुए सख्ती के साथ लॉकडाउन की अवधि को 3 मई तक बढ़ाने की घोषणा की। हालांकि पीएम मोदी ने यह भी कहा है कि 20 अप्रैल तक हर राज्य का कोरोना के खिलाफ लड़ाई का मूल्यांकन होगा, जिनमें हालात बेहतर होंगे, वहां पर सशर्त रियायत मिलेगी। अगर रियायत के बाद लापरवाही दिखी तो रियायत वापस भी ले ली जाएगी।

लॉकडाउन के दौरान कंपनियों से लेकर व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद है। जिस वजह से उन श्रमिकों के लिए समस्या खड़ी हो गई है, जो लोग अपने घऱ अपने गांव से दूर रोजगार की तलाश में शहरों का रुख किया था।

श्रम मंत्रालय ने शुरु की वर्कर्स हेल्पलाइन की सेवा

प्रवासी मजदूरों की वेतन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अब श्रम मंत्रालय ने वर्कर्स हेल्पलाइन की शुरुआत की है। अगर वेतन को लेकर किसी भी तरह की समस्या होती है तो मजदूर श्रमिक हेल्पलाइन नंबर से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसके बाद समस्या का तत्काल समाधान किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी कर दिए गए हैं।

20 क्षेत्रीय केंद्रों पर शुरु की गई सेवा

इन श्रमिक हेल्पलाइन की शुरुआत देश के 20 क्षेत्रीय केंद्रों पर की गई है। अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए गुजरात, दादर नगर हवेली, और दमन और दीव क्षेत्र के मजदूर अहमदाबाद क्षेत्रीय केंद्र के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकेंगे। वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, लद्दाख, के लिए चंडीगढ़ क्षेत्रीय केंद्र पर, राजस्थान के लिए अजमेर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान और निकोबार के मजदूरों के लिए आसनसोल और कोलकाता, कर्नाटक के लिए बेंगलुरु, ओडिशा के लिए भुवनेश्वर क्षेत्रीय केंद्र पर हेल्पलाइन की शुरुआत की गई है।

इन नंबर पर कर सकते हैं संपर्क

इसी तरह केरल और लक्षद्वीप के मजदूर कोचीन, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के देहरादून, दिल्ली के दिल्ली, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चेन्नई, झारखंड के धनबाद क्षेत्रीय केंद्र की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। असम, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के मजदूर गुवाहाटी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश को छोड़कर अन्य इलाकों के मजदूर कानपुर क्षेत्रीय केंद्र की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।

वहीं तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के साथ ही पुडुचेरी के कुछ इलाकों के मजदूर हैदराबाद क्षेत्रीय केंद्र, मध्य प्रदेश के मजदूर जबलपुर क्षेत्रीय केंद्र की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। बिहार के मजदूरों के लिए पटना, महाराष्ट्र के श्रमिकों के लिए मुंबई और नागपुर क्षेत्रीय केंद्र, छत्तीसगढ़ के मजदूरों के लिए रायपुर क्षेत्रीय केंद्र पर हेल्पलाइन सेवा की शुरुआत की गई है। गौरतलब है कि PM मोदी ने लॉकडाउन का एलान करने के दौरान किसी भी कर्मचारी की सैलरी नहीं काटने की अपील भी की थी।

श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने ट्वीट करके दी जानकारी

इसकी जानकारी देते हुए श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, कामगारों की वेतन संबंधी समस्याओं के त्वरित निदान हेतु पूरे देश के विभिन्न क्षेत्रों में ' वर्कर्स - हेल्पलाइन ' को आरंभ कर दिया गया है। इन 20 क्षेत्रीय कार्यालयों से सीधे संपर्क करने / सहायता के लिए, लॉग ऑन करें: bit.ly/2y8EMed



Shreya

Shreya

Next Story