Wayanad Landslide: थम नहीं रही मौत की गिनती, 308 पहुंचा वायनाड भूस्खलन में मरने वालों का आंकड़ा

Wayanad Landslide: केरल के वायनाड में हुए भूस्खलन में अब मृतकों की संख्या 308 पहुंच गई है। अभी 200 से अधिक लोग लापता हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।

Network
Newstrack Network
Published on: 2 Aug 2024 3:52 AM GMT
Wayanad Landslide Update
X

Wayanad Landslide (Pic: Social Media)

Wayanad Landslide: केरल के वायानड में लैंडस्लाइड में मरने वालों की गिनती बढ़ती जा रही है। कल शाम तक 293 लोगों के मरने का आंकड़ा अब 308 पहुंच गया है। सरकारी आंकड़े के मुताबिक मरने वालों में 27 बच्चे और 76 महिलाएं हैं। 225 से अधिक घायल हो गए हैं। घायलों में सबसे ज्यादा लोग मुंडक्कई और चूरलमाला के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों से हैं। इसके साथ ही अभी 200 से ज्यादा लोग लापता हैं। उनकी तलाश जारी है। प्रशासन राहत और बचान कार्य में जुटा है। 9000 से ज्यादा लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है।

308 पहुंचा मरने वालों का आंकड़ा

केरल के राजस्व मंत्री के दिए गए जानकारी के अनुसार जिले के 9,328 लोगों को स्थानांतरित करके राहत शिविरों में रखा गया है। उन्होंने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए 91 राहत शिविर बनाए गए हैं। इसमें चूरलमाला और मेप्पाडी में भूस्खलन के कारण विस्थापित हुए 578 परिवारों के 2328 लोगों को नौ राहत शिविरों में जगह दी गई है। सीएम ऑफिस से जारी एक बयान में बताया गया कि मलाप्पुरम से होकर बहने वाली चलियार नदी के हिस्से में 143 शव मिले हैं। इन्हें वायनाड लाया गया है। वहीं मलप्पुरम जिले से 58 शव और 95 मानव शरीर के अंग बरामद किए गए हैं। इनमें 107 शवों की पहचान हो चुकी है। साथ ही 279 का पोस्टमार्टम भी किया जा चुका है। जिला प्रशासन के बयान के अनुसार 308 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। मलबे में अब तक मानव शरीर के 100 अंग बरामद किए गए हैं।

राहत बचाव कार्य में आ रही परेशानी

केरल के राजस्व मंत्री के.राजन ने कहा कि बचाव कार्य के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। भूस्खलन से टूट चुकी सड़कें और अन्य निर्माण से खतरनाक अवशेष बचाव कर्मियों के लिए मुश्किल बन रही है। भारी बारिश से कीचड़ और दलदल मिट्टी में गिरे पेड़ राहत कार्यों में बाधा बन रहे हैं। बता दें कि मंत्री राजन आपदा प्रभावित क्षेत्र में बचाव कार्यों का समन्वय कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया को बताया कि तमाम एजेंसियों और सशस्त्र बलों के 1300 से अधिक कर्मी राहत बचाव कार्य में लगाए गए हैं। मंत्री ने यह भी बताया कि राहत कार्य के लिए कर्मी भारी मशीनरी का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं। इसके बावजूद भी सभी प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करके लोगों को बचाने में लगे हैं।

कल राहुल गांधी ने किया था दौरा

वायनाड के पूर्व सांसद राहुल गांधी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ कल वायनाड में घटनास्थल का दौरा किया था। उन्होंने लैंडस्लाइड के पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों से मिलकर एकजुटता दिखाई। साथ ही हर संभव मदद का आश्वासन दिया। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सर्वदलीय बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता वायनाड त्रासदी के पीड़ितों को बचाना है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए जानकारी दी कि प्रभावित इलाकों और नदी में मृतकों के शवों की खोज जारी रहेगी। सेना ने चूरलमाला और मुंडक्कई के बीच बेली ब्रिज बना लिया है। इसके जरिए बचाव कार्य के लिए जरूरी सामान प्रभावित इलाकों में पहुचाए जा सकेंगे।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story