Dehradun ISBT Case: जांच में गर्भवती पाई गई गैंगरेप पीड़िता, पांच लोगों ने किया था रेप, रिपोर्ट में खुलासा

Dehradun ISBT Case: जांच के दौरान किशोरी के गर्भवती होने का पता चला। इसकी जानकारी तत्काल पुलिस और सीएमओ को दी गई। बताया गया कि किशोरी का उपचार डा. दीप्ति सिंह कर रही हैं।

Network
Newstrack Network
Published on: 25 Aug 2024 4:12 AM GMT
Dehradun ISBT Case
X

Dehradun ISBT Case (Pic: Social Media)

Dehradun ISBT Case: 12 अगस्त को अंतरराज्यीय बस अड्डा (आइएसबीटी) देहरादून परिसर में गैंगरेप का शिकार हुई 14 वर्षीय बच्ची डॉक्टरों की जांच में गर्भवती मिली है। 12 अगस्त की घटना के बाद नाबालिक की तबीयत बिगड़ने पर उसे कोरोनेशन अस्पताल में डॉक्टर के पास लाया गया। जांच में किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी मिली। हालांकि डॉक्टरों को इस बात की आशंका है कि किशोरी दुष्कर्म होने के पहले से ही गर्भवती है। इस मामले में जिला अस्पताल कोरोनेशन की महिला रोग विशेषज्ञ ने सीएमओ को पत्र लिखकर चिकित्सीय परामर्श मांगा है। अभी तक किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

जांच में गर्भवती पाई गई किशोरी

गुरुवार देर शाम किशोरी की हालत बिगड़ गई। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल कोरोनेशन में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान किशोरी के गर्भवती होने का पता चला। इसकी जानकारी तत्काल पुलिस और सीएमओ को दी गई। सीएमओ को भेजे गए पत्र में बताया गया कि किशोरी का उपचार महिला रोग विशेषज्ञ डा. दीप्ति सिंह कर रही हैं। जांच के आधार पर डॉ. दीप्ति ने बताया कि गर्भवती किशोरी की हालत नाजुक है। उन्होंने बताया कि किशोरी की आयु 15 वर्ष से कम होने के कारण प्रजनन प्रणाली पूरी तरह विकसित नहीं है। साथ ही किशोरी मानसिक रूप से भी कमजोर है। किशोरी यह नहीं समझ पा रही है कि वह किस दौर से गजर रही है। ऐसे में गर्भपात करना भी खतरे से खाली नहीं है।

गर्भपात की आशंका

जांच की रिपोर्ट में मिसकैरेज की आशंका भी जताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार इस दौरान गर्भावस्था में भ्रूण पहले ही मर जाता है। मां के पेट में केवल ऊतक (tissue) रह जाता है। माना जा रहा है कि प्रजनन प्रणाली पूरी तरह विकसित न होने के कारण किशोरी का गर्भपात हो गया है। इसी वजह से उसकी तबीयत भी बिगड़ गई है। मामले में अभी जांच जारी है। मामले की जांच के लिए एक टीम मुरादाबाद जाएगी। पुलिस जांच में पीड़िता ने बताया कि उसके गृह जनपद मुरादाबाद में भी उसके साथ दुष्कर्म हो चुका है। किशोरी ने एक व्यक्ति के बारे में जानकारी भी दी है। माना जा रहा है कि पहले हुए दुषकर्म की वजह से वह गर्भवती है। मामले में डीएनए भी कराया जा सकता है।

पांच दिन बाद पुलिस ने लिया संज्ञान

बता दें कि आइएसबीटी परिसर में उत्तराखंड परिवहन निगम की देहरादून-दिल्ली मार्ग की अनुबंधित सीएनजी बस में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी का 12 अगस्त की रात पांच लोगों ने मिलकर गैंगरेप किया था। पुलिस ने इस मामले को पांच दिन बाद 17 अगस्त की रात संज्ञान में लिया। पुलिस के संज्ञान लेने के पहले किशोरी बाल कल्याण समिति के पास थी। हालांकि 18 अगस्त को पुलिस ने किशोरी को राज्य बालिका निकेतन में रखा है। घटना की जांच कर रही पुलिस की एसआइटी के प्रभारी एसपी सिटी प्रमोद कुमार और सीएमओ डा. संजय जैन ने अभी तक मेडिकल रिपोर्ट न मिलने का हवाला देते हुए मीडिया से कुछ भी कहने से मना कर दिया है। इसके साथ ही बाल आयोग की अध्यक्ष डा. गीता खन्ना ने भी मामले पर चुप्पी साध ली है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story