दिल्ली एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप, आंधी-तूफान के कारण कई फ्लाइट्स में देरी, यात्रियों का फूटा गस्सा

Delhi News: दिल्ली एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया है। खराब मौसम की वजह से यहां यात्रियों को कई परेशानियां झेलनी पड़ी।

Gausiya Bano
Published on: 12 April 2025 12:46 PM IST
delhi airport chaos due to dust storm weather flights delayed stampede like situation occurred
X

Delhi News: दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में शुक्रवार देर शाम को धूलभरी आंधी आई, जिसकी वजह से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स की देरी जैसी समस्याएं हो गई। यह समस्या शनिवार की सुबह (12 अप्रैल) तक बनी रही। इस दौरान 205 से ज्यादा फ्लाइट्स के समय में देरी हुई और 50 से ज्यादा फ्लाइट्स का रूट डायवर्ट करना पड़ा।

दिल्ली एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल

फ्लाइट्स में देरी और रूट डायवर्शन की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए। फ्लाइट्स में देर होने की वजह से यात्रियों को कई घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान सोशल मीडिया पर कई यात्रियों का गुस्सा फूटा और उन्होंने एयरलाइन कंपनियों पर सही इंतजाम नहीं करवाने को लेकर आरोप लगाए।

सोशल मीडिया पर यात्रियों ने निकाला गुस्सा

सोशल मीडिया पर यात्रियों ने पोस्ट कर अपनी-अपनी परेशानियां शेयर की हैं। एक यात्री ने लिखा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर भीड़ जमा हो गई है और यहां यात्रियों के साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। दूसरे यात्री ने एयरपोर्ट की वीडियोज शेयर करते हुए लिखा, 'दिल्ली एयरपोर्ट के T3 की यह स्थिति है। खराब मैनेजमेंट की वजह से भगदड़ मच गई। यात्रियों के लिए एयर इंडिया का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, फ्लाइट की देरी की कोई जानकारी नहीं मिली। पिछले करीब 5 घंटे से यही स्थिति है।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'हमारी 4 बजे श्रीनगर से दिल्ली फिर मुंबई की कनेक्टिंग फ्लाइट थी। इसे दिल्ली में शाम को 6 बजे लैंड होनी थी, लेकिन खराब मौसम की वजह से उसे चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया। फिर रात 11 बजे फ्लाइट वापस दिल्ली के लिए उड़ी। यहां हमें 12 बजे मुंबई के लिए दूसरी फ्लाइट में बैठने के लिए कहा गया। हम लोग फ्लाइट में 4 घंटे बैठे रहे, फिर हमें उतार दिया गया और सुबह के 8 बज गए हैं, हम अभी भी एयरपोर्ट पर ही फंसे हुए हैं।'

इस पूरे मामले पर दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा, 'खराब मौसम की वजह से कुछ फ्लाइट्स की टाइमिंग पर असर पड़ा है। यात्रियों से रिक्वेस्ट है कि अपनी संबंधित एयरलाइनों से फ्लाइट की जानकारी लें। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।'

दिल्ली में खराब मौसम को लेकर चेतावनी

दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार को तेज धूलभरी आंधी चली। यह आंधी इतनी खतरनाक थी कि कई जगहों पर भारी नुकसान हो गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही बिजली और आंधी-तूफान आने की चेतावनी दी है।

Gausiya Bano

Gausiya Bano

Content Writer

मैं गौसिया बानो आज से न्यूजट्रैक में कार्यरत हूं। माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हूं। पत्रकारिता में 2.5 साल का अनुभव है। इससे पहले दैनिक भास्कर, न्यूजबाइट्स और राजस्थान पत्रिका में काम कर चुकी हूँ।

Next Story