TRENDING TAGS :
Delhi Assembly Result: जनशक्ति सर्वोपरि! बोले PM मोदी, दिल्ली की जीत पर राजनाथ सिंह ने बोली बड़ी बात, देखें किसने क्या कहा?
Delhi Assembly Result 2025: दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
Delhi Assembly Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम लगभग सामने आ चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का करारी षिकस्त मिली है। वहीं 27 साल से सत्ता से बाहर भाजपा को फिर जनादेश मिला है। दिल्ली में 1993 के बाद से भाजपा कभी सरकार नहीं बना सकी है। इसके बाद तीन बार कांग्रेस और चार बार आम आदमी पार्टी ने सियासत की है। दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में विकास और सुशासन की जीत: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की जीत को विकास और सुशासन की जीत करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए अभिनंदन। आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार। उन्होंने कहा कि दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो। मुझे बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।
’आप-दा’ मुक्त दिल्लीः जेपी नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली चुनाव में मिली जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचण्ड विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, अंत्योदय व विकासपरक नीतियों पर जनता - जनार्दन के अटूट समर्थन की जीत है। प्रत्येक बूथ पर अथक परिश्रम करने वाले भाजपा के हमारे कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ। ’आप-दा’ सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन, और तुष्टिकरण की सारी सीमाएं लांघ दी थी। आज दिल्ली उनके झूठ, छल और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में अपनी यात्रा आरंभ कर रही है। यह जनादेश ’विकसित दिल्ली-विकसित भारत’ के हमारे संकल्प को साकार स्वरूप प्रदान करेगा। इस प्रचण्ड विजय के लिए मैं प्रधानमंत्री के प्रति आभार प्रकट करता हूँ और समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्लीवासियों का अभिनंदन करता हूँ। दिल्लीवासियों ने बता दिया कि जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने का गंदा पानी, टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है।
दिल्ली में झूठ के शासन का अंतः अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में मिली इस भव्य जीत के लिए अपना दिन-रात एक करने वाले भाजपा सभी कार्यकर्ताओं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को हार्दिक बधाई देता हूँ। चाहे महिलाओं का सम्मान हो, अनधिकृत कॉलोनीवासियों का स्वाभिमान हो या स्वरोजगार की अपार संभावनाएँ, पीएम मोदी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी। दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है। यह अहंकार और अराजकता की हार है। यह ‘मोदी की गारंटी’ और मोदी के विकास के विजन पर दिल्लीवासियों के विश्वास की जीत है। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार। मोदी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे पूरे कर दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है।
दिल्ली के विकास को नई गति देगी डबल इंजन की सरकारः राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जबरदस्त विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों के प्रति विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि इस देश की जनता का भरोसा पीएम मोदी की विश्वसनीयता और भाजपा की सुशासन और विकास की राजनीति में है। इस शानदार जीत के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा एवं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूँ। लगभग 27 साल बाद दिल्ली की जनता ने भाजपा को अपना विश्वास और आशीर्वाद दिया है। इसके लिए दिल्ली की जनता के प्रति मैं अपना आभार व्यक्त करता हूँ। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित दिल्ली अति आवश्यक है। इस जीत के बाद डबल इंजन की सरकार दिल्ली के विकास को नई गति को बुलंदी प्रदान करेगी।
दिल्लीवासियों के विश्वास की मुहरः सीएम योगी
उत्तर प्रदेष के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय पर समर्पित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी सर्वहितग्राही, लोक-कल्याणकारी और समग्र उत्थान को समर्पित विकासपरक नीतियों पर दिल्ली वासियों के विश्वास की मुहर है। सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई एवं दिल्ली की सुशासन प्रेमी देवतुल्य जनता-जनार्दन का अभिनंदन।