×

Delhi News: इफ्तार के जवाब में अब फलाहार पार्टी, दिल्ली में भाजपा का बड़ा सियासी दांव,नवरात्रि के दौरान होंगे कई बड़े कार्यक्रम

Delhi News: रमजान के महीने में चल रही इफ्तार की दावतों के बीच भाजपा ने बड़ी सियासी चाल चल दी है। राजधानी दिल्ली में रेखा गुप्ता की अगुवाई में बनी भाजपा की नई सरकार इस साल नई शुरुआत करने जा रही है।

Anshuman Tiwari
Published on: 28 March 2025 4:44 PM IST
Delhi CM Rekha Gupta
X

Delhi CM Rekha Gupta (social media)

Delhi News: रमजान के महीने में चल रही इफ्तार की दावतों के बीच भाजपा ने बड़ी सियासी चाल चल दी है। राजधानी दिल्ली में रेखा गुप्ता की अगुवाई में बनी भाजपा की नई सरकार इस साल नई शुरुआत करने जा रही है। दिल्ली सरकार की ओर से हिंदू नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा नव संवत्सर के मौके पर भव्य समारोह आयोजित करने का ऐलान किया गया है।

नवरात्रि के दौरान दिल्ली सरकार की ओर से फलाहार पार्टी भी आयोजित करने की तैयारी है। इसके अलावा कई अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दिल्ली सरकार की ओर से उठाए गए इस कदम को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। इसे हिंदू वोट बैंक को और पुख्ता बनाने की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

नवरात्रि के दौरान भव्य कार्यक्रमों की तैयारी

दिल्ली में हाल में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने बड़ी जीत हासिल करते हुए आम आदमी पार्टी को कई चुनावों बाद सत्ता से बेदखल कर दिया था। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा को सभी वर्गों का व्यापक समर्थन हासिल हुआ था जिसके दम पर पार्टी अरविंद केजरीवाल समेत आप के कई दिग्गज नेताओं को हराने में कामयाब रही थी। अब भाजपा ने राजधानी में अपनी सियासी जमीन को और मजबूत बनाने के लिए नई पहल की है।

इसके अंतर्गत नवरात्रि के दौरान दिल्ली सरकार की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत फलाहार पार्टी भी होगी जिसे रमजान महीने में चल रही रोजा इफ्तार दावतों का जवाब माना जा रहा है। फलाहार पार्टी के दौरान नवरात्रि में व्रत रखने वाले श्रद्धालु फलाहार कर सकेंगे।

यह कार्यक्रम नवरात्रि के पहले दिन, सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन आयोजित किए जाएंगे और इसके अंतर्गत कन्या पूजन का कार्यक्रम भी तय किया गया है। इस दौरान गरीब और जरूरतमंद बालिकाओं को भोजन कराया जाएगा और देवी के नौ रूपों की विशेष पूजा की जाएगी।

पहली बार धूमधाम से मनेगा हिंदू नव वर्ष

दिल्ली सरकार के संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह पहला मौका है जब दिल्ली सरकार की ओर से हिंदू नव वर्ष को इतनी धूमधाम और व्यापक तरीके से मनाने की तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की शुरुआत 30 मार्च को होगी और नवरात्रि के पहले दिन विधानसभा के लान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दिन दीपावली की तरह पूरे भवन को दीपों से भव्य तरीके से सजाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नवरात्रि का पहला दिन होने के कारण इस दिन फलाहार कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता होंगी। इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कई मंत्री और विधायक भी हिस्सा लेंगे।

रामनवमी और हनुमान जन्मोत्सव पर भी भव्य कार्यक्रम होंगे

दिल्ली सरकार के मंत्री ने बताया कि रामनवमी, हनुमान जन्मोत्सव और अंबेडकर जयंती को भी भव्य तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है। भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। दिल्ली सरकार की ओर से आगे भी सांस्कृतिक जागरण के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को फलाहार पार्टी समेत सभी अन्य आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

दिल्ली सरकार के इस कदम को सियासी नजरिए से भी देखा जा रहा है। जानकारों का मानना है कि इसके जरिए भाजपा हिंदू वोट बैंक की अपनी रणनीति को अमली जामा पहचान बनाने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि इसके जरिए पार्टी को हिंदू वोट बैंकों को एकजुट और पुख्ता बनाने में कामयाबी मिलेगी।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story