×

Delhi Chhath Puja 2022: दिल्ली जलबोर्ड के डायरेक्टर ने यमुना के पानी से किया स्नान, बोले नहाने लायक है पानी, भाजपा सांसद ने दी थी चुनौती

Delhi Chhath Puja 2022: भाजपा सांसद ने उन्हें यमुना के पानी से नहाने की चुनौती दे डाली, जिसे आज जलबोर्ड के डायरेक्टर ने स्वीकार करते हुए स्नान किया।

Krishna Chaudhary
Published on: 30 Oct 2022 9:21 AM GMT
Delhi Chhath Puja 2022
X

दिल्ली जलबोर्ड के डायरेक्टर ने यमुना के पानी से किया स्नान (photo: social media )

Delhi Chhath Puja 2022: दिल्ली में हर साल यमुना में प्रदूषण का मुद्दा तब गरमाता है, जब छठ पर्व का समय आता है। इस पर खूब राजनीति भी होती है। पिछले दिनों दिल्ली बीजेपी के कद्दावर नेता और पश्चिमी दिल्ली से सांसद प्रवेश सिंह वर्मा यमुना के घाट पर छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे और नदी में गंदगी देखखर जलबोर्ड के डायरेक्टर संजय शर्मा पर आगबबूला हो गए। भाजपा सांसद ने उन्हें यमुना के पानी से नहाने की चुनौती दे डाली, जिसे आज जलबोर्ड के डायरेक्टर ने स्वीकार करते हुए कैमरा के सामने यमुना के पानी में केमिकल मिलाकर स्नान किया।

नहाने का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में लोग तालियां बजाकर जय छठी मइया कहते हुए सुने जाते हैं। इस दौरान जलबोर्ड के डायरेक्टर संजय शर्मा ने दावा किया कि यमुना का पानी नहाने लायक है। उन्होंने कहा, पानी का BOD लेवल 12-13 है, TSS 20 के नीचे है, फास्फेट 0.1 और डिसोल्वड ऑक्सीजन 7.0 से ज़्यादा है। नदी स्वच्छ है और लोग बेझिझक होकर यहां डुबकी लगा सकते हैं।

दरअसल, शुक्रवार को यमुना के घाटों का मुआयना करने पहुंचे पूर्व सीएम साहेब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा ने जलबोर्ड के डायरेक्टर संजय शर्मा को यमुना के पानी में केमिकल का छिड़काव करने को लेकर जमकर फटकार लगाई। उनका कहना था कि इस केमिकल से लोगों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इसी दौरान उन्होंने केमिकल युक्त पानी से जलबोर्ड के डायरेक्टर को नहाने की चुनौती दी थी। दिल्ली जलबोर्ड द्वारा इस केमिकल का इस्तेमाल यमुना के पानी से झाग हटाने के लिए किया जा रहा था।

बीजेपी सांसद और बग्गा के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

दिल्ली जलबोर्ड के डायरेक्टर संजय शर्मा ने बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा और भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के खिलाफ कथित तौर पर धमकाने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में भाजपा सांसद पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया है। साथ ही सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप भी लगाया है। वहीं, दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने इस विवाद में जलबोर्ड के डायरेक्टर संजय शर्मा का समर्थन किया है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story