×

Delhi Election 2025: विवादित बयानों के बाद रमेश बिधूड़ी के टिकट पर खतरा, BJP में महिला उम्मीदवार उतारने पर शुरू हुआ मंथन

Delhi Election 2025: भाजपा ने बिधूड़ी को दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ चुनावी अखाड़े में उतारा है।

Anshuman Tiwari
Published on: 8 Jan 2025 1:59 PM IST
Delhi Election 2025
X

Delhi Election 2025

Delhi Election 2025: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद और कालकाजी विधानसभा सीट पर पार्टी की ओर से घोषित किए गए प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी के टिकट पर खतरा मंडराने लगा है। भाजपा ने बिधूड़ी को दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ चुनावी अखाड़े में उतारा है। बिधूड़ी की ओर से पहले प्रियंका गांधी और फिर आतिशी के खिलाफ की विवादित बयान दिए जाने के बाद उनके टिकट पर बड़ा फैसला लिए जाने की चर्चाएं हैं। एक अंग्रेजी अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी बिधूड़ी की जगह किसी महिला उम्मीदवार को उतारने पर गहराई से मंथन कर रही है। हालांकि अभी तक इस बारे में आखिरी फैसला नहीं लिया गया है।

प्रियंका और आतिशी पर दिया था विवादित बयान

पूर्व सांसद बिधूड़ी ने पिछले दिनों कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के खिलाफ विवादित बयान दिया था। उन्होंने अपने क्षेत्र की सड़कें प्रियंका गांधी के गालों की तरह बनाने की बात कही थी। उनके इस बयान पर कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया जताई गई थी। इसके बाद कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम के दौरान बिधूड़ी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री और आप प्रत्याशी आतिशी के पिता को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी थी।

इस विवादित टिप्पणी पर आप की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई थी। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बिधूड़ी के बयान को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी और इस दौरान वे अपने बुजुर्ग के पिता के खिलाफ टिप्पणी को लेकर भावुक हो गई थीं।


बिधूड़ी के टिकट पर खतरा

बिधूड़ी की ओर से दिए गए इन बयानों को लेकर भाजपा खुद को असहज महसूस कर रही है। इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक बिधूड़ी के बयानों को लेकर संगठन की दो बैठकों में गहराई से चर्चा की गई है। इन बैठकों के दौरान बिधूड़ी को किसी और सीट से चुनाव लड़ाने या फिर उनका टिकट रद्द करने की संभावनाओं पर मंथन किया गया है।

बिधूड़ी दक्षिण दिल्ली लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुके हैं। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। इसी कारण मुख्यमंत्री आतिशी ने कालकाजी से उन्हें टिकट दिए जाने पर तंज भी कसा था। बिधूड़ी को गुर्जर समुदाय का बड़ा नेता माना जाता रहा है। ऐसे में पार्टी उनके संबंध में कोई भी फैसला काफी सोच-समझ कर लेना चाहती है। पार्टी की ओर से इस संबंध में नफा-नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

बिधूड़ी के बयानों पर नड्डा नाराज

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और आप नेता आतिशी के खिलाफ बिधूड़ी के विवादित बयानों के बाद पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बिधूड़ी को फटकार भी लगाई थी। भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अब बिधूड़ी की जगह किसी महिला उम्मीदवार को कालकाजी से उतारने पर चर्चा की गई है। हालांकि यह चर्चा अभी शुरुआती चरण में है और अभी इस बाबत कोई आखिरी फैसला नहीं लिया गया है।


आप को मिला जवाबी हमले का मौका

प्रियंका गांधी के खिलाफ अपने बयान के बाद कांग्रेस के तीखे तेवर को देखते हुए भी बिधूड़ी ने खेद जताया था। आतिशी के खिलाफ दिए गए उनके बयान को आम आदमी पार्टी ने बड़ा मुद्दा बना लिया है। आप का कहना है कि बिधूड़ी ने सिर्फ आतिशी ही नहीं बल्कि दिल्ली की महिलाओं का अपमान किया है और विधानसभा चुनाव के दौरान दिल्ली की जनता उन्हें करारा जवाब देगी।

भाजपा दिल्ली की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर आप को घेरने की कोशिश में जुटी हुई है मगर बिधूड़ी के बयानों ने आप को जवाबी हमले करने का बड़ा मौका दे दिया है। यही कारण है कि उनके टिकट को लेकर पार्टी में मंथन किया जा रहा है।



Sonali kesarwani

Sonali kesarwani

Content Writer

Content Writer

Next Story