TRENDING TAGS :
Delhi Exit Polls 2025: दिल्ली में बड़ा खेला,अधिकांश एग्जिट पोल में BJP को बहुमत,AAP की कड़ी चुनौती,कांग्रेस की हालत खस्ता
Delhi Exit Polls 2025: वोटिंग खत्म होने के बाद आए एग्जिट पोल के नतीजे के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है और कांग्रेस काफी पिछड़ गई है।
Delhi Exit Polls 2025: दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म होने के बाद अब सबकी निगाहें 8 फरवरी को आने वाले चुनाव नतीजे पर लगी हुई हैं। दिल्ली की 70 सीटों पर आज हुए मतदान के दौरान महिला और पुरुष मतदाताओं ने काफी उत्साह दिखाया है। शाम पांच बजे तक करीब 57.70 फ़ीसदी मतदाता अपना वोट डाल चुके थे। कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा और आप कार्यकर्ताओं के बीच टकराव दिखा और फर्जी वोटिंग के आरोप भी लगे मगर दिल्ली पुलिस ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।
वोटिंग खत्म होने के बाद आए एग्जिट पोल के नतीजे के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है और कांग्रेस काफी पिछड़ गई है। अभी तक जारी किए गए नौ एग्जिट पोल में से आठ एग्जिट पोल में भाजपा को बहुमत मिलने की संभावना जताई गई है। कई एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी भी ज्यादा पीछे नहीं दिख रही है। लगभग सभी एग्जिट पोल में कांग्रेस को काफी पीछे माना जा रहा है। कांग्रेस को अधिकतम तीन सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।
दिल्ली चुनाव में इस बार काफी कड़ा मुकाबला
दिल्ली के विधानसभा चुनाव में वोटिंग से पहले ही जानकारों ने कड़े मुकाबले की उम्मीद जताई थी। इस बार के चुनाव में भाजपा और आप दोनों ने पूरी ताकत लगाई है और दोनों पार्टियों के लिए यह विधानसभा चुनाव प्रतिष्ठा की जंग माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी दिल्ली की सत्ता पर अपना कब्जा आगे भी बनाए रखना चाहती है जबकि भाजपा ने पिछले 27 वर्षों का सूखा खत्म करने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है।
चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला देखने को मिला है। तीनों दलों के दिग्गज नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान अपनी-अपनी पार्टी का मोर्चा संभाला और आखिरी समय तक पूरी ताकत लगाई। ऐसे में एग्जिट पोल के नतीजे में सबकी दिलचस्पी बढ़ गई है।
दिल्ली चुनाव में कांग्रेस फिर फिसड्डी
हालांकि देश के चुनाव में कई बार एक्जिट पोल के नतीजे गलत भी साबित हुए हैं। ऐसे में असली नतीजे की जानकारी तो 8 फरवरी को ही मिलेगी मगर अधिकांश एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा इस बार दिल्ली के चुनाव में बड़ा कमाल दिखा सकती है। एग्जिट पोल के नतीजे यदि वास्तविकता में बदले तो आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लग सकता है। एग्जिट पोल के नतीजे के मुताबिक कांग्रेस काफी कमजोर स्थिति में दिख रही है। दिल्ली के पिछले विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस का शर्मनाक प्रदर्शन काफी शर्मनाक रहा है और इस बार भी वही सिलसिला जारी रह सकता है।
एग्जिट पोल के नतीजे
-चाणक्य के एग्जिट पोल के मुताबिक दिल्ली के चुनाव में भाजपा काफी मजबूत स्थिति में दिख रही है और पार्टी को 39 से 44 सीटें मिल सकती हैं। चाणक्य के एग्जिट पोल के नतीजे से साफ है कि दिल्ली में भाजपा का 27 साल का सूखा खत्म हो सकता है और पार्टी अपने दम पर बहुमत हासिल करने में कामयाब हो सकती है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक आम आदमी पार्टी को 25 से 28 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि कांग्रेस दो से तीन सीटों पर सिमट सकती है।
-मैट्रिज के एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच काफी कड़ा मुकाबला है मगर भाजपा भारी पड़ सकती है। भाजपा को 35 से 40 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि आप को 32-37 सीटें मिल सकती हैं। इस एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस काफी कमजोर स्थिति में है और पार्टी को 0-1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है।
-पी-मार्क पोलिंग एजेंसी के एग्जिट पोल के नतीजे में भी भाजपा को आम आदमी पार्टी के मुकाबले मजबूत माना गया है। इस एजेंसी का मानना है कि भाजपा आसानी से बहुमत के आंकड़े को पार करने में कामयाब हो सकती है। भाजपा को 39 से 49 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि आप 21 से 31 सीटें हासिल कर सकती है। कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है।
-जेवीसी के एग्जिट पोल के मुताबिक भी भारतीय जनता पार्टी आसानी से आम आदमी पार्टी को पछाड़ने में कामयाब हो सकती है। भाजपा को 39 से 45 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि आम आदमी पार्टी 22 से 31 सीटें पा सकती है। इस एजेंसी का भी मानना है कि भाजपा अपने दम पर बहुमत हासिल करने में कामयाब हो सकती है। कांग्रेस यहां भी काफी कमजोर स्थिति में दिख रही है और उसे 0-2 सीटें मिल सकती हैं।
-डीवी रिसर्च ने भी इस बार दिल्ली के सत्ता में भाजपा के आने की संभावना जताई है। इस एग्जिट पोल में भाजपा को 36 से 44 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी पिछड़ती हुई दिख रही है और उसे 26-34 सीटें मिल सकती हैं। इस एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस की हालत काफी खस्ता है और उसका खाता खुलने की संभावना भी नहीं दिख रही है।
-एसएस के एग्जिट पोल में भी भाजपा मजबूत स्थिति में दिख रही है और पार्टी को अपने दम पर बहुमत हासिल हो सकता है। इस एग्जिट पोल में भाजपा को 38-41 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। आम आदमी पार्टी को 27 से 30 सीटें मिल सकती हैं जबकि कांग्रेस एक से तीन सीट पाने में कामयाब हो सकती है।
-PEOPLE’s INSIGHT के सर्वे में भी भाजपा काफी मजबूती स्थिति में दिख रही है और पार्टी को अपने दम पर बहुमत मिल सकता है। इस एग्जिट पोल में भाजपा को 40 से 44 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि आम आदमी पार्टी 25 से 29 सीटें हासिल कर सकती है। ऐसे में आम आदमी पार्टी को बड़ा नुकसान होने की आशंका है।
-पोल डायरी के सर्वे में भी दिल्ली के विधानसभा चुनाव में इस बार बड़ा बदलाव दिखने की संभावना जताई गई है। इस सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि आम आदमी पार्टी की सत्ता से विदाई हो सकती है जबकि भाजपा सत्ता पर आसानी से कब्जा कर सकती है। इस सर्वे में भाजपा को 42 से 50 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि आम आदमी पार्टी 18 से 25 सीटें सकती है। कांग्रेस को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।
-People’s Pulse के सर्वे में दिल्ली में बीजेपी की जबर्दस्त वापसी होती दिख रही है, वहीं आम आदमी पार्टी को बहुत बड़ा झटका लग सकता है। इस सर्वे में भाजपा को 51 से 60 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि आम आदमी पार्टी 10 से 19 सीटों पर सिमट सकती है। कांग्रेस को 0-1 सीट मिल सकती है।
-ऊपर के सभी एग्जिट पोल के विपरीत वी-प्रीसाइड ने दिल्ली में एक बार फिर आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का अनुमान लगाया है। वी-प्रीसाइड के मुताबिक आप को 46 से 52 सीटें मिल सकती हैं। इस एग्जिट पोल में भाजपा काफी पिछड़ती हुई दिख रही है और पार्टी को 18 से 23 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। इस एग्जिट पोल में भी कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने की संभावना जताई गई।
-वी-प्रीसाइड के अलावा माइंड ब्रिक ने भी दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी की स्थिति को ज्यादा मजबूत माना है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक भी आप एक बार फिर दिल्ली की सत्ता बचाने में कामयाब होगी और पार्टी को 44-49 सीटें मिल सकती हैं। इस एग्जिट पोल में भाजपा को कमजोरी स्थिति में माना गया है और पार्टी को 21 से 25 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है कांग्रेस को 0-1 सीट मिल सकती है।