×

Delhi Mayor Election: दिल्ली सरकार का LG को प्रस्ताव, 3, 4 या 6 फरवरी को कराया जाए मेयर का चुनाव

Delhi Mayor Election: दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना को मेयर चुनाव के लिए 3, 4 या 6 फरवरी की पेशकश की है।

aman
Written By aman
Published on: 30 Jan 2023 3:12 PM GMT (Updated on: 30 Jan 2023 3:17 PM GMT)
Delhi Mayor Election
X

MCD (Social Media)

Delhi Mayor Election: दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना (Vinay Kumar Saxena) को मेयर चुनाव को लेकर प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव में दिल्ली सरकार ने LG को 3, 4 या 6 फरवरी को मेयर का चुनाव कराने की पेशकश की है। गौरतलब है कि, दिल्ली के महापौर चुनाव को लेकर बैठकों का दौर जारी है।

दिल्ली नगर निगम (Delhi Municipal Corporation) के कानून के जानकारों की संभावना भी यही थी। उनका कहना था कि 3 फरवरी से पहले मेयर चुनाव कराने की तारीख पर अंतिम निर्णय हो सकता है। इससे पहले भी 6 जनवरी और 24 जनवरी को भी महापौर चुनाव के लिए बैठक बुलाई गई थी। छह जनवरी को हुई बैठक में तो केवल पीठासीन अधिकारी की शपथ हो पाई थी।

AAP-BJP तकरार से अटका मेयर चुनाव

दिल्ली में मेयर का चुनाव अभी तक नहीं हो पाया है। यह अभी भी विवाद का विषय बना हुआ है। एमसीडी चुनाव बहुत पहले संपन्न हो चुका है। लेकिन, मेयर का चयन अभी भी नहीं हो सका है। इसकी बड़ी वजह आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच जारी तकरार और खींचतान है। इसी कारण सदन स्थगित हो जाता है। मगर, अब दिल्ली सरकार की ओर से उपराज्यपाल को तीन तारीखों का प्रस्ताव भेजा गया है। सरकार ने कहा है कि, 3, 4 या 6 फरवरी को मेयर का चुनाव कराया जाए।

क्या अभी और खिंचेगा विवाद?

गौरतलब है ये प्रस्ताव ऐसे समय दिया गया है जब MCD ने 10 फरवरी का प्रस्ताव पहले ही दिल्ली की केजरीवाल सरकार को भेज दिया है। ऐसे में तारीखों को लेकर एक अलग ही विवाद होता दिख रहा है। यहां जानकारी के लिए आपको बता दें कि, अब तक दो बार सदन स्थगित हो चुके हैं। पहली बार में तो AAP और बीजेपी पार्षदों के बीच हाथापाई की नौबत तक आ गई थी। जबकि, दूसरी बार पहले किसे शपथ दिलाई जाए इस विवाद के कारण वोटिंग नहीं होने दी गई। ऐसे में तारीख तय करना ही चुनौती बन गया है। उसके ऊपर से प्रस्ताव बनाम प्रस्ताव की नई जंग से लगता है ये विवाद अभी और लंबा खिंचेगा।

AAP का आरोप- ये जनादेश का अपमान

सत्ताधारी AAP का सीधा-सीधा आरोप है कि BJP ने हार के डर से मेयर चुनाव नहीं होने दे रही। इसी कारण पार्टी ने 70 विधानसभाओं में एक पदयात्रा निकाली थी। आम आदमी पार्टी का कहना है हमने लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। 'आप' कहती है कि अब तक मेयर चुनाव के लिए दो बार हाउस बुलाया जा चुका है, मगर बीजेपी बार-बार गुंडागर्दी की साजिश कर चुनाव नहीं होने दे रही। यह न सिर्फ दिल्ली के 2 करोड़ लोगों के जनादेश का अपमान है, बल्कि उनका समय भी बर्बाद किया जा रहा है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story