×

Shehla Rashid: शेहला रसीद के खिलाफ चलेगा केस, दिल्ली एलजी ने दी अनुमति, जानें क्या है मामला

Shehla Rashid: भारतीय सेना के विरूद्ध पूर्व में उनके द्वारा किए गए अपमानजनक ट्वीट को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शेहला पर केस चलाने की इजाजत दे दी है।

Krishna Chaudhary
Published on: 10 Jan 2023 9:13 AM GMT
Shehla Rashid
X

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शेहला राशिद पर केस चलाने की इजाजत दे दी है। (Social Media)

Shehla Rashid: वामपंथी कार्यकर्ता और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की पूर्व छात्र नेता रहीं शेहला रसीद की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। भारतीय सेना के विरूद्ध पूर्व में उनके द्वारा किए गए अपमानजनक ट्वीट को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शेहला पर केस चलाने की इजाजत दे दी है। शेहला राशिद वामपंथी संगठन आईसा के साथ – साथ जेएनयू छात्रसंघ की पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। शेहला समय-समय पर मौजूदा सरकार के खिलाफ अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं।

वकील ने दर्ज कराई थी केस

दिल्ली के एक वकील अलख आलोक श्रीवास्तव ने शेहला राशिद के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर जेएनयू की पूर्व छात्र नेता पर आईपीसी की धारा 153ए के तहत एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने उनपर अपने ट्वीट के जरिए समाज में वैमनस्य पैदा करने का आरोप लगाया है। इस मामले में कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस ने एलजी से अनुमति मांगी थी।

शेहला राशिद पर क्या है आरोप

वामपंथी कार्यकर्ता शेहला रशीद ने 2019 में जम्मू कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा खत्म किए जाने को लेकर भारतीय सेना के विरूद्ध दो अपमानजनक ट्वीट किए थे। उनपर आरोप है कि 18 अगस्त 2019 के ट्वीट में उन्होंने भारतीय सेना पर बेबुनियाद और गंभीर आरोप लगाए थे। शेहला ने अपने ट्वीट में लिखा था कि सेना के जवान घरों में घुस रहे हैं, लड़कों को उठा रहे हैं, घरों में तोड़फोड़ कर रहे हैं। जानबूझकर राशन जमीन पर गिरा रहे हैं। चावल के साथ तेल मिला रहे हैं।

अपने एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा था, शोपियां में चार लोगों को आर्मी कैंप में बुलाया गया और यातना दी गई। उनके पास एक माइक रखा गया था ताकि पूरा इलाका उनकी चीखें सुन सके और आतंकित हो सके। इससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। हालांकि, बवाल बढ़ने के बाद शेहला ने बाद में अपने इन ट्वीट्स को महज मजाक करार देकर विवाद से पल्ला झाड़ने की कोशिश भी की थी।

सेना ने खारिज किया था आरोप

भारतीय सेना ने शेहला राशिद के आरोपों को निराधार बताते हुए उसे खारिज कर दिया था। सेना ने कहा था कि इस तरह की असत्यापित और फेक खबरें असामाजिक तत्वों और संगठनों द्वारा लोगों को भड़काने के लिए फैलाई जाती हैं।

जब पिता ने शेहला पर लगाए थे गंभीर आरोप

जेएनयू में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद शेहला रशीद कश्मीर स्थित अपने घर में रहने लगी थीं। 2020 में उनके पिता अब्दुल रशीद ने शेहला पर चौंकाने वाले आरोप लगाए थे। रशीद ने कहा था कि उनकी बेटी का संपर्क टेरर फंडिंग में शामिल लोगों से है। उन्होंने अपने बेटी से जान का खतरा भी बताया था। पिता के आरोप पर शेहला ने ट्विटर पर लंबी-चौड़ी सफाई पेश की थी।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story