×

Delhi MCD Exit Poll 2022: दिल्ली में केजरीवाल का जादू, AAP की झाड़ू के आगे BJP का निकला दम

Delhi MCD Exit Poll: दिल्ली एमसीडी चुनावों में 250 वार्ड में कुल 1349 उम्मीदवार मैदान में थे। एग्जिट पोल के अनुसार AAP की बढ़त दिख रही है। बीजेपी पिछड़ती नजर आ रही है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 6 Dec 2022 1:28 AM GMT (Updated on: 6 Dec 2022 1:28 AM GMT)
delhi mcd exit poll live updates mcd election results 2022 bjp aap congress
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Delhi MCD Exit Poll: देश के लोगों की निगाहें गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के साथ ही दिल्ली नगर निगम (MCD) के चुनावों पर भी लगी हुई हैं। दिल्ली नगर निगम के लिए 4 दिसंबर को मतदान हुआ था। दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों में इस बार 1349 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। हालांकि एमसीडी चुनाव में इस बार अपेक्षा के अनुरूप मतदान नहीं हुआ। सिर्फ 50.47 फ़ीसदी मतदान होने के बाद उसका अलग-अलग सियासी विश्लेषण किया जा रहा है। दिल्ली नगर निगम चुनाव के नतीजे 7 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे मगर आज एग्जिट पोल से मिले संकेतों के मुताबिक आम आदमी पार्टी भाजपा पर भारी पड़ती दिख रही है।

इस बार के एमसीडी चुनाव में भाजपा और आम आदमी पार्टी ने सभी 250 वार्डों में अपने अपने उम्मीदवार उतारे थे जबकि कांग्रेस ने 247 वार्डों में चुनाव लड़ा था। जदयू के उम्मीदवारों ने 23 वार्डों में किस्मत आजमाई है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी 15 प्रत्याशी लड़ाए हैं जबकि बसपा ने 174, इंडियन मुस्लिम लीग ने 12, भाकपा ने 3, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने 4, NCP ने 29 और सपा व लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने एक-एक सीट पर चुनाव लड़ा है।

महिलाओं और पुरुषों दोनों की पसंद आप

इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक इस बार के एमसीडी चुनाव में अरविंद केजरीवाल का झाड़ू सब पर भारी पड़ता दिख रहा है। एग्जिट पोल के मुताबिक AAP को 46 फीसदी महिलाओं ने वोट दिया है जबकि 40 फ़ीसदी पुरुष मतदाताओं की पसंद भी आम आदमी पार्टी ही रही है। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक भाजपा महिलाओं और पुरुषों दोनों की पसंद में आप से पिछड़ती हुई दिख रही है। भाजपा को सिर्फ 34 फ़ीसदी महिलाओं का वोट मिला है जबकि 36 फ़ीसदी पुरुषों ने भाजपा को वोट देना पसंद किया है।

इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया

इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के नतीजों से संकेत मिला है कि आम आदमी पार्टी को 149 से 171 वार्डों में जीत हासिल हो सकती है। एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा 69 से 91 वर्षों तक ही सीमित रह जाएगी। कांग्रेस की स्थिति तो बेहद खराब है और उसे 3 से 7 वार्डो में जीत मिल सकती है। 5 से 9 वार्डों में दूसरे उम्मीदवार विजयी हो सकते हैं।

टाइम्स नाउ-ईटीजी

टाइम्स नाउ-ईटीजी के एग्जिट पोल के अनुसार भी आप भाजपा से काफी आगे निकलती हुई दिख रही है। एग्जिट पोल में निष्कर्ष निकाला गया है कि दिल्ली के एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी को 146 से 156 वार्डों में जीत हासिल हो सकती है। इस एग्जिट पोल में भी भाजपा पिछड़ती हुई दिख रही है और उसे 84 से 94 वार्डों में जीत मिल सकती है। कांग्रेस को 6 से 10 वार्डों में जीत मिल सकती है जबकि अन्य उम्मीदवारों के खाते में चार वार्ड जा सकते हैं।

TV 9

TV9 के एग्जिट पोल के अनुसार भी आम आदमी पार्टी भारी बढ़त लेती हुई दिख रही है। आप को 145 वार्डों में जीत हासिल हो सकती है जबकि भाजपा 94 वार्डों में सिमट सकती है। कांग्रेस की हालत काफी खराब नजर आ रही है और उसे सिर्फ 8 वार्डों में जीत मिल सकती है। 3 वार्डों में अन्य उम्मीदवार जीत हासिल कर सकते हैं।

जन की बात

जन की बात के एग्जिट पोल में भी आप की आंधी चलती हुई नजर आ रही है। आम आदमी पार्टी को 159 से 175 वार्डों में जीत हासिल हो सकती है। भाजपा को 70 से 92 वार्डों में जीत मिलने का अनुमान लगाया गया है जबकि 4 से 7 वार्डों में कांग्रेस उम्मीदवारों को जीत मिल सकती है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story