×

MCD Election 2022: दिल्लीवासियों के लिए जरूरी खबर, 4 दिसंबर को समय में बदलाव के साथ चलेंगी मेट्रो ट्रेनें

MCD Election 2022: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने इस बाबत जानकारी दी है। यह फैसला मतदान के दिन ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की सुविधा के लिए लिया गया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 2 Dec 2022 7:25 AM GMT
MCD Election 2022
X

MCD Election 2022 (फोटो: सोशल मीडिया )

MCD Election 2022: दिल्ली में रहने वाले मेट्रो रेल यात्रियों के लिए एक बेहद अहम खबर है। 4 दिसंबर यानी रविवार के दिन राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली नगर निगम के चुनाव होने हैं। लिहाजा मेट्रो ट्रेन सेवाओं के समय में बदलाव किया गया है। रविवार को पांच बजे के बजाय सुबह 4 बजे से ही मेट्रो ट्रेनें चलने लगेंगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने इस बाबत जानकारी दी है। यह फैसला मतदान के दिन ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की सुविधा के लिए लिया गया है।

डीएमआरसी द्वारा जारी बयान के अनुसार, रविवार 4 दिसंबर 2022 को दिल्ली नगर निगम चुनाव के दिन सभी लाइनों पर दिल्ली मेट्रो ट्रेन की सेवाएं सभी टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4 बजे से शुरू होंगी। ट्रेनें रविवार सुबह छह बजे तक सभी लाइनों पर आधे घंटे के अंतराल पर चलेंगी। वहीं, सुबह 6 बजे के बाद पूरे दिन मेट्रो ट्रेनें सामान्य समय सारिणी के अनुसार चलेंगी।

दिल्ली में 4 दिन रहेगा ड्राइ डे

एमसीडी चुनाव के मद्देनजर दिल्ली में 4 दिन ड्राइ डे रहेगा यानी शराब की बिक्री पर रोक रहेगी। आबकारी विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, 2 से 4 दिसंबर तक शराब की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। सात दिसंबर यानी मतगणना के दिन भी दिल्ली में भी शराब की बिक्री पर रोक रहेगी। अधिसूचना में यह कहा गया कि शुक्रवार 2 दिसंबर 2022 के शाम साढ़े 5 बजे से रविवार 4 दिसंबर के शाम साढ़े 5 बजे तक ड्राई डे लागू रहेगा।

आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार का शोर

दिल्ली में आज शाम पांच बजे एमसीडी इलेक्शन के लिए चल रहा चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। दिल्ली के 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर को मतदान होगा और सात दिसंबर को नतीजे आएंगे। मुख्य मुकाबला सत्ताधारी बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच है। केंद्र सरकार ने इस साल तीनों निगमों – उत्तरी,पूर्वी और दक्षिणी को मिलाकर एक निगम कर दिया है और सीटों की संख्या भी घटाकर 250 कर दी है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story